Last Updated:
रोहतास के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ हथियार के बल पर दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोपी पड़ोसी युवक रात के अंधेरे में पीड़ित के घर घुसा था. पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
रोहतास में नाबालिग से रेप(सांकेतिक फोटो)
सासाराम: बिहार के रोहतास जिले से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है. यहां एक नाबालिग लड़की के साथ हथियार के बल पर दुष्कर्म किया गया है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. यह पूरी वारदात जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की है. पीड़ित लड़की की मां ने इस संबंध में बिक्रमगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
रात के अंधेरे में घर में घुसा आरोपी
शिकायत के अनुसार, घटना रात के वक्त हुई. पीड़ित नाबालिग अपने घर में मौजूद थी. उसी दौरान गांव का ही एक दबंग युवक अचानक घर में घुस आया. आरोपी के पास हथियार था.
उसने हथियार का भय दिखाकर नाबालिग को डराया-धमकाया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
पड़ोसी युवक पर लगा आरोप
पीड़िता के परिजनों का कहना है कि आरोपी उनके पड़ोस का ही रहने वाला युवक है. जान पहचान होने और पड़ोसी होने के बावजूद उसने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद से पीड़िता और उसका परिवार काफी डरा हुआ है.
मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है. पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है, ताकि कानूनी साक्ष्यों को मजबूत किया जा सके.
पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है. आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.