Last Updated:
New Sanganer Road JDA Encroachment Action: जयपुर के न्यू सांगानेर रोड पर सड़क चौड़ीकरण को लेकर जेडीए ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. कोर्ट के आदेश के बाद सोडाला तिराहे से गुर्जर की थड़ी तक सड़क को करीब 160 फीट चौड़ा करने की कवायद तेज कर दी गई है. जेडीए के प्रवर्तन दस्ते ने सोमवार को निर्माण और अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर चलाना शुरू किया. कार्रवाई के लिए करीब दो दर्जन बुलडोजर और पोकलेन मशीनें मौके पर तैनात की गई हैं. वहीं मलबा हटाने के लिए डंपर और ट्रैक्टर लगाए गए हैं. जेडीए पहले ही सड़क सीमा में आने वाले करीब 250 से 260 मकान और दुकानों को नोटिस दे चुका है. कई जगह पूरे मकान और दुकान सड़क सीमा में आ रहे हैं. कार्रवाई से प्रभावित व्यापारी और स्थानीय लोग मुआवजे की मांग कर रहे हैं. विरोध के बीच मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है.
जयपुर के न्यू सांगानेर रोड पर सड़क चौड़ीकरण को लेकर जेडीए ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है
जयुपर. राजधानी जयपुर के न्यू सांगानेर रोड पर सोमवार को जेडीए ने सड़क चौड़ीकरण को लेकर बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी. कोर्ट के आदेश के बाद सोडाला तिराहे से गुर्जर की थड़ी तक सड़क को चौड़ा करने की प्रक्रिया के तहत जेडीए के प्रवर्तन दस्ते ने मौके पर तोड़फोड़ शुरू की. इस कार्रवाई के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. जेडीए की टीम के साथ करीब दो दर्जन बुलडोजर और पोकलेन मशीनें मौके पर पहुंची हैं. तोड़फोड़ के बाद निकलने वाले मलबे को हटाने के लिए डंपर और ट्रैक्टर भी लगाए गए हैं.
न्यू सांगानेर रोड को करीब 160 फीट चौड़ा किया जाना है. जेडीए के मुताबिक मौजूदा समय में कई जगह सड़क की चौड़ाई महज 100 से 120 फीट तक है. सड़क चौड़ीकरण के लिए सड़क सीमा में आने वाले निर्माण और अतिक्रमणों का पहले ही सीमांकन किया जा चुका है. जेडीए की ओर से पूर्व में करीब 250 से 260 मकान और दुकानदारों को नोटिस भी दिए गए थे. नोटिस में सड़क सीमा में आ रहे निर्माण को सात दिन के भीतर हटाने के निर्देश दिए गए थे.
व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग की
अब जेडीए ने मौके पर कार्रवाई शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि सड़क सीमा में कई लोगों के पूरे मकान और दुकानें तक आ रही हैं. ऐसे में कार्रवाई शुरू होते ही प्रभावित लोगों और व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई है. व्यापारियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के कारण उनकी दुकानें और मकान प्रभावित हो रहे हैं, इसलिए उन्हें उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए. मुआवजे की मांग को लेकर व्यापारियों ने जेडीए की कार्रवाई का विरोध भी शुरू कर दिया है. मौके पर स्थिति को देखते हुए पुलिस का भारी जाब्ता तैनात किया गया है. जेडीए का प्रवर्तन दस्ता लगातार सड़क सीमा में आ रहे निर्माणों को हटाने में जुटा है. मशीनों से निर्माण तोड़े जा रहे हैं और इसके बाद मलबे को डंपर और ट्रैक्टरों की मदद से मौके से हटाया जा रहा है. कार्रवाई के दौरान प्रभावित दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर जुटे हुए हैं.
जेडीए को 6 अक्टूबर को कोर्ट में पालना रिपोर्ट पेश करनी है
दरअसल, जेडीए को 6 अक्टूबर को कोर्ट में इस मामले में पालना रिपोर्ट पेश करनी है. ऐसे में रिपोर्ट पेश करने से एक दिन पहले जेडीए ने सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई तेज कर दी है. जेडीए का फोकस सड़क सीमा में आ रहे निर्माणों को हटाकर निर्धारित चौड़ाई हासिल करने पर है, वहीं दूसरी ओर प्रभावित व्यापारी और स्थानीय लोग मुआवजे की मांग पर अड़े हैं. सड़क चौड़ीकरण और मुआवजे के मुद्दे को लेकर न्यू सांगानेर रोड पर माहौल गर्म बना हुआ है और जेडीए की कार्रवाई फिलहाल जारी है.