Last Updated:
Senior Citizen Home : रियल एस्टेट कंपनी डीएलएफ ने गुरुग्राम में बुजुर्गों के लिए आवासीय प्रोजेक्ट शुरू किया है. इस प्रोजेक्ट के सभी मकान हाथों हाथ बिक गए हैं और सभी 172 अपार्टमेंट की बुकिंग हो चुकी है. कंपनी ने शेयर बाजार को बताया है कि यह प्रोजेक्ट 28 हजार रुपये प्रति वर्गफुट के हिसाब से बिका है. इसमें हर अपार्टमेंट की औसत बिक्री कीमत 11.5 करोड़ रुपये के आसपास रही है.
डीएलएफ ने 172 अपार्टमेंट को 1,982 करोड़ में बेचा है.
नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र का शहर गुरुग्राम अब प्रॉपर्टी के मामले में अमेरिका और यूरोप को भी पीछे छोड़ रहा है. यहां प्रॉपर्टी की कीमतें इतनी ज्यादा हो गई हैं कि मिडिल क्लास के लिए घर का सपना पूरा करना आसान नहीं रहा है. अब आप डीएलएफ के ही प्रोजेक्ट को ले लीजिए. कहने को तो डीएलएफ ने गुरुग्राम में बुजुर्गों के लिए घर बनाया है, लेकिन यह सस्ता नहीं है. एक-एक अपार्टमेंट की कीमत करोड़ों रुपये है और कुल सौदा तो करीब 2 हजार करोड़ रुपये में हुआ है.
दरअसल, रियल एस्टेट कंपनी डीएलएफ ने गुरुग्राम में वरिष्ठ नागरिकों के लिए आवासीय परियोजना शुरू की है. इस प्रोजेक्ट में कुल 172 अपार्टमेंट बनाए जाने हैं और कंपनी ने इसका सौदा भी 1,985 करोड़ रुपये में कर दिया है. देश की सबसे बड़ी रियल एस्टेट कंपनियों में शामिल डीएलएफ ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए हाल में शुरू किए गए ‘द ऑरेवा’ परियोजना के सभी घर बिक गए हैं. यह परियोजना गुरुग्राम के सेक्टर 63 में शुरू की गई है और इसे 4.17 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है.
किस कीमत पर बिका अपार्टमेंट
डीएलएफ ने बताया कि इस परियोजना से करीब 1,985 करोड़ रुपये की बिक्री हुई है. यह वरिष्ठ नागरिकों के लिए ऐसी लग्जरी आवासीय इकाइयों की बढ़ती मांग को दर्शाता है, जहां सुविधाओं के साथ स्वास्थ्य, और सामुदायिक जुड़ाव पर भी ध्यान दिया जाता है. कंपनी ने बताया कि प्रोजेक्ट में बनाए जा रहे हर अपार्टमेंट की औसत बिक्री कीमत करीब 11.5 करोड़ रुपये रही है, जबकि इनकी बिक्री 28,000 रुपये प्रति वर्गफुट की दर से की गई है. इसका मतलब है कि एक वर्गफुट प्रॉपर्टी की कीमत 28 हजार रुपये रही.
कितना है प्रोजेक्ट का कार्पेट एरिया
डीएलएफ ने बताया कि इस प्रोजेक्ट में कुल 172 लग्जरी आवास विकसित किए जा रहे हैं और इसका कुल कार्पेट एरिया 4 लाख वर्गफुट से अधिक और बिक्री योग्य क्षेत्र 7.5 लाख वर्ग फुट से अधिक है. डीएलएफ होम डेवलपर्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और मुख्य कारोबार अधिकारी आकाश ओहरी ने कहा कि यह परियोजना भारत में रिटायरमेंट के बाद लग्जरी जीवन बिताने का अवसर देगी. कंपनी की सोच भी यही है कि सारी उम्र काम करने के बाद बुढ़ापा सुविधाजनक और शानदार होना चाहिए. इसी सोच को सामने रखते हुए यह प्रोजेक्ट शुरू किया गया है.
क्या-क्या सुविधा मिलेगी प्रोजेक्ट में
डीएलएफ ने बताया है कि इस प्रोजेक्ट में बुजुर्गों के लिए आपात सुविधाएं भी होंगी. इसमें इमरजेंसी की हालत में चिकित्सा सुविधा भी दी जाएगी. परियोजना की मजबूत बिक्री भारत में इस क्षेत्र में प्रीमियम और बेहतर अनुभव देने वाले आवासीय विकल्पों की बढ़ती मांग को दर्शाती है. डीएलएफ ने अब तक 185 से अधिक रियल एस्टेट परियोजनाएं विकसित की हैं, जिनका कुल क्षेत्रफल 35.2 करोड़ वर्गफुट से अधिक है. वित्तवर्ष 2025-26 में डीएलएफ की बिक्री बुकिंग 5 फीसदी घटकर 20,143 करोड़ रुपये रही, जो इससे पिछले वित्तवर्ष में 21,223 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर थी.