GATE 2027 Registration: इंजीनियरिंग के बाद आईआईटी (IIT), आईआईएससी (IISc) और दूसरे संस्थानों में पोस्टग्रेजुएट या डॉक्टोरल कोर्स में एडमिशन लेने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए जरूरी खबर है. ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग यानी GATE 2027 के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख अब बेहद करीब है. आईआईटी मद्रास (IIT Madras) की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक, रजिस्ट्रेशन की एक्सटेंडेड विंडो 5 अक्टूबर 2026 को बंद हो जाएगी. ऐसे में जिन उम्मीदवारों ने अभी तक फॉर्म नहीं भरा है, उन्हें समय रहते आवेदन पूरा करना होगा.
GATE 2027 के लिए कहां करें आवेदन?
दरअसल, GATE 2027 का आयोजन IIT मद्रास कर रहा है. ऐसे में उम्मीदवार इस आधिकारिक वेबसाइट gate2027.iitm.ac.in के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इस परीक्षा का स्कोर IIT, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस यानी IISc और दूसरे भाग लेने वाले संस्थानों में MTech और PhD जैसे प्रोग्राम में एडमिशन के लिए इस्तेमाल किया जाता है. इसके अलावा कुछ पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग्स यानी PSU भी भर्ती के दौरान GATE स्कोर का इस्तेमाल करती हैं. बता दें GATE 2027 के लिए सामान्य रजिस्ट्रेशन विंडो 27 अगस्त से 27 सितंबर 2026 तक थी. इसके बाद उम्मीदवारों को आवेदन का एक और मौका दिया गया, जिसका एक्सटेंडेड पीरियड 28 सितंबर से 5 अक्टूबर 2026 तक है.
आवेदन में गलती सुधारने का भी मिलेगा मौका
जिन उम्मीदवारों ने GATE 2027 के लिए आवेदन कर दिया है, उन्हें फॉर्म में कुछ जरूरी बदलाव करने का मौका भी मिलेगा. इसके लिए करेक्शन विंडो 14 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक खुलेगी. इस दौरान उम्मीदवार केवल उन्हीं जानकारियों में बदलाव कर सकेंगे, जिनकी अनुमति परीक्षा प्राधिकरण की ओर से दी गई है.
एक्सटेंडेड अवधि में इतनी लगेगी फीस
5 अक्टूबर तक आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को एक्सटेंडेड पीरियड की फीस देनी होगी. महिला, एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी उम्मीदवारों के लिए आवेदन फीस 1,500 रुपये है. वहीं अन्य सभी उम्मीदवारों, जिसमें विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, उन्हें 2,500 रुपये का भुगतान करना होगा. यह फीस प्रत्येक टेस्ट पेपर के लिए लागू होगी. उम्मीदवार आवेदन करते समय एक पेपर या नियमों के तहत निर्धारित दो पेपर के कॉम्बिनेशन का विकल्प चुन सकते हैं. इसके अलावा उन्हें अपनी पसंद के एग्जाम सिटी का चुनाव भी करना होगा.
कैसे भरें GATE 2027 का फॉर्म?
GATE 2027 के लिए आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. यहां डिजिलॉकर आधारित अनिवार्य रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी. इसके बाद पर्सनल जानकारी, पहचान से जुड़ी जानकारी और एजुकेशनल डिटेल्स भरनी होंगी.
फॉर्म में टेस्ट पेपर चुनने के बाद उम्मीदवार को एग्जाम सिटी की पसंद दर्ज करनी होगी. इसके बाद तय फॉर्मेट में फोटो, सिग्नेचर और जरूरी डॉक्यूमेंट अपलोड करने होंगे. आवेदन फीस जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट करें और कन्फर्मेशन पेज को सेव करके रख लें. ध्यान दें फॉर्म सबमिट करने से पहले फॉर्म में दर्ज सभी जानकारियों को ध्यान से चेक करना जरूरी है.
फरवरी 2027 में होगी GATE परीक्षा
GATE 2027 परीक्षा का आयोजन फरवरी 2027 में अलग-अलग तारीखों पर किया जाएगा. परीक्षा 6, 7, 13, 14 और 21 फरवरी 2027 को होगी. एग्जाम कई शिफ्ट में आयोजित किया जाएगा. उम्मीदवारों के लिए एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप 4 जनवरी 2027 को जारी होने की उम्मीद है.
IIT मद्रास ने अभी एडमिट कार्ड जारी होने की तारीख की घोषणा नहीं की है. हालांकि, इसे फरवरी 2027 में जारी किया जा सकता है. वहीं, GATE 2027 का रिजल्ट 19 मार्च 2027 को घोषित किया जाएगा.
इस बार जुड़ा नया टेस्ट पेपर
GATE 2027 में उम्मीदवारों को एक नया टेस्ट पेपर भी देखने को मिलेगा. इस बार रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन यानी RA को नए टेस्ट पेपर के तौर पर शामिल किया गया है. इसके अलावा XE, XH और XL के सेक्शनल पेपर कोड में भी बदलाव किए गए हैं. ऐसे में जो उम्मीदवार GATE 2027 में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें आवेदन की आखिरी तारीख का इंतजार नहीं करना चाहिए. 5 अक्टूबर 2026 के बाद एक्सटेंडेड रजिस्ट्रेशन विंडो उपलब्ध नहीं होगी.