Last Updated:
BSP Supremo Mayawati Meeting: बसपा सुप्रीमो मायावती ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ अहम समीक्षा बैठक की. बैठक में SIR के बाद वोटर लिस्ट की स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई. मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं को गरीब, युवा, महिला और कमजोर वर्ग के पात्र मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाने और सूची की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए.
बसपा सुप्रीमो मायावती
लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ अहम समीक्षा बैठक की. बैठक में SIR के बाद मतदाता सूची की स्थिति, आने वाले विधानसभा चुनाव और पार्टी की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई. मायावती ने कार्यकर्ताओं को वोटर लिस्ट पर लगातार नजर रखने और पात्र लोगों के नाम सूची में जुड़वाने के निर्देश दिए.
BSP की ओर से दावा किया गया है कि SIR की प्रक्रिया के बाद करीब 9 लाख मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटे हैं. मायावती ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि गरीब, युवा, महिलाओं और कमजोर वर्ग के पात्र मतदाताओं के नाम किसी भी स्थिति में वोटर लिस्ट से बाहर नहीं रहने चाहिए. इसके लिए कार्यकर्ताओं को लगातार सूची की जांच करने और जरूरत पड़ने पर नाम जुड़वाने की प्रक्रिया में लोगों की मदद करने को कहा गया.
बैठक में उत्तर प्रदेश और पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई. मायावती ने पार्टी नेताओं के साथ मजबूत उम्मीदवारों के चयन और चुनावी तैयारियों पर मंथन किया. उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने और मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए.
उत्तराखंड सरकार पर भी साधा निशाना
बैठक के दौरान मायावती ने उत्तराखंड की बीजेपी सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने सरकार की नीतियों को गरीब और जनविरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार बड़े पूंजीपतियों और धन्नासेठों के हित में काम कर रही है. मायावती ने पार्टी संगठन से जनता के बीच इन मुद्दों को उठाने को कहा.
9 अक्टूबर को कांशीराम की पुण्यतिथि
मायावती ने पार्टी संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि 9 अक्टूबर को पूरे मिशनरी भाव से मनाने के निर्देश भी दिए. उन्होंने कहा कि इस बार भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए कार्यक्रम बहुजन प्रेरणा केंद्र में नहीं होगा. मायावती के निर्देश के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के सभी मंडलों से लोग लखनऊ पहुंचकर मान्यवर कांशीराम स्मारक स्थल पर श्रद्धा-सुमन अर्पित करेंगे. वहीं, दूसरे राज्यों में जोन स्तर पर संगोष्ठियों का आयोजन कर कांशीराम को श्रद्धांजलि दी जाएगी. पार्टी की ओर से कहा गया है कि इन कार्यक्रमों के जरिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को पार्टी के मिशन से जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा.