LIVE : ‘2 कचौड़ी, एक समोसा, BPSSC का क्या भरोसा’, पटना में पोस्टर लेकर सड़क पर उतरे दरोगा अभ्यर्थी; JP गोलंबर पर लगे कटीले तार

LIVE : ‘2 कचौड़ी, एक समोसा, BPSSC का क्या भरोसा’, पटना में पोस्टर लेकर सड़क पर उतरे दरोगा अभ्यर्थी; JP गोलंबर पर लगे कटीले तार


पटना. बिहार में 1799 पदों वाली दरोगा भर्ती की मेंस परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में अभ्यर्थी सोमवार को सड़क पर उतर आए. बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पटना के JP गोलंबर पहुंचे, जहां पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया. प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है. अभ्यर्थियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए कंटीले तार भी लगाए गए हैं.

अभ्यर्थियों के हाथों में अलग-अलग पोस्टर नजर आए. इन पोस्टरों पर BPSSC के खिलाफ नारे लिखे हुए हैं. एक पोस्टर पर लिखा है, ‘एक सुट्टा, दो चाय, BPSSC हाय-हाय है… 2 कचौड़ी, एक समोसा, BPSSC का क्या भरोसा’. अभ्यर्थियों का कहना है कि वे अपनी मांग को लेकर पिछले सात दिनों से गर्दनीबाग धरना स्थल पर बैठे हैं, लेकिन अब तक उनकी बात नहीं सुनी गई है.

JP गोलंबर पर पुलिस ने रोका

दरोगा अभ्यर्थियों के JP गोलंबर पहुंचने की सूचना के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी. गोलंबर के पास बैरिकेडिंग कर अभ्यर्थियों को रोक दिया गया. उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने कंटीले तार लगाए हैं. मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है.

डाकबंगला पर भी बैरिकेडिंग

प्रदर्शन को देखते हुए डाकबंगला चौराहे पर भी बैरिकेडिंग की गई है. पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ाने के साथ ही आवाजाही को नियंत्रित किया है. इससे आसपास के रास्तों पर यातायात प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है.

सात दिन से धरने पर बैठे हैं अभ्यर्थी

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले सात दिनों से गर्दनीबाग धरना स्थल पर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. उनका आरोप है कि लगातार धरने के बावजूद उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है. इसी वजह से अभ्यर्थियों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने का फैसला लिया.

1799 पदों की भर्ती परीक्षा को लेकर विवाद

दरोगा भर्ती के 1799 पदों को लेकर आयोजित मेंस परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में अभ्यर्थी आंदोलन कर रहे हैं. उनका कहना है कि परीक्षा रद्द होने से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है. इसी मुद्दे को लेकर वे लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं.

फिलहाल JP गोलंबर और डाकबंगला इलाके में पुलिस की तैनाती के बीच अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी है. प्रशासन की ओर से अभ्यर्थियों से बातचीत या उनकी मांगों पर क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर नजर बनी हुई है.



Source link