Last Updated:
उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता दिनेश आर्य को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया गया है. पार्टी ने यह फैसला कई बैठकों के बाद लिया है. बता दें कि उत्तर प्रदेश में भी 10 सीटों पर राज्यसभा का चुनाव होने वाला है.
भारतीय जनता पार्टी ने दिनेश आर्य को बनाया उत्तराखंड से राज्यसभा का उम्मीदवार.
देहरादूनः उत्तराखंड में एक सीट पर होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है. बीजेपी ने पार्टी के वरिष्ठ नेता दिनेश आर्य को अपना उम्मीदवार बनाया है. वे वर्तमान में उत्तराखंड सरकार में उपाध्यक्ष, राज्यस्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद (राज्य मंत्री स्तर) के पद पर हैं. वे पूर्व में भाजपा के जिलाध्यक्ष (नैनीताल) अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) रह चुके हैं. वे लंबे समय से जमीनी स्तर पर पार्टी से जुड़े रहे हैं और आरएसएस के बैकग्राउंड से हैं.
संगठन के अलग-अलग पदों पर निभाई जिम्मेदारी
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से तृतीय वर्ष शिक्षित और विद्यार्थी परिषद से राजनीतिक सफर शुरू करने वाले दिनेश आर्य ने बीजेपी में संगठन के विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी निभाई है. नैनीताल में जिला संयोजक से लेकर युवा मोर्चा और अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश पदों तक काम किया. 2007 से 2010 तक बीजेपी नैनीताल के जिलाध्यक्ष रहे। 2017 से 2021 तक अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव और पंजाब प्रभारी की जिम्मेदारी संभाली. 2021 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनसंपर्क अधिकारी रहे, जबकि 2023 से राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष हैं.
विद्यार्थी परिषद्–
– 1985 में विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ता के रूप में नैनीताल में सदस्यता ग्रहण.
– 1986 में विद्यार्थी परिषद का नैनीताल जिला संयोजक नियुक्त.
– 1988 तक विद्यार्थी परिषद का जिला संयोजक के रूप में कार्य किया.
भारतीय जनता पार्टी
– जिला मंत्री युवा मोर्चा नैनीताल- 1988 से 1991
– जिलाध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा नैनीताल- 1992 से 1995
– प्रदेश उपाध्यक्ष युवा मोर्चा- 1996 से 1998
– प्रदेश महामंत्री अनुसूचित मोर्चा- 2001 से 2002
– प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के रूप में कार्य- 2002 से वर्तमान तक
– जिला अध्यक्ष भाजपा नैनीताल- 2007 से 2010
– 2017 से 2021 अनुसूचित जाति मोर्चा राष्ट्रीय सचिव के साथ-साथ मोर्चे के पंजाब प्रभारी के रूप में संगठन का कार्य किया.
– 2021 में मा० मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के जनसम्पर्क अधिकारी के रूप में कार्य.
– 2023 से वर्तमान- उपाध्यक्ष राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद उत्तराखण्ड सरकार (दायित्वधारी) के रूप में कार्य.