Last Updated:
Places to Visit in Nainital: नैनीताल घूमने वाले पर्यटक अक्सर माल रोड और झील के आसपास ही घूमकर लौट जाते हैं, लेकिन शहर की पुरानी पहचान और स्थानीय जिंदगी को करीब से देखना है तो तल्लीताल बाजार की गलियां जरूर घूमें. बस से उतरते ही शुरू होने वाला यह पुराना बाजार आज भी स्थानीय लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों का अहम हिस्सा है. यहां पुरानी दुकानों, संकरी गलियों और पहाड़ी बाजार की रौनक के साथ कई ऐसी चीजें भी देखने और खाने को मिलती हैं, जो इसे बाकी बाजारों से अलग बनाती हैं. जानिए तल्लीताल बाजार में ऐसा क्या खास है, जो आपकी नैनीताल यात्रा को एक अलग अनुभव दे सकता है.
नैनीताल घूमने आने वाले पर्यटक अक्सर माल रोड, भोटिया मार्केट और तिब्बती मार्केट की चमक में खो जाते हैं. लेकिन अगर आप शहर की असली रौनक और पहाड़ी बाजार को करीब से देखना चाहते हैं, तो तल्लीताल बाजार की गलियों में जरूर जाएं. बस से तल्लीताल उतरते ही शुरू होने वाला यह बाजार नैनीताल की पुरानी पहचान और रोजमर्रा की जिंदगी की झलक दिखाता है.
तल्लीताल बाजार को नैनीताल के पुराने बाजार क्षेत्रों में गिना जाता है. यहां की दुकानों और गलियों में आज भी पुराने नैनीताल की तस्वीर दिखाई देती है. कुछ दुकानें और घर आज भी पुरानी शैली के हैं, हालांकि समय के साथ शहर में कई नए बाजार और शॉपिंग एरिया विकसित हुए, लेकिन तल्लीताल की अपनी अलग पहचान बनी हुई है. यहां आपको आधुनिक दुकानों के साथ पुराने अंदाज की कई दुकानें भी नजर आएंगी.
तल्लीताल बाजार की खासियत यह है कि इसकी रौनक केवल पर्यटकों के भरोसे नहीं है. स्थानीय लोग भी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए इसी बाजार का रुख करते हैं. सुबह से शाम तक बाजार में खरीदारी करते लोग, इस जगह को और खास बनाते हैं, यही वजह है कि यहां देर शाम तक रौनक बनी रहती है. यहां घूमते हुए आपको नैनीताल का एक अलग अनुभव मिलता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इस बाजार में आपको रोजमर्रा की जरूरत का सामान, कपड़े, खाने-पीने की चीजें, फास्ट फूड सेंटर, सब्जियों की दुकानें, रेस्टोरेंट और कई तरह की छोटी-बड़ी दुकानें देखने को मिलती हैं. बाजार की गलियों में चलते हुए कहीं खरीदारी करते स्थानीय लोग नजर आते हैं, तो वहीं दूसरी तरफ पर्यटक भी इस बाजार में घूमते हैं, हालांकि ज्यादातर पर्यटक इस बाजार को इग्नोर कर देते हैं.
माल रोड पर जहां पर्यटकों की भीड़ और झील का खूबसूरत नजारा आकर्षण का केंद्र रहता है, वहीं तल्लीताल बाजार में आपको स्थानीय पहाड़ी बाजार की असली रौनक देखने को मिलती है. यहां घूमते हुए महसूस होता है कि नैनीताल सिर्फ झील, पहाड़ और पर्यटन स्थलों का शहर नहीं, बल्कि यहां की गलियां और बाजार बेहद खूसबूरत हैं.
अगर आप फोटो खींचने के शौकीन हैं तो तल्लीताल बाजार आपको कई अच्छे फ्रेम दे सकता है. पुरानी दुकानों के बोर्ड, बाजार की संकरी गलियां, सामान से सजी दुकानें, खरीदारी करते लोग और आसपास के पहाड़ और पुरानी दुकानें तस्वीरों को खास बनाती है, यहां की तस्वीरों में आपको नैनीताल का पुराना स्वरूप नजर आएगा.
तल्लीताल पहुंचने वाले कई पर्यटक बस से उतरने के बाद सीधे माल रोड या नैनीताल के दूसरे पर्यटन स्थलों की ओर निकल जाते हैं. इसी वजह से नैनीताल का यह पुराना बाजार कई बार पर्यटकों के घूमने की लिस्ट से बाहर हो जाता है. लेकिन अगर आपके पास थोड़ा समय है तो इस बाजार की गलियों में कुछ देर घूमना आपको शहर को एक अलग अनुभव दे सकता है.
नैनीताल में सिर्फ झील, माल रोड और आसपास के पर्यटक स्थल ही नहीं बल्कि शहर की पुरानी पहचान यहां के स्थानीय बाजार भी बेहद खूबसूरत हैं, इन बाजारों में घूमकर आप पहाड़ी जीवन शैली की झलक भी देख सकते हैं. स्थानीय निवासी मनोज बताते हैं कि पुराने समय में तल्लीताल की लोटे वाले की जलेबी काफी प्रसिद्ध थी, साथ ही आज यहां निरुज रेस्टोरेंट की बनटिक्की, और चाइनीज फूड बेहद प्रसिद्ध है. अगर आप नैनीताल घूमने आ रहे हैं तो जरूर इस बाजार की घूमें.