Last Updated:
Bihar MLC Election अनंत सिंह और नीरज कुमार विवाद के बीच जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि पार्टी में जो कुछ हो रहा है वो ठीक नहीं है. हालांकि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व सब देख रहा है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िये.
जेडीयू में अनंत सिंह बनाम नीरज कुमार वावाद पार्टी पर भारी पड़ रहा.(फाइल फोटो)
पटना. एमएलसी चुनाव को लेकर मोकामा विधायक अनंत सिंह और जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार के बीच बढ़ते विवाद के बीच अब पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने साफ कहा कि पार्टी में जो कुछ हो रहा है, वह ठीक नहीं है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व पूरे मामले को देख रहा है और केंद्रीय मंत्री व जेडीयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह इस मामले पर नजर रख रहे हैं. उमेश कुशवाहा ने दावा किया कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और जेडीयू के उम्मीदवार की जीत होगी.
‘पार्टी में जो हो रहा है वो ठीक नहीं’
अनंत सिंह के जन सुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज कुमार के समर्थन में खुलकर सामने आने और जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ प्रचार करने के सवाल पर उमेश कुशवाहा ने कहा कि पार्टी में जो कुछ हो रहा है, वह ठीक नहीं है. हालांकि, उन्होंने किसी व्यक्ति का नाम लेकर सीधे तौर पर कोई कार्रवाई या फैसला होने की बात नहीं कही.
ललन सिंह देख रहे पूरा मामला
जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व पूरे घटनाक्रम को देख रहा है. केंद्रीय मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता ललन सिंह इस मामले को देख रहे हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी के स्तर पर जो भी स्थिति है, उस पर नेतृत्व की नजर है.
‘पूरी पार्टी एकजुट, हमारे उम्मीदवार की होगी जीत’
उमेश कुशवाहा ने पार्टी में किसी तरह के मतभेद से इनकार करते हुए कहा कि पूरी पार्टी एकजुट है. उन्होंने दावा किया कि जेडीयू के उम्मीदवार चुनाव में जीत हासिल करेंगे.उनके इस बयान के बीच अब निगाहें इस बात पर हैं कि अनंत सिंह के खुले तौर पर नीरज कुमार के विरोध में उतरने के बाद पार्टी नेतृत्व आगे क्या कदम उठाता है.
सोमवार को नामांकन करेंगे JDU के चारों उम्मीदवार
वहीं, विधान परिषद चुनाव को लेकर जेडीयू के चारों उम्मीदवार सोमवार को नामांकन दाखिल करेंगे. उमेश कुशवाहा ने कहा कि नामांकन का कार्यक्रम शानदार होगा और पार्टी के उम्मीदवार जीत हासिल करेंगे. उन्होंने एनडीए के चुनावी प्रदर्शन को लेकर भी बड़ा दावा किया. उमेश कुशवाहा ने कहा कि एनडीए बिहार की सभी आठ सीटों पर जीत प्राप्त करेगा.
अब नामांकन पर रहेगी नजर
अनंत सिंह-नीरज कुमार विवाद के बीच सोमवार का नामांकन कार्यक्रम जेडीयू के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. एक तरफ प्रदेश अध्यक्ष पार्टी की एकजुटता का दावा कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ अनंत सिंह लगातार जन सुराज प्रत्याशी के समर्थन में सक्रिय हैं. ऐसे में नामांकन के दौरान जेडीयू नेताओं की मौजूदगी और पार्टी की आगे की रणनीति पर नजर रहेगी.