Last Updated:
धार जिले में नगर पालिका सीएमओ माया मंडलोई के तबादले को लेकर बीजेपी में आंतरिक विवाद गहरा गया है. धरमपुरी से बीजेपी विधायक कालूसिंह ठाकुर ने अपनी ही पार्टी की केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर पर सीएमओ को संरक्षण देने का आरोप लगाया है. विधायक ने 9 अक्टूबर से मंत्री के घर के बाहर भूख हड़ताल करने का ऐलान किया है.
विधायक कालूसिंह ठाकुर और केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर सीएमओ को लेकर आमने-सामने!
Dhar News: धार की धामनोद नगर पालिका में सीएमओ पद को लेकर बीजेपी के भीतर अंदरूनी कलह तेज हो गई है. इस विवाद में धरमपुरी से बीजेपी विधायक कालूसिंह ठाकुर और केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर आमने-सामने आ गए हैं. धरमपुरी विधायक कालूसिंह ठाकुर ने अपनी ही पार्टी की केंद्रीय मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
विकास कार्य ठप होने और भ्रष्टाचार का आरोप
विधायक कालूसिंह ठाकुर का कहना है कि धामनोद नगर पालिका क्षेत्र में पिछले दो वर्षों से विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं. उन्होंने धामनोद की सीएमओ माया मंडलोई पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं. विधायक के अनुसार, सीएमओ के खिलाफ लोकायुक्त में शिकायत दर्ज की गई है और उन पर मामले भी दर्ज हैं. इसके बावजूद उनका स्थानांतरण नहीं हो पा रहा है. विधायक का आरोप है कि केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर के संरक्षण के कारण ही सीएमओ अपने पद पर बनी हुई हैं. विधायक ने दावा किया कि संगठन के जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और पूरे गांव ने लिखकर दिया है, फिर भी अधिकारी को नहीं हटाया.
9 अक्टूबर से मंत्री के घर के बाहर भूख हड़ताल
विधायक कालूसिंह ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि 9 अक्टूबर तक इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे बड़ा कदम उठाएंगे. वे 9 अक्टूबर से केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर के आवास के बाहर भूख हड़ताल पर बैठेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि वे जनता या यात्रियों को परेशान करने के लिए सड़कों पर नहीं बैठेंगे. वे सीधे मंत्री के घर के सामने बैठकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे. वे जनता और मीडिया के सामने यह सच लाना चाहते हैं कि अधिकारी को बचाने का मुख्य उद्देश्य क्या है.
केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर का रुख
इस पूरे घटनाक्रम पर केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने ऑन-कैमरा कोई औपचारिक बयान नहीं दिया है. हालांकि, उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में प्रतिक्रिया दी. उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि यदि विधायक जी उनके घर आते हैं, तो वे उनका स्वागत करेंगी और उन्हें चाय-पानी पिलाएंगी.
सीएमओ माया मंडलोई की सफाई
दूसरी ओर, धामनोद नगर पालिका सीएमओ माया मंडलोई ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है. उन्होंने कहा कि कूटरचित और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लोकायुक्त में उनकी झूठी शिकायत की गई थी. सीएमओ के अनुसार, उन्हें इस मामले में हाईकोर्ट से स्टे मिला हुआ है. इसी कानूनी स्टे के आधार पर वे अपने पद पर कार्यरत हैं. उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर झूठी शिकायतें दर्ज कराने का आरोप भी लगाया है.
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का कटाक्ष
बीजेपी के इस आंतरिक कलह पर विपक्ष ने राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया है. मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करके सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा गई है. उमंग सिंघार के अनुसार, अधिकारी विधायकों की बात नहीं सुन रहे हैं और मंत्री अपने ही विधायकों की अनदेखी कर रहे हैं. पूरे प्रदेश में आज यही स्थिति बनी हुई है.