भारत को विकसित अर्थव्यवस्था बनाने के लिए सिर्फ बड़ी कंपनियों का बढ़ना काफी नहीं है. छोटे कारोबार और मिड लेवल के इंडस्ट्री का मजबूत होना भी जरूरी है. इसी टारगेट को ध्यान में रखते हुए सरकार GST व्यवस्था में लगातार बदलाव कर रही है. साल 2017 में लागू हुआ GST अब सुधारों के अगले दौर में पहुंच चुका है. इसे Next-Gen GST का नाम दिया गया है. इसका मकसद टैक्स की दरों को ज्यादा सरल बनाना और कारोबारियों के लिए नियमों का पालन आसान करना है. नई GST दरें 22 सितंबर 2025 से लागू हो चुकी हैं. अब प्रोसेस से जुड़े कुछ और बदलावों पर काम हो रहा है.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के अनुसार, GST सुधारों से आम परिवारों को राहत मिलने के साथ कारोबार को भी बढ़ावा मिल सकता है. सरकार चाहती है कि टैक्स भरने के प्रोसेस में कम समय लगे और कारोबारियों को नियमों को लेकर ज्यादा स्पष्टता मिले. राज्यों ने भी इन सुधारों को तैयार करने में अहम भूमिका निभाई है.
GST कलेक्शन में मजबूत बढ़ोतरी
GST सुधारों के बीच टैक्स कलेक्शन में भी अच्छी वृद्धि देखने को मिली है. अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच सकल GST कलेक्शन 12.46 लाख करोड़ रुपये रहा. यह पिछले साल की समान अवधि से 11.6% अधिक है. जून से सितंबर के दौरान हर महीने GST कलेक्शन में सालाना आधार पर दो अंकों की बढ़ोतरी हुई. इन चार महीनों में कुल कलेक्शन करीब 15% बढ़ा. रिफंड देने के बाद भी सरकार का नेट GST रेवेन्यू 10.4% बढ़ा. इससे संकेत मिलता है कि टैक्स दरों में बदलाव के बावजूद सरकारी रेवेन्यू में मजबूती बनी हुई है. साथ ही, कारोबार से जुड़ी गतिविधियों में भी विस्तार हुआ है.
कारोबार और ग्राहकों की मांग बढ़ी
अक्टूबर 2025 से जुलाई 2026 के बीच रिपोर्ट की गई टैक्सेबल सप्लाई में 25.8% की बढ़ोतरी हुई. यह बढ़ोतरी देश के सभी 11 प्रमुख सेक्टर ग्रुप और बड़े राज्यों में देखने को मिली. यानी GST से जुड़ी आर्थिक गतिविधि किसी एक सेक्टर तक सीमित नहीं रही. ग्राहकों को सीधे बेची गए सामान और सर्विसेस की बिक्री यानी B2C बिक्री में भी 26.7% की वृद्धि हुई. टैक्स में कमी का फायदा अगर कीमतों में मिलता है, तो परिवारों के पास दूसरे खर्च या बचत के लिए ज्यादा पैसा बच सकता है. इससे बाजार में मांग बढ़ती है. मांग बढ़ने का फायदा दुकानदारों, सप्लायर्स और निर्माताओं तक पहुंचता है.
छोटे कारोबारियों के लिए बढ़े मौके
GST का एक समान टैक्स स्ट्रक्चर छोटे कारोबारियों के लिए भी अहम है. टियर-2 और टियर-3 शहरों में मौजूद कारोबारी अब अपने आसपास के बाजार तक सीमित रहने के बजाय दूसरे राज्यों में भी ग्राहकों तक पहुंच बना सकते हैं. कारोबार बढ़ने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और निवेश के अवसर पैदा हो सकते हैं. दूसरी ओर, बड़ी कंपनियों के छोटे शहरों में आने से स्थानीय सप्लायर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स को भी फायदा मिल सकता है. आसान GST प्रशासन इस तरह के कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद कर सकता है.
GST रजिस्ट्रेशन और रिटर्न फाइलिंग बढ़ी
अगस्त 2026 के अंत तक सेंट्रल और राज्यों के अधिकार सेक्टर में करीब 1.71 करोड़ GST रजिस्ट्रेशन हो चुके थे. यह एक साल पहले के मुकाबले लगभग 15% ज्यादा है. वहीं, अप्रैल से जुलाई 2026 के टैक्स पीरियड में तय तारीख तक फाइल किए गए GSTR-3B रिटर्न में 12.6% की बढ़ोतरी हुई. इनपुट टैक्स क्रेडिट के इस्तेमाल में भी सुधार के संकेत मिले हैं. छोटे कारोबारियों के लिए यह खास तौर पर अहम है. सही तरीके से और समय पर टैक्स क्रेडिट मिलने से उनके कारोबार में पैसे की जरूरत को संभालना आसान हो सकता है.
अप्रैल से सितंबर के दौरान करीब 1.80 लाख करोड़ रुपये के GST रिफंड जारी किए गए. कारोबारियों के लिए रिफंड का समय पर मिलना जरूरी है, क्योंकि इससे वे खरीद और प्रोडक्शन की बेहतर योजना बना सकते हैं.
7 अक्टूबर को अगले सुधारों पर फैसला
GST सुधारों का अगला चरण भी जल्द सामने आ सकता है. 7 अक्टूबर को GST परिषद के सामने नए प्रस्ताव रखे जाने हैं. इनमें रजिस्ट्रेशन, रिटर्न, रिफंड, विवादों के समाधान और इनपुट टैक्स क्रेडिट से जुड़े बदलाव शामिल हैं. सरकार का टारेट GST कंप्लायंस में लगने वाले समय और खर्च को कम करना है. छोटे कारोबारियों के लिए यह ज्यादा जरूरी है, क्योंकि उनके पास बड़े कारोबार की तुलना में कम कर्मचारी और सीमित संसाधन होते हैं. अगर प्रोसेस आसान होता है, तो वे डॉक्यूमेंट्स के काम में कम समय लगाकर कारोबार बढ़ाने पर ज्यादा ध्यान दे सकेंगे. राज्यों को भी GST से बेहतर रेवेन्यू मिल रहा है. अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान राज्यों की कुल SGST रिसीप्ट, IGST सेटलमेंट में हिस्सेदारी समेत, करीब 16% बढ़ीं. इससे राज्यों के पास स्ट्रक्चर और पब्लिक सर्विसेस पर खर्च करने के लिए ज्यादा रिसोर्स उपलब्ध होते हैं.