Agency:एजेंसियां
Last Updated:
फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी के बाद इजरायल में भारतीय पर्यटकों को खास सम्मान मिल रहा है. तेल अवीव और यरुशलम घूमने पहुंचे भारतीयों ने News18 को बताया कि वहां लोग उनसे कहते हैं, ‘आप कैप्टन स्मित के देश से हैं.’ पर्यटकों के मुताबिक, कैप्टन के साहसिक कदम ने इजरायल में भारतीयों के प्रति प्यार और अपनापन बढ़ाया है.
इजरायल में अब भारतीय टूरिस्ट्स का सम्मान बढ़ गया है.
Israel-India RElations: इजरायल घूमने पहुंच रहे भारतीय पर्यटकों के लिए अब वहां का अनुभव पहले जैसा नहीं रहा. फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी के बाद इजरायल में भारतीयों को एक अलग ही नजर से देखा जा रहा है. News18 से खास बातचीत में इजरायल पहुंचे भारतीय पर्यटकों ने बताया कि वहां के लोग उनसे मिलते ही कहते हैं- ‘आप कैप्टन स्मित के देश से हैं.’ पर्यटकों के मुताबिक, इस घटना के बाद उन्हें इजरायल में पहले से ज्यादा प्यार और सम्मान मिल रहा है. वहीं, जिस को-पायलट हमाम अल-हमामी ने कैप्टन स्मित पर हमला किया और विमान को क्रैश करने की कोशिश की, उसे अपनी हरकत पर कोई पछतावा नहीं है. वाल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, उसने जांचकर्ताओं से विमान को जानबूझकर गिराने की मंशा जाहिर की थी.
‘आप कैप्टन स्मित के देश से हैं’
इजरायल घूमने पहुंचे एक भारतीय पर्यटक ने News18 को बताया कि उनका अनुभव बेहद इमोशनल और शानदार रहा. इस यात्रा के दौरान उन्हें कई नई चीजें जानने को मिलीं. उन्होंने बताया कि जब भी इजरायल में कोई उनसे पूछता है कि वे कहां से आए हैं, तो कई बार लोग खुद ही कह देते हैं कि आप कैप्टन स्मित के देश से हैं. पर्यटक ने कहा कि लोगों का यह अंदाज उन्हें काफी अच्छा लगता है. उनके मुताबिक, इजरायल में लोग भारतीयों के साथ बहुत प्यार से पेश आ रहे हैं और इस तरह का स्वागत उनके लिए बेहद खास है.
एक दूसरे भारतीय पर्यटक ने भी ऐसा ही अनुभव साझा किया. उन्होंने बताया कि जैसे ही वह खुद को भारतीय बताते हैं, लोग तुरंत कैप्टन स्मित का जिक्र करने लगते हैं. वे कहते हैं कि आप कैप्टन स्मित के देश से हैं और भारत हमारा बहुत अच्छा दोस्त है. पर्यटक के मुताबिक, इजरायल के लोग उन्हें काफी प्यार और सम्मान दे रहे हैं. कैप्टन स्मित के साहसिक कदम की वजह से भारतीयों के प्रति लोगों का व्यवहार और भी गर्मजोशी भरा महसूस हो रहा है. एक पर्यटक ने यह भी कहा कि अगर अगली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कैप्टन स्मित इजरायल आते हैं, तो वह भी उस समय यहां आना पसंद करेंगे.
क्या हुआ था फ्लाईदुबई की फ्लाइट में?
यह पूरा मामला फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 से जुड़ा है, जो UAE से इजरायल जा रही थी. उड़ान के दौरान ओमान के नागरिक और को-पायलट हमाम अल-हमामी ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर विमान में मौजूद कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था. हमले में कैप्टन स्मित गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इसके बावजूद वह किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे और बाहर मौजूद लोगों को खतरे का पता चला. इसके बाद विमान में मौजूद इजरायली यात्रियों और दो ऑफ-रोस्टर पायलटों ने मोर्चा संभाला. उन्होंने हमलावर को-पायलट को काबू में किया और विमान को सुरक्षित उतारने में मदद की.
हमाम अल-हमामी को विमान गिराने का पछतावा नहीं?
इस मामले में अब एक और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है. रिपोर्ट के मुताबिक, जांचकर्ताओं की पूछताछ में हमाम अल-हमामी ने स्वीकार किया कि वह जानबूझकर विमान को गिराना चाहता था. रिपोर्ट में सऊदी अधिकारी के हवाले से बताया गया कि उसने कहा कि उसे मौत से डर नहीं लगता. अगर यह दावा सही साबित होता है, तो मामला सिर्फ कॉकपिट में हुए हमले तक सीमित नहीं रह जाता, बल्कि विमान में सवार 170 से ज्यादा लोगों की जान को जानबूझकर खतरे में डालने की मंशा का सवाल भी खड़ा होता है. रिपोर्ट के मुताबिक, जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि हमाम अल-हमामी को फ्लाईदुबई में नौकरी कैसे मिली, जबकि इससे पहले उसकी गतिविधियों को लेकर सवाल उठ चुके थे.