Rajya Sabha Election Candidate: दलितों के चहेते, संघ का लंबा साथ… कौन हैं गद्दावर नेता विद्यासागर सोनकर? BJP ने फिर जताया बड़ा भरोसा

Rajya Sabha Election Candidate: दलितों के चहेते, संघ का लंबा साथ… कौन हैं गद्दावर नेता विद्यासागर सोनकर? BJP ने फिर जताया बड़ा भरोसा


Last Updated:

Lucknow News: भारतीय जनता पार्टी ने यूपी के राज्यसभा सीट के लिए 8 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, जिसमें दलित समुदाय के बड़े नेता विद्यासागर सोनकर का भी नाम शामिल है. बता दें कि जातीय समीकरण के हिसाब से प्रदेश अध्यक्ष के पद पर विद्यासागर सोनकर फिट बैठते दिखाई दे रहे हैं.

Zoom

भाजपा नेता विद्यासागर सोनकर

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राज्यसभा सीट के लिए भाजपा ने अपने 8 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. इस लिस्ट में बीजेपी ने दलित समुदाय को साधने के लिए एमएलसी विद्यासागर सोनकर का नाम भी शामिल किया है. बता दें कि जातीय समीकरण के हिसाब से प्रदेश अध्यक्ष के पद पर विद्यासागर सोनकर फिट बैठते दिखाई दे रहे हैं. दलित समुदाय के बड़े नेता विद्यासागर सोनकर ने साल 1985 में बीजेपी के बूथ अध्यक्ष और 1989 में सभासद का चुनाव जीतकर सियासत में कदम रखा था.

जमीन से जुड़े विद्यासागर सोनकर शुरू से ही संगठन से जुड़े हुए हैं और बूथ कार्यकर्ता से लेकर पार्टी के कई अहम जिम्मेदारियों को उन्होंने संभाला. बता दें कि विद्यासागर सोनकर मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले हैं और भाजपा के कद्दावर दलित चेहरों में गिने जाते हैं. वे जौनपुर (मछलीशहर) से लोकसभा सांसद और उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) के सदस्य के साथ-साथ पार्टी के प्रदेश महामंत्री भी रहे हैं.

पढ़ाई के दौरान ही थामा संघ का हाथ
विद्यासागर सोनकर का जन्म 21 जुलाई 1961 को पूर्वांचल के जौनपुर जिले के सुखीपुर में हुआ था. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने संघ का हाथ थाम लिया और बीजेपी के बूथ अध्यक्ष बन गए. इसके बाद उन्होंने जौनपुर से सभासद का पद संभाला और फिर 1996 में सैदपुर संसदीय सीट से बीजेपी सांसद चुने गए. उन्होंने प्रदेश की कार्य समिति में भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई. हालांकि साल 2009 के लोकसभा और साल 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार मिली, लेकिन उनका हौंसला कम नहीं हुआ.

2022 के चुनाव में मिली थी अहम जिम्मेदारी
साल 2017 में हार के बाद भी भाजपा ने उनका साथ नहीं छोड़ा और भरोसा जताते हुए एमएलसी बना दिया. इसके बाद साल 2022 के विधानसभा चुनाव में विद्यासागर सोनकर ने अपनी बड़ी भूमिका अदा की और भाजपा की सीट बढ़ाई. साल 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले लोगों तक पहुंचने के लिए जो 6 यात्राएं निकाली गई थीं, उसकी जिम्मेदारी विद्यासागर सोनकर जी को ही सौंपी गई थी. अब एक बार फिर भाजपा ने उनपर भरोसा जताते हुए राज्यसभा सीट के लिए उनका नाम शामिल किया है. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या पार्टी के इस विश्वास पर विद्यासागर सोनकर खरा उतर पाते हैं.



Source link