Last Updated:
BJP Leader Satish Poonia Jhunjhunu Visit : पंजाब के प्रभारी बनाए जाने के बाद पहली बार झुंझुनूं विजिट पर आए बीजेपी के राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया पंजाब को लेकर फुल कॉन्फिडेंस में नजर आए. उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है उसे वे यकीन में बदलने का प्रयास करेंगे. पूनिया ने INDI गठबंधन को जुगाड़ जैसा गठबंधन बताते हुए कहा कि उसमें शामिल पार्टियां अलग-अलग दिशाओं में चलने वाले घोड़ों की तरह हैं.
पंजाब को लेकर सतीश पूनिया ने कहा कि वहां एंटी-इंकम्बेंसी दिखाई दे रही है. (फोटो साभार-x.com/DrSatishPoonia)
झुंझुनूं. भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद पहली बार झुंझुनूं दौरे पर पहुंचे राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया ने पंजाब की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है. पंजाब के प्रभारी बनाए गए डॉ. पूनिया ने कहा कि भाजपा पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी. उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है उसे वे यकीन में बदलने का प्रयास करेंगे. डॉ. पूनिया ने कहा कि जम्मू-कश्मीर और पंजाब को भाजपा के लिए चुनौतीपूर्ण माना जाता रहा है. लेकिन पिछले कुछ समय में पार्टी ने अपनी नीतियों और कार्यक्रमों के जरिए पंजाब में अपनी जगह बनाई है.
डॉ. सतीश पूनिया ने ओडिशा, पश्चिम बंगाल और हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा ने कई राज्यों में सीमित राजनीतिक आधार से शुरुआत कर सरकार बनाने तक का सफर तय किया है. उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की नीतियों के कारण डबल इंजन सरकार का कॉन्सेप्ट कई राज्यों ने अपनाया है और पंजाब भी इसे अपनाएगा.
INDI दल अलग-अलग दिशाओं में चलने वाले घोड़ों की तरह हैं
पूनिया ने INDI गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि इसमें शामिल दल अलग-अलग दिशाओं में चलने वाले घोड़ों की तरह हैं. उन्होंने इसे ‘जुगाड़ जैसा गठबंधन’ बताते हुए कहा कि इन दलों की दिशाएं एक नहीं हैं और देश में इसका कोई भविष्य नहीं है. पंजाब कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने के सवाल पर पूनियां ने कांग्रेस के भीतर खींचतान का दावा किया. उन्होंने कहा कि राजा वडिंग का बयान सुन लीजिए. रंधावा जी का फेस पढ़िए और चन्नी जी गायब हैं.
हरियाणा में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद पार्टी को अच्छा परिणाम मिला
उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस के भीतर इस फैसले को लेकर एक तरह की आग है. इसका असर आने वाले चुनावों में दिखाई दे सकता है. पंजाब का प्रभारी बनाए जाने को लेकर डॉ. पूनिया ने कहा कि वे पार्टी के कार्यकर्ता हैं और जो जिम्मेदारी मिलती है उसे पूरी शिद्दत से निभाते हैं. पार्टी ने उन पर भरोसा किया है तो वे भी उस भरोसे को यकीन में बदलेंगे. डॉ. पूनिया ने हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद पार्टी को अच्छा परिणाम मिला. अब पंजाब और जम्मू-कश्मीर में भी भाजपा संगठन को मजबूत करने और अपनी राजनीतिक जमीन बढ़ाने पर काम करेगी.