नई दिल्ली (How to Join CBI Jobs). बड़े घोटाले, हाई प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री या भ्रष्टाचार के मामले लाइमलाइट में आते ही दिमाग में सीबीआई का नाम जरूर आता है. सीबीआई का फुल फॉर्म सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन है. फिल्मों में सीबीआई अधिकारियों को पुलिस की दमदार वर्दी और ताबड़तोड़ रेड डालते हुए दिखाया जाता है. लाखों युवा सीबीआई में नौकरी का सपना देखते हैं. लेकिन सीबीआई में एंट्री का सही रोडमैप न पता होने की वजह से उनका ख्वाब अधूरा रह जाता है.
सीबीआई में नौकरी देश की न्याय व्यवस्था और इंटरनल सिक्योरिटी को मजबूत करने का शानदार जरिया है. CBI भारत सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के अधीन काम करती है. इसलिए यह 100% केंद्र सरकार की नौकरी है. इसमें बेहतरीन सैलरी, रुतबा और गजब का जॉब सैटिस्फैक्शन मिलता है. लेकिन यहां तक पहुंचने का रास्ता कठिन और कई चरणों से होकर गुजरता है. अगर आप सीबीआई में नौकरी का सपना देख रहे हैं तो योग्यता, चयन प्रक्रिया और जरूरी स्किल्स की जानकारी होना जरूरी है.
क्या सीबीआई की नौकरी सरकारी है?
सबसे पहला और बड़ा सवाल है कि क्या सीबीआई सरकारी नौकरी है? इसका जवाब है- हां, सीबीआई केंद्र सरकार के अधीन एक प्रमुख जांच एजेंसी है. यहां मिलने वाली नौकरी सुरक्षित और राजपत्रित (Gazetted) या गैर-राजपत्रित पदों पर होती है. अब सवाल उठता है कि इसमें भर्ती कैसे होती है? सीबीआई में नौकरी के लिए अलग से कोई परीक्षा नहीं होती है. इसके लिए देश की सबसे बड़ी और सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं के जरिए एंट्री मिलती है.
सीबीआई में मुख्य रूप से 3 रास्तों से एंट्री की जा सकती है
- SSC CGL (कर्मचारी चयन आयोग): सब-इंस्पेक्टर (SI) और लोअर डिवीजनल क्लर्क (LDC) जैसे पदों के लिए एसएससी हर साल कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल परीक्षा कराता है. इसके जरिए सीबीआई में सब-इंस्पेक्टर बन सकते हैं.
- यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा: देश की सबसे कठिन परीक्षा (आईएएस/आईपीएस) पास करने वाले अधिकारी भी आईपीएस (IPS) के जरिए सीबीआई में डायरेक्टर या एसपी जैसे उच्च पदों पर डेप्युटेशन या सीनियर लीडरशिप तक पहुंचते हैं.
- डेप्युटेशन (Deputation): राज्य पुलिस के काबिल अधिकारियों और अन्य केंद्रीय विभागों के कर्मचारियों को उनकी योग्यता के आधार पर सीबीआई में कुछ समय के लिए नियुक्त किया जाता है.
सीबीआई में सैलरी कितनी मिलेगी?
सीबीआई में सब-इंस्पेक्टर (एसआई) के पद पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी स्ट्रीम में ग्रेजुएशन (स्नातक) की डिग्री होनी चाहिए. इसके साथ ही आयु सीमा 20 से 30 वर्ष के बीच होती है (आरक्षित वर्गों को नियमों के अनुसार छूट मिलती है). इसमें शारीरिक फिटनेस का होना भी अनिवार्य है.
सैलरी: सीबीआई में सब-इंस्पेक्टर (ग्रेड-बी गैजेटेड पोस्ट) की शुरुआती सैलरी काफी आकर्षक होती है. सातवें वेतन आयोग के तहत इन पदों पर इन-हैंड सैलरी शुरुआती दौर में ही 70,000 रुपये से 90,000 रुपये प्रति महीने के आस-पास पहुंच जाती है. इसमें कई तरह के भत्ते और जोखिम भत्ता शामिल होते हैं.
जरूरी स्किल्स: सीबीआई में काम करने के लिए सिर्फ किताबी ज्ञान काफी नहीं है. तेज दिमाग, दबाव में फैसले लेने की क्षमता, बेहतरीन एनालिटिकल स्किल्स, साइबर क्राइम की बेसिक समझ और मजबूत कम्युनिकेशन स्किल्स होनी चाहिए.
सबसे बड़ी बात है कि जासूस या जांच अधिकारी के रूप में आपकी ऑब्जर्वेशन पावर जितनी तेज होगी, आप उतनी ही जल्दी मामलों की तह तक पहुंच पाएंगे.