Saharanpur: कभी तार टूटकर गिरे, कभी घरों में दौड़ा करंट…33 KV लाइन के नीचे दहशत में जी रहे न्यू नंदपुरी के लोग

Saharanpur: कभी तार टूटकर गिरे, कभी घरों में दौड़ा करंट…33 KV लाइन के नीचे दहशत में जी रहे न्यू नंदपुरी के लोग


Last Updated:

Saharanpur Electricity Line Danger: सहारनपुर की न्यू नंदपुरी कॉलोनी में 33 केवी बिजली लाइन लोगों के लिए परेशानी और डर की वजह बनी हुई है. कॉलोनी के सैकड़ों घरों के ऊपर से गुजर रही इस लाइन को लेकर स्थानीय लोग लंबे समय से शिकायत करते आ रहे हैं. उनका कहना है कि कई बार तार टूटकर घरों के ऊपर गिर चुके हैं और बरसात में घरों में करंट आने का डर बना रहता है. दो साल पहले मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद तार बदलने की बात कही गई थी, लेकिन लोगों का कहना है कि पोल की ऊंचाई बढ़ाने की मांग अब तक पूरी नहीं हुई. महिलाएं और बच्चे भी हादसे के डर से छत पर जाने से बचते हैं. जानिए आखिर क्यों सालों बाद भी कॉलोनी के लोगों का डर खत्म नहीं हुआ है.

सहारनपुर: सहारनपुर के वार्ड नंबर 26 की न्यू नंदपुरी कॉलोनी में रहने वाले लोगों के लिए घर की छत पर जाना भी डर का कारण बन गया है. कॉलोनी में सैकड़ों घरों के ऊपर से 33 केवी की बिजली लाइन गुजर रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार तार टूटकर घरों के ऊपर गिर चुके हैं और कुछ लोगों को छत पर काम करने के दौरान करंट भी लग चुका है. बरसात के दिनों में परेशानी और बढ़ जाती है, क्योंकि लोगों के मुताबिक घरों में करंट उतरने का डर बना रहता है.

कॉलोनी के लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है. करीब दो साल पहले उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर बिजली लाइन को हटाने या फिर बिजली के पोल की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की थी. शिकायत के बाद तार बदलने और पोल की ऊंचाई बढ़ाने का आश्वासन दिया गया था. अब करीब दो साल बाद बिजली विभाग की टीम पुराने तार बदलने पहुंची, लेकिन पोल की ऊंचाई बढ़ाने की दिशा में काम नहीं हुआ. इससे स्थानीय लोगों की परेशानी अभी भी बनी हुई है.

छत पर जाने से भी डरते हैं लोग

निवासी रजनीश कुमार ने Local18 से बातचीत में बताया कि जब से वह यहां रह रहे हैं, तभी से 33 केवी लाइन की समस्या देख रहे हैं. उनके मुताबिक समय-समय पर इस लाइन की वजह से हादसे होते रहते हैं और घरों के ऊपर से बिजली की लाइन गुजरने के कारण लोगों में डर बना रहता है.  उन्होंने बताया कि कॉलोनी के लोगों ने ऑनलाइन मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की थी. इसमें बिजली लाइन को घरों से हटाने की मांग की गई थी. शिकायत के बाद उन्हें बताया गया कि फिलहाल लाइन हटाना संभव नहीं है, लेकिन तार बदले जाएंगे और बिजली के पोल की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी. उनका कहना है कि दो साल बाद विभाग की टीम तार बदलने तो आई, लेकिन पोल की ऊंचाई बढ़ाने की बात आगे नहीं बढ़ी.

बारिश में बढ़ जाता है करंट का डर

स्थानीय लोगों के मुताबिक बरसात के मौसम में स्थिति और ज्यादा चिंताजनक हो जाती है. उनका कहना है कि कई बार घरों में करंट आने जैसी स्थिति बन जाती है. महिलाएं और बच्चे भी डर की वजह से घर की छत पर जाने से बचते हैं. गोपाल नाम के निवासी ने बताया कि इस बिजली लाइन की वजह से कई बार घरों में करंट आने की समस्या सामने आई है. उनके मुताबिक कुछ समय पहले एक व्यक्ति को भी करंट लग गया था और इसकी जानकारी प्रशासन को दी गई थी. इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ.

बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं परिवार

कॉलोनी के लोगों का कहना है कि सबसे ज्यादा चिंता बच्चों को लेकर रहती है. घरों के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन के कारण परिवारों को डर रहता है कि कहीं कोई बच्चा इसकी चपेट में न आ जाए. एक महिला निवासी ने कहा कि उनकी मांग सिर्फ इतनी है कि बिजली की लाइन को घरों के ऊपर से हटाया जाए. उनका कहना है कि घर में कई बार करंट आने की समस्या होती है और बारिश के दौरान यह परेशानी लगातार बनी रहती है.

तारों से आवाज आने की भी शिकायत

मोहल्ले के लोगों का कहना है कि बिजली के तारों से लगातार करंट की आवाज सुनाई देती है. घरों में रहते हुए भी लोगों को डर लगा रहता है. उनका कहना है कि पूरी कॉलोनी में इस लाइन को लेकर दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों की मांग है कि सिर्फ पुराने तार बदलने के बजाय बिजली लाइन की ऊंचाई और सुरक्षा व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जाए, ताकि घरों में रहने वाले लोगों को राहत मिल सके और किसी बड़े हादसे का खतरा कम हो.



Source link