Last Updated:
भोपाल में पिछले कई दिनों से शिक्षकों का प्रदर्शन चल रहा है. इस प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव को एक पत्र लिखा है और उनकी मांगों पूरा करने की अपील की है. इसके अलावा, उन्होंने स्कूलों में खाली शिक्षकों के खाली पदों को भरने की भी मांग की है. वहीं, प्रदशर्नकारी 10 हजार पदवृद्धि की मांग कर रहे हैं.
राहुल गांधी ने सीएम मोहन यादव को पत्र लिखा है. (फोटो साभारः फेसबुक)
भोपाल. भोपाल में पिछले 8 दिनों टीचर्स का प्रोटेस्ट चल रहा हैं. अभ्यर्थी वर्ग 1 शिक्षक भर्ती 2023 में पदवृद्धि की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. आज सीएम आवास का घेराव का ऐलान किया है. यह आंदोलकारी ने 10 हजार पदों की वृद्धि की मांग कर रहे हैं. इस बीच राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम एक पत्र लिखा है. यह पत्र वर्ग 2 और वर्ग 3 को लेकर लिखा है. राहुल गांधी ने सरकार से पद वृद्धि की मांग की है. उन्होंने एमपी सरकार पर आरोप लगाया कि भूख हड़ताल पर बैठे अभ्यर्थियों से बातचीत की जगह उन्हें नोटिस दिए जा रहे हैं.
राहुल गांधी ने अपने पत्र में लिखा, “मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहले से ही एक लाख से ज़्यादा शिक्षकों के पद खाली हैं. इसका सीधा असर हमारे बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है. शिक्षक भर्ती-2025 में वर्ग-3 के केवल 13089 और वर्ग-2 के केवल 10800 पदों पर भर्ती निकाली गई है. युवा अभ्यर्थियों की मांग है कि शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाई जाए, जिससे बच्चों को बेहतर शिक्षा और हजारों युवाओं को पक्की नौकरी भी मिलेगी.”
राहुल गांधी ने लिखा, “कई अभ्यर्थी परीक्षा में अच्छे अंक लाए हैं, और कई अतिथि शिक्षक के रूप में पढ़ा भी रहे हैं, लेकिन सीमित पदों के कारण वे पक्की नौकरी से वंचित हैं. इंतजार करते-करते कई आयु सीमा के करीब पहुंच चुके हैं. आपसे अनुरोध है कि आंदोलन पर बैठे अभ्यर्थियों को भेजे गए नोटिस तुरंत वापस लिए जाएं. सरकार प्रतिनिधियों से मिलकर उनकी बात सुनी जाए. सरकार वर्ग-2 एवं वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि और दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू करें.”
शिक्षक पदों को बढ़ाने की मांग
राहुल गांधी के इस पत्र को मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है. इस पत्र को शेयर करते हुए लिखा, “राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश में शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि की मांग को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव जी को पत्र लिखा. उन्होंने लिखा कि- इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान शिक्षक अभ्यर्थियों ने वर्ग-2 और वर्ग-3 की भर्ती में पदवृद्धि का मुद्दा उठाया था. आंदोलन और भूख हड़ताल कर रहे अभ्यर्थियों की मांग है कि भर्ती में शिक्षक पदों की संख्या बढ़ाई जाए.”
पदवृद्धि और काउंसलिंग की मांग
पोस्ट में आगे लिखा है, “लेकिन सरकार उन्हें नोटिस भेज कर डराने की कोशिश कर रही है. नेता विपक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि सरकार आंदोलन पर बैठे अभ्यर्थियों को भेजे गए नोटिस तुरंत वापस ले, उनकी जायज मांगों को सुने. साथ ही, वर्ग-2 एवं वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि और दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू करें.”