Last Updated:
Al Qaeda supports Flydubai Co-Piolet: इजरायली यात्रियों को ले जा रहे विमान पर जिस तरह के आतंकी हमले की कोशिश की गई, उसे लेकर एक तरफ जांच चल रही है, दूसरी ओर आतंकवादी संगठन अल कायदा ने सनसनीखेज तरीके से पायलट की तारीफ की है. आतंकी संगठन की ओर से कहा गया है कि वो आगे ऐसे और हमले करेगा और इजरायल-अमेरिका का नामोनिशान मिटा देगा.
अलकायदा ने फ्लाईदुबई अटैक की तारीफ की.
Al Qaeda supports Flydubai Co-Piolet: फ्लाईदुबई कांड में अब एक नया मोड़ आ गया है. अब तक यूएई की अदालत ने ही कहा था कि ये आतंकी हमला था, अब आतंकवादी संगठन अल-कायदा ने इस कांड की तारीफ करके साबित कर दिया है कि वाकई ये 181 लोगों को एक साथ मारने की सोची-समझी साजिश थी. अल-कायदा से जुड़े एक प्रकाशन में अमेरिकी और इजरायली यात्रियों को ले जाने वाले विमानों को निशाना बनाने की अपील किए जाने की खबर सामने आई है. न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक संगठन से जुड़े समर्थकों ने अपने हालिया साप्ताहिक प्रकाशन में वर्ष 2001 के 9/11 हमलों का हवाला देते हुए ऐसे ही हमलों को दोहराने की बात कही.
रिपोर्ट के मुताबिक यह सामग्री अल-कायदा समर्थक टेलीग्राम चैनलों पर साझा की गई थी, लेकिन बाद में इसे हटा दिया गया. लेख में हाल ही में दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुई गंभीर घटना का भी जिक्र किया गया. रिपोर्ट के मुताबिक ये आर्टिकल अरबी भाषा में लिखा गया है और जिहाजी को-पायलट की जमकर तारीफ की गई है. इसके साथ ही कहा गया है कि ऐसी और भी घटनाओं को अंजाम दिया जाएगा और इजरायल-अमेरिका को खत्म कर दिया जाएगा.
9/11 दोहराने की धमकी
लेख में अमेरिका और इजरायल के नागरिकों को ले जाने वाले विमानों को निशाना बनाने की अपील की गई. इसमें 11 सितंबर 2001 के हमलों का संदर्भ देते हुए कहा गया कि अमेरिकी और इजरायली विमानों को अभी भी निशाना बनाया जा सकता है. आर्टिकल में 9/11 हमलों के दौरान वर्ल्ड ट्रेड सेंटर से टकराते विमान की तस्वीर के साथ फ्लाईदुबई विमान से जुड़ी घटना का भी जिक्र किया गया. इस तरह के लेख को सिक्योरिटी पर गंभीर खतरा माना जा रहा है.
फ्लाईदुबई की फ्लाइट में क्या हुआ था?
यमन स्थित अल कायदा की शाखा की ओर से प्रकाशित इस लेख को ऐसे वक्त में लिखा गया है, जब फ्लाईदुबई कांड सामने आया है. आपको याद दिला दें कि फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में उड़ान के दौरान एक गंभीर आपात स्थिति पैदा हो गई थी. विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था और उसमें 170 से अधिक यात्री और क्रू सदस्य सवार थे. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र से गुजरते समय विमान ने अचानक तेज मोड़ लिया और कुछ ही समय में करीब 16,000 फीट से ज्यादा नीचे गिर गय. फ्लाइट से इमरजेंसी और हाईजैकिंग के कोड भेजे गए. हालांकि बाद में विमान का रुख बदला गया और उसे सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित उतारा गया.
को-पायलट ने की भी क्रैश की कोशिश
बाद में पता चला कि कॉकपिट में मौजूद को-पायलट हमाम अल-हमामी ने कॉकपिट में कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था. हमले में कॉकपिट में इमरजेंसी के लिए रखी गई कुल्हाड़ी का इस्तेमाल किया गया. जख्मी कैप्टन ने किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोला. इसके बाद यात्रियों ने अंदर पहुंचकर को-पायलट को काबू में किया और स्थिति काबू में आई.