Last Updated:
Agniveer Recruitment Rally 2026: उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के युवाओं के लिए अग्निवीर भर्ती रैली आज से शुरू हो गई है. यह रैली 12 अक्टूबर 2026 तक चलेगी. अग्निवीर भर्ती रैली में शारीरिक परीक्षा और दस्तावेजों की जांच की जा रही है. इसके लिए अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाण पत्र और आधार लिंक मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य है.
Agniveer Recruitment Rally 2026: अग्निवीर भर्ती रैली से पहले सभी डॉक्यूमेंट्स डबल चेक कर लें
नई दिल्ली (Agniveer Recruitment Rally 2026). देश की सेवा करने और सेना की वर्दी पहनने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए यह समय बेहद खास है. उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सभी जिलों के युवाओं के लिए रुड़की में अग्निवीर भर्ती रैली की शुरुआत हो चुकी है. यह 12 अक्टूबर 2026 तक चलेगी. मध्य कमान प्रशासन ने अग्निवीर भर्ती रैली का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. इसके तहत दोनों राज्यों के विभिन्न जिलों के अभ्यर्थी निर्धारित तिथियों पर रैली स्थल पर पहुंच रहे हैं.
अग्निवीर रैली में क्या होता है?
अग्निवीर भर्ती रैली भारतीय सेना में युवाओं को शॉर्ट-सर्विस के तहत जोड़ने की बेहतरीन योजना है. लिखित परीक्षा पास करने के बाद जो अभ्यर्थी रैली स्थल पर पहुंचते हैं, उन्हें कठोर शारीरिक मानकों से गुजरना पड़ता है. इस चरण में 1.6 किलोमीटर की दौड़, पुश-अप्स, जिगजैग बैलेंस और बीम जैसी शारीरिक क्षमता की परीक्षाएं होती हैं. दौड़ और फिजिकल टेस्ट में सफल युवाओं का मेडिकल टेस्ट किया जाता है. डॉक्यूमेंट्स वेरिफाई करने के बाद फाइनल लिस्ट तैयार की जाती है.
यूपी-उत्तराखंड अग्निवीर रैली का शेड्यूल
मध्य कमान के जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप सिंह के अनुसार, यह भर्ती मुख्य रूप से अग्निवीर क्लर्क-एसकेटी और अन्य श्रेणियों के लिए आयोजित की जा रही है. जानिए किस तारीख को किस जिले के युवाओं की बारी है:
5 अक्टूबर
- उत्तराखंड- अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, उधम सिंह नगर, चंपावत, पिथौरागढ़
- उत्तर प्रदेश- बहराइच, बलरामपुर, बरेली, बदायूं, फर्रुखाबाद, हरदोई, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, संभल, शाहजहांपुर, श्रावस्ती, सीतापुर
6 अक्टूबर
- यूपी- अमेठी, अंबेडकरनगर, अयोध्या, बस्ती, कौशाम्बी, कुशीनगर, महाराजगंज, प्रयागराज, प्रतापगढ़, रायबरेली, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर और सुलतानपुर
7 अक्टूबर
- उत्तर प्रदेश- बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर
8 अक्टूबर
- यूपी- गौतमबुद्धनगर, अमरोहा, रामपुर, सहारनपुर, शामली, आगरा, एटा, झांसी, कासगंज और जालौन
9 अक्टूबर
- उत्तर प्रदेश- ललितपुर, अलीगढ़, इटावा, फिरोजाबाद, हाथरस, मैनपुरी और मथुरा
10 अक्टूबर
- उत्तर प्रदेश- राजधानी लखनऊ के साथ-साथ औरैया, बांदा, बाराबंकी, चित्रकूट, फतेहपुर, हमीरपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, महोबा और उन्नाव
11 अक्टूबर
- उत्तराखंड- चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी
- उत्तर प्रदेश- बलिया, गोरखपुर, भदोही
12 अक्टूबर
- उत्तर प्रदेश- जौनपुर, मऊ, मिर्जापुर, वाराणसी, गाजीपुर, देवरिया, सोनभद्र, आजमगढ़ और चंदौली.
अग्निवीर भर्ती रैली के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट्स
सेना की भर्ती में जरा सी चूक भी भारी पड़ सकती है. रैली स्थल पर जाने से पहले अपने सभी कागजात दुरुस्त कर लें. एडमिट कार्ड, पैन कार्ड और आधार कार्ड अनिवार्य रूप से साथ रखना होगा. ऑनलाइन वेरिफिकेशन के लिए आधार से लिंक्ड मोबाइल फोन साथ लेकर जाएं. पुलिस चरित्र प्रमाणपत्र, 20 रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र, मूल निवास, जाति, स्कूल चरित्र, अविवाहित होने का प्रमाणपत्र और धर्म से जुड़ा प्रमाण पत्र जरूर रखें.
अगर एनसीसी (NCC) या खेलकूद का सर्टिफिकेट है तो उसे भी जरूर साथ लाएं. सभी मूल दस्तावेजों की 3-3 फोटोकॉपी के सेट तैयार रखना न भूलें.