बदायूं: जलती हुई झोपड़ी, सामने खड़ी एक युवती और कैमरे में रिकॉर्ड हो रहा उसका गुस्सा. बदायूं का एक वीडियो इन दिनों काफी चर्चा में है जिसमें युवती कहती सुनाई दे रही है कि वह ‘फूलन देवी बनकर बदला लेगी’. फिलहाल, इस वीडियो के सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है.
बता दें वीडियो में नजर आ रही युवती की पहचान शिवानी कश्यप के रूप में हुई है. शिवानी का आरोप है कि पुलिस और लेखपाल की टीम जबरन उसके घर में घुसी और उसकी झोपड़ी में आग लगा दी. हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों से इनकार किया है. पुलिस का कहना है कि झोपड़ी में आग खुद लगाया गया है, ताकि घटना को अलग तरीके से पेश किया जा सके.
जमीन की पैमाइश को लेकर शुरू हुआ विवाद
दरअसल, यह पूरा मामला बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र के लाभारी गांव का है. यहां जमीन की पैमाइश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था. पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर को नन्नी देवी की शिकायत पर राजस्व विभाग की टीम गांव पहुंची और जमीन की पैमाइश की.
पुलिस का दावा है कि पैमाइश के बाद नन्नी देवी को उनकी जमीन पर कब्जा दिलाया गया. इसके अगले दिन यानी 30 सितंबर को नन्नी देवी ने अपनी जगह पर नींव भरवाने का काम शुरू कराया. आरोप है कि दूसरे पक्ष ने नींव को उखाड़ दिया, जिसके बाद विवाद फिर बढ़ गया.
पुलिस टीम के साथ दोबारा गांव पहुंची राजस्व टीम
पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर को राजस्व टीम पुलिस बल के साथ दोबारा गांव पहुंची थी. जमीन से जुड़े काम को आगे बढ़ाया जाना था. पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान सरकारी काम में बाधा डाली गई.
इसी दौरान झोपड़ी में आग लगने का मामला सामने आया. इसके बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में जलती झोपड़ी के सामने शिवानी कश्यप पुलिस और लेखपाल पर गंभीर आरोप लगाती नजर आ रही है.
युवती ने पुलिस और लेखपाल पर लगाए आरोप
वीडियो में शिवानी का आरोप है कि पुलिस और लेखपाल की टीम जबरन उसके घर में दाखिल हुई और झोपड़ी में आग लगा दी. इसी दौरान उसने गुस्से में कहा कि वह ‘फूलन देवी बनकर बदला लेगी’.
हालांकि, पुलिस का कहना है कि झोपड़ी में आग खुद लगाया है. पुलिस के मुताबिक, सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने के बाद घटना को दूसरे तरीके से पेश करने की कोशिश की गई.
मामले में पांच लोगों की गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, हल्का लेखपाल की तहरीर पर कादरचौक थाने में केस दर्ज किया गया है. मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया. इनमें एक महिला को मुचलके पर छोड़ दिया गया, जबकि चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है.
सपा सांसद ने की दूसरे थाने से जांच की मांग
युवती का वीडियो वायरल होने के बाद बदायूं से समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव ने भी मामले की जांच की मांग की. उन्होंने कहा कि जांच स्थानीय थाना पुलिस के बजाय किसी दूसरे थाने की पुलिस से कराई जानी चाहिए. सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि मामले में निर्दोष लोगों को फंसाने के लिए धाराओं का इस्तेमाल किया गया है.
फिलहाल, इस मामले में युवती के आरोप, पुलिस का पक्ष और सांसद की ओर से जांच की मांग सामने आई है. जमीन की पैमाइश से शुरू हुआ विवाद अब झोपड़ी में आग, वायरल वीडियो और पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है. मामले में आगे की स्थिति जांच और कानूनी कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगी.