Last Updated:
Indore News: इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में पोती ने अपने बुजुर्ग दादा की क्रिकेट बैट से मार कर हत्या कर दी. पूछताछ में पोती ने पुलिस को बताया कि दादा 7-8 साल से उस पर गंदी नजर रखते थे. शनिवार रात माता-पिता से विवाद के बाद गुस्साई पोती ने यह कदम उठाया.
AI Image
रिपोर्ट: मिथिलेश गुप्ता
इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां एक पोती ने क्रिकेट बैट से हमला करके अपने बुजुर्ग दादा की हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलते ही एरोड्रम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पोती को हिरासत में ले लिया है.
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे दुष्कृत्य से जुड़ा पुराना विवाद सामने आया है. जानकारी के अनुसार, मृतक बुजुर्ग दादा इंदौर के स्कीम नंबर 155 क्षेत्र में रहते थे. वे घर में अपनी पत्नी यानी आरोपी पोती की दादी के साथ रहते थे. वहीं, आरोपी पोती छात्रा है और वह इंदौर के महालक्ष्मी नगर में अपने माता-पिता के साथ रहती है.
7-8 साल से नीयत थी गंदी!
पुलिस की पूछताछ में आरोपी छात्रा ने बताया कि उसके दादा काफी समय से उस पर बुरी नीयत रख रहे थे. करीब 7-8 साल पहले बुजुर्ग दादा ने उसके साथ दुष्कृत्य किया था. इसके बाद भी दादा लगातार उसके साथ अश्लील हरकतें करता रहे. पोती का कहना है कि लोक-लाज और परिवार की बदनामी के डर से उसने यह बात किसी को नहीं बताई थी.
परिवार में बना हुआ था तनाव
दुष्कृत्य की इस घटना को लेकर परिवार के भीतर लंबे समय से तनाव चल रहा था. शनिवार रात महालक्ष्मी नगर स्थित घर पर पोती का अपने माता-पिता से भी विवाद हुआ. इस बात को लेकर वह काफी गुस्सा हो गई. इसके बाद पोती अपनी बुलेट हंटर बाइक उठाकर महालक्ष्मी नगर से सीधे स्कीम नंबर 155 स्थित दादा के घर पहुंची.
बैट से कई वार किए, निजी अंग पर भी मारा!
जब पोती दादा के घर पहुंची तो उसकी दादी ने मुख्य दरवाजा खोला. उस समय बुजुर्ग दादा सो रहे थे. घर पहुंचने पर पोती और दादा के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई. इसके बाद पोती ने पास रखा क्रिकेट बैट उठा लिया और दादा पर हमला कर दिया. पोती ने क्रिकेट बैट से दादा के सिर पर जोर से वार किया. साथ ही उनके निजी अंग और शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर कई बार हमला किया.
पुलिस कर रही पूछताछ
क्रिकेट बैट से कई बार वार किए जाने के कारण दादा गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद एरोड्रम थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने पोती को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है.
मामले में डीसीपी नरेंद्र रावत ने बताया कि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही कि दुष्कृत्य को लेकर पहले कभी कोई शिकायत या कार्रवाई की गई थी या नहीं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस जांच पूरी होने के बाद आगे की स्थिति और स्पष्ट होगी.