Last Updated:
Business Idea: देवघर के बरमसिया में नई दुकान खोलने की सोच रहे हैं? कारोबार शुरू करने से पहले यहां के पगड़ी और किराए का खेल समझना जरूरी है. लोकेशन के हिसाब से पगड़ी की रकम लाखों में पहुंच सकती है. एग्रीमेंट की शर्तें और हर महीने का किराया भी जेब पर असर डालेगा. पूरी जानकारी के बिना कदम न बढ़ाएं.
देवघरः देवघर को देवों की नगरी कहा जाता है. बाबा बैद्यनाथ की नगरी होने की वजह से यहां सालों से कारोबार का भी अपना अलग रंग देखने को मिलता है. शहर में कई ऐसे इलाके हैं, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही लगी रहती है और इसी वजह से इन इलाकों में दुकान या व्यवसाय शुरू करने की इच्छा रखने वालों की भी नजर रहती है. इन्हीं इलाकों में बरमसिया भी शामिल है. बरमसिया को देवघर के व्यस्त और हलचल वाले इलाकों में गिना जाता है. यहां आपको अलग-अलग कंपनियों के शोरूम, रेस्टोरेंट, लाइब्रेरी, दवाई की दुकान समेत कई तरह के कारोबार देखने को मिल जाएंगे. ऐसे में अगर कोई व्यक्ति बरमसिया इलाके में अपना नया व्यवसाय शुरू करने की सोच रहा है, तो उसके लिए सबसे पहले दुकान की उपलब्धता के साथ-साथ पगड़ी और किराए की जानकारी लेना भी जरूरी हो जाता है.
क्या कहते हैं दुकानदार?
दरअसल, किसी भी नए कारोबारी के लिए दुकान की लोकेशन काफी मायने रखती है. दुकान ऐसी जगह हो जहां लोगों की आवाजाही अच्छी हो तो कारोबार शुरू करने वाले व्यक्ति को ग्राहकों तक पहुंच बनाने में थोड़ी आसानी हो सकती है. बरमसिया में भी कई लोग लंबे समय से अलग-अलग तरह का व्यवसाय कर रहे हैं. इसी सिलसिले में लोकल 18 ने बरमसिया में दवाई की दुकान चला रहे स्थानीय दुकानदार गुंजन कुमार से बातचीत की. गुंजन कुमार साल 2023 से बरमसिया में अपनी दुकान चला रहे हैं और इस दौरान वह इलाके के बाजार और यहां के दुकानों के किराए को काफी करीब से देखते आ रहे हैं. उन्होंने बताया कि अगर कोई व्यक्ति बरमसिया में दुकान किराए पर लेकर अपना कारोबार शुरू करना चाहता है, तो उसे दुकान के किराए के साथ पगड़ी की रकम के बारे में भी जानकारी रखनी चाहिए.
100 स्क्वायर फीट का 5000 किराया
गुंजन कुमार के मुताबिक, बरमसिया में दुकान की पगड़ी की कोई एक तय रकम नहीं है. यह काफी हद तक दुकान के मकान मालिक और दुकान की लोकेशन पर निर्भर करता है. उनके अनुसार किसी दुकान के लिए मकान मालिक 2 से 3 लाख रुपये तक पगड़ी की रकम मांग सकते हैं, जबकि कुछ जगहों पर यह रकम करीब 4 लाख रुपये तक भी हो सकती है. यानी अगर कोई व्यक्ति यहां दुकान लेकर अपना कारोबार शुरू करने की तैयारी कर रहा है तो उसे शुरुआत में सिर्फ किराए का इंतजाम नहीं करना होगा, बल्कि पगड़ी के लिए भी अच्छी-खासी रकम की जरूरत पड़ सकती है. वहीं दुकान के मासिक किराए की बात करें तो करीब 100 स्क्वायर फीट की दुकान का किराया लगभग 5 हजार रुपये प्रति महीने बताया गया है. हालांकि दुकान की जगह, आकार और मकान मालिक के हिसाब से इसमें अंतर हो सकता है.
11 महीने का होता है एग्रीमेंट
वहीं बरमसिया में दुकान लेने के लिए मकान मालिक और किरायेदार के बीच एग्रीमेंट की भी व्यवस्था रहती है. गुंजन कुमार बताते हैं कि आम तौर पर 11 महीने का एग्रीमेंट किया जाता है. इसके बाद एग्रीमेंट की अवधि पूरी होने पर उसे दोबारा रिन्यू कराना पड़ता है. यानी अगर कोई व्यक्ति लंबे समय तक दुकान चलाने की सोच रहा है तो उसे हर साल एग्रीमेंट रिन्यू कराने की प्रक्रिया से गुजरना होगा. ऐसे में बरमसिया जैसे व्यस्त इलाके में दुकान लेकर कारोबार शुरू करने से पहले सिर्फ दुकान की लोकेशन देखकर फैसला करना ही काफी नहीं है, बल्कि पगड़ी कितनी है, हर महीने का किराया कितना है और एग्रीमेंट की क्या शर्तें हैं, इन सभी बातों की जानकारी लेना भी जरूरी है.