सोना लूट भाग रहे थे लुटेरे, इंस्पेक्टर ने कार में लटक खींचा हैंडब्रेक, फिर..
Last Updated:
गुजरात के नडियाद रेलवे स्टेशन पर 3.75 करोड़ रुपये के सोने की लूट का पुलिस ने कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया है. बदमाशों ने व्यापारी को लूटने के बाद कार से भागने की कोशिश की, जिस दौरान एक जांबाज इंस्पेक्टर चलती कार के दरवाजे को पकड़कर 500 मीटर तक घिसटते चले गए. पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा करते हुए लूटे गए 2.90 किलो सोने के साथ चारों आरोपियों को धर दबोचा है.
करोड़ों का सोना लूट कर भाग रहे लुटेरों को पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पकड़ा है. (एआई इमेज)
गुजरात क्राइम न्यूज. गुजरात के नडियाद रेलवे स्टेशन पर 3.75 करोड़ रुपये के सोने की लूट के सनसनीखेज मामले का अहमदाबाद ग्रामीण और रेलवे पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया है. पुलिस ने फिल्मी अंदाज में बदमाशों का पीछा कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही, लूटा गया पूरा 2.90 किलो सोना बरामद कर लिया है.
यह पूरी वारदात 3 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे नडियाद रेलवे स्टेशन पर हुई. बदमाशों ने एक व्यापारी को निशाना बनाया और उसके पास मौजूद 3.75 करोड़ रुपये कीमत का 2.90 किलो सोना लूटकर टाटा टियागो कार में सवार होकर फरार हो गए. लूट के तुरंत बाद व्यापारी ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों की गाड़ी का पीछा किया और उनकी गाड़ी की तस्वीर अपने कैमरे में कैद कर ली.
जीआरपी ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध टियागो कार की जानकारी स्टेट कंट्रोल रूम को दी. शाम करीब 7:30 बजे यह सूचना अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस तक पहुंची. एसपी ओमप्रकाश जाट के निर्देशन में पुलिस ने तुरंत रूट मैपिंग शुरू की और बनासकांठा कनेक्शन का पता लगा लिया.
वीरमगाम में नाकाबंदी और पहला आरोपी गिरफ्तार
जांच में पता चला कि मुख्य टियागो कार के आगे-पीछे बिना नंबर प्लेट की एक बलेनो कार भी चल रही है. पुलिस ने तुरंत एलसीबी और वीरमगाम टाउन पुलिस को अलर्ट कर दिया. पुलिस ने सड़क पर ट्रक और अन्य गाड़ियां खड़ी करके रास्ता पूरी तरह ब्लॉक कर दिया. जैसे ही बलेनो कार वीरमगाम में दाखिल हुई, पुलिस ने एक बदमाश को धर दबोचा.
कार के साथ 500 मीटर तक घसिटते गए इंस्पेक्टर
- पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस को पता चला कि लूटा हुआ सोना लेकर तीन अन्य आरोपी टियागो कार में आगे बढ़ रहे हैं. पुलिस ने योजना बनाकर टियागो कार को घेर लिया.
- खुद को घिरता देख बदमाशों ने भागने की कोशिश में अपनी कार इंस्पेक्टर एसए गढ़वी की गाड़ी से टकरा दी और रिवर्स में भगाने लगे. तभी इंस्पेक्टर गढ़वी ने दौड़कर चलती हुई टियागो कार का दरवाजा पकड़ लिया.
- आरोपी उन्हें करीब 500 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए ले गए, लेकिन जांबाज इंस्पेक्टर ने अपनी पकड़ ढीली नहीं की.
- चलती गाड़ी में ही दरवाजा खोलकर उन्होंने अंदर हाथ डाला, स्टीयरिंग को कंट्रोल में लेते हुए इमरजेंसी हैंडब्रेक खींचकर गाड़ी रोक दी.
- इसके बाद तुरंत बाकी पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को दबोच लिया. हालांकि, एक बदमाश खेतों की तरफ भागा, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर तुरंत पकड़ लिया.
सीट कवर के अंदर छिपा रखा था सोना
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बलेनो कार की सीट कवर के अंदर बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखा गया 3.75 करोड़ रुपये मूल्य का 2.90 किलो सोना बरामद कर लिया है. इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल दोनों कारें, 5 मोबाइल फोन और 8,900 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं.