पाकिस्तान में शहबाज सरकार से आर-पार के मूड में इमरान खान, PTI ने ठुकराई शर्त, आज निकालेगी मार्च

पाकिस्तान में शहबाज सरकार से आर-पार के मूड में इमरान खान, PTI ने ठुकराई शर्त, आज निकालेगी मार्च


Last Updated:

पाकिस्तान में शहबाज शरीफ सरकार और इमरान खान की पार्टी PTI के बीच बातचीत बेनतीजा रही है. PTI ने 4 अक्टूबर को प्रस्तावित इस्लामाबाद मार्च वापस लेने से इनकार कर दिया है. पार्टी की मांग है कि उसके नेताओं को पहले जेल में बंद इमरान खान से मिलने दिया जाए और उनकी बहनों की रिहाई पर भी बात हो. खैबर पख्तूनख्वा में आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी दोनों पक्षों में सहमति नहीं बनी है.

Zoom

इमरान खान.

Pakistan News: पाकिस्तान में सियासी टकराव एक बार फिर बढ़ गया है. शहबाज शरीफ सरकार और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के बीच कई दौर की बातचीत के बावजूद कोई सहमति नहीं बन पाई है. इमरान खान की पार्टी ने 4 अक्तूबर यानी आज होने वाले अपने मार्च को वापस लेने से साफ इनकार कर दिया है. सरकार चाहती है कि PTI पहले इस्लामाबाद मार्च रद्द करे, तभी आगे बातचीत और किसी राजनीतिक रियायत पर विचार किया जाएगा. दूसरी ओर, विपक्ष की मांग है कि मार्च पर कोई फैसला लेने से पहले उसके नेताओं को जेल में बंद इमरान खान से मिलने दिया जाए.

दोनों पक्षों के बीच टकराव की वजह सिर्फ मार्च नहीं है. इमरान खान और उनकी बहनों से मुलाकात और रिहाई की मांग के अलावा खैबर पख्तूनख्वा में आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी सहमति नहीं बन पाई है. बातचीत से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, PTI ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित एक्शन प्लान और प्रांत में बड़े सैन्य अभियान को लेकर उसके रुख से सहमति नहीं जताई है. सरकार ने भी साफ कर दिया है कि खैबर पख्तूनख्वा की सरकार अगर आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई में सहयोग नहीं करती, तो आगे बातचीत या राजनीतिक रियायतों की गुंजाइश नहीं होगी. इस गतिरोध के बीच PTI ने अपना मार्च जारी रखने का फैसला किया है.

4 अक्टूबर से शुरू होगा PTI का मार्च

बातचीत नाकाम होने के बाद PTI ने अपने लंबे मार्च का कार्यक्रम बरकरार रखा है. खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने ऐलान किया है कि मार्च 4 अक्टूबर को लक्की मरवत के गांधी चौक से शुरू होगा. PTI ने इस मार्च के लिए पांच दिनों का रूट भी तय किया है. यह मार्च 8 अक्टूबर को खैराबाद पहुंचकर खत्म होगा. इस दौरान प्रदर्शनकारी टैंक, डेरा इस्माइल खान, बन्नू, करक, कोहाट, पेशावर और चरसद्दा से गुजरेंगे. सोहेल अफरीदी ने कहा है कि 8 अक्टूबर को पूरा प्रांत खैराबाद में जुटेगा. वहां मार्च के अगले चरण का ऐलान किया जाएगा. इससे पहले PTI ने 27 सितंबर को प्रस्तावित अपने लंबे मार्च को टालकर 4 अक्टूबर कर दिया था. अब सरकार के साथ बातचीत बेनतीजा रहने के बाद पार्टी ने प्रदर्शन को आगे बढ़ाने का फैसला किया है.

किन मुद्दों पर फंसा पेंच

सरकार और PTI के बीच बातचीत में इमरान खान तक पहुंच सबसे बड़ी अड़चनों में से एक बनकर सामने आई है. CNN-News18 के सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार ने विपक्ष की उस मांग को मानने से इनकार कर दिया है, जिसमें इमरान खान से मुलाकात और उनकी बहनों की रिहाई की बात कही गई है. PTI का कहना है कि उसके प्रतिनिधियों को पहले इमरान खान से मिलने दिया जाए. इसके बाद ही पार्टी मार्च वापस लेने को लेकर कोई फैसला करेगी. दूसरी तरफ सरकार की शर्त है कि बातचीत आगे बढ़ाने से पहले PTI को इस्लामाबाद मार्च रद्द करना होगा.

AFP के मुताबिक, PTI नेता हलीम आदिल शेख ने कहा कि अगर सरकार इमरान खान की बहनों की रिहाई समेत दूसरी मांगों पर अपना रुख नरम करती है, तो बातचीत आगे बढ़ सकती है. उन्होंने कहा, ‘हम आज सरकार से सकारात्मक भावना के साथ बातचीत कर रहे हैं.’ इमरान खान की बहनों को पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था. PTI इनकी रिहाई की मांग कर रही है. पार्टी का कहना है कि इमरान खान की रिहाई के लिए भी उसका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा.



Source link