56% कंपनियां बढ़ाएंगी CA-CS की भर्ती, इंजीनियरिंग और MBA वालों के लिए आई बुरी खबर

56% कंपनियां बढ़ाएंगी CA-CS की भर्ती, इंजीनियरिंग और MBA वालों के लिए आई बुरी खबर


Corporate Jobs Hiring Trend : चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) और कंपनी सेक्रेटरी (CS) हमेशा से ही करियर के लिए सबसे चमकदार फील्ड रहा है. CA और CS बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर यह है कि कॉर्पोरेट सेक्टर में इन प्रोफेशनल्स की मांग अभी भी मजबूत बनी हुई है. एक हालिया सर्वे के मुताबिक, 56 फीसदी भारतीय कंपनियां आने वाले समय में सीए और सीएस की भर्ती बढ़ाने की प्लानिंग कर रही हैं. ऐसे में इन दोनों प्रोफेशन को लेकर करियर की संभावनाएं बढ़िया नजर आ रही हैं.

CA और CS को ट्रेडिशनली कॉमर्स और फाइनेंस से जुड़ा करियर विकल्प माना जाता है. लेकिन बदलते कॉर्पोरेट माहौल में इनकी भूमिका सिर्फ अकाउंटिंग या कंपनी के कंप्लायंस तक सीमित नहीं रह गई है. कंपनियों के लिए टैक्सेशन, फाइनेंशियल रिपोर्टिंग, कॉर्पोरेट गवर्नेंस, रेगुलेटरी कंप्लायंस और रिस्क मैनेजमेंट जैसे फील्ड में भी एक्सपर्ट्स की जरूरत लगातार बढ़ रही है.

सर्वे के अनुसार 33 फीसदी कंपनियों को उम्मीद है कि उनकी हायरिंग में कोई बदलाव नहीं होगा. जबकि, 11 फीसदी कंपनियां सीए और सीएस प्रोफेशनल्स की संख्या कम करने की योजना बना रही हैं. इससे इस कैटेगरी के लिए नेट हायरिंग 45 फीसदी मार्क्स से अधिक रहा. जो रिपोर्ट में शामिल सभी टैलेंट ग्रुप्स में सबसे अधिक है.

इंजीनियरिंग की हायरिंग घटी

सर्वे से अलग-अलग क्वालिफिकेशन्स के लिए हायरिंग की योजनाओं में साफ़ अंतर दिखता है. इंटर्न्स के लिए नेट हायरिंग का इरादा +20 अंक रहा, इसके बाद ‘अन्य’ (Others) कैटेगरी +17 अंकों के साथ रही. नॉन-इंजीनियरिंग ग्रेजुएट्स और डिप्लोमा होल्डर्स के लिए पॉज़िटिव इरादा क्रमशः +7 और +5 अंक रहा, जो कि काफ़ी कम है. अनुभवी प्रोफेशनल्स या लेटरल हायरिंग की योजनाओं में कोई खास अंतर नहीं दिखा; 40 प्रतिशत कंपनियां ऐसी भर्ती बढ़ाने की योजना बना रही थीं, जबकि इतनी ही (40 प्रतिशत) कंपनियां इसे कम करने की योजना बना रही थीं.

इंजीनियर्स के लिए नेट हायरिंग का इरादा -4 अंक रहा, जबकि MBA हायरिंग -10 अंक पर रही. 44 प्रतिशत कंपनियां MBA भर्ती कम करने की योजना बना रही थीं, जबकि 34 प्रतिशत इसे बढ़ाने की योजना बना रही थीं.

91% कंपनियां CA, CS इंटर्न को करती हैं नियुक्त

CA और CS प्रतिभाओं की मांग केवल फुल-टाइम भर्ती तक सीमित नहीं है. सर्वेक्षण में शामिल करीब 91 प्रतिशत संगठन CA-CS इंटर्न को नियुक्त करते हैं. इंटर्नशिप से फुल-टाइम नौकरी तक पहुंचना भी आम है. करीब 82 प्रतिशत संगठन CA और CS इंटर्न को प्री-प्लेसमेंट इंटरव्यू या नौकरी का ऑफर देते हैं. यह आंकड़ा BTech/MTech और MBA जैसे अन्य प्रमुख शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवारों के लगभग समान है. इन निष्कर्षों से पता चलता है कि CA और CS की पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए इंटर्नशिप अब भी नौकरी में प्रवेश का एक महत्वपूर्ण रास्ता है.

2017 के शिखर से CA Final के रजिस्ट्रेशन में गिरावट

भर्ती का यह रुझान ऐसे समय सामने आया है, जब CA Final परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वाले उम्मीदवारों की संख्या में गिरावट आई है. इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) के आंकड़ों के अनुसार, मई 2017 में CA Final के लिए 1,32,007 रजिस्ट्रेशन हुए थे, जो संबंधित अवधि में सबसे अधिक थे. मई 2025 तक यह संख्या घटकर 99,466 रह गई, यानी मई 2017 के मुकाबले करीब 25 प्रतिशत की गिरावट. सितंबर 2025 की परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन 81,852 रहे, जो मई 2017 के शिखर से करीब 38 प्रतिशत कम हैं.

CA उम्मीदवारों में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ी

कुल रजिस्ट्रेशन में गिरावट के बावजूद महिला उम्मीदवारों की हिस्सेदारी बढ़ी है. मई 2015 में कुल रजिस्ट्रेशन में महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 35 प्रतिशत थी, जो मई 2025 और सितंबर 2025 में बढ़कर लगभग 41 प्रतिशत हो गई. इस तरह Aon के निष्कर्ष भर्ती बाजार में एक महत्वपूर्ण रुझारे की ओर इशारा करते हैं: कंपनियां CA और CS पेशेवरों की भर्ती बढ़ाने की योजना बना रही हैं, जबकि CA Final के उम्मीदवारों का पूल पहले के शिखर की तुलना में छोटा हो गया है.



Source link