Last Updated:
Hanumangarh Theft Incident: हनुमानगढ़ के धोलीपाल गांव में किन्नर चन्नी बाई के घर बड़ी चोरी और आगजनी की वारदात हुई है. बाइक सवार दो युवकों ने घर में घुसकर करीब 51 तोला सोना और 12 लाख रुपए नकद चोरी कर लिए. वारदात के समय घर में कोई मौजूद नहीं था. चोरी के बाद आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी तीन गाड़ियों में आग लगा दी, जिससे तीनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए. घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई. एसएफएल टीम ने मौके से साक्ष्य भी एकत्र किए हैं. पुलिस को शुरुआती जांच में वारदात के पीछे किसी पुरानी रंजिश का अंदेशा है. आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश के लिए पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है.
हनुमानगढ़ में बाइक सवार दो युवकों ने घर में घुसकर 51 तोला सोना और 12 लाख रुपए नकद चोरी कर ली
हनुमानगढ़. राजस्थान के हनुमानगढ़ जिला अंतर्गत धोलीपाल गांव में किन्नर के घर बड़ी लूट का मामला सामने आया है. किन्नर चन्नी बाई के घर बाइक सवार दो युवक घुसकर लाखों रुपए की चोरी की और इसके बाद घर के बाहर खड़ी तीन गाड़ियों में आग लगा दी. वारदात में करीब 51 तोला सोना और 12 लाख रुपए की नकदी चोरी होने की बात सामने आई है. आग लगने से तीनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए. घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिसके चलते आरोपी वारदात को अंजाम देकर आसानी से मौके से फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने आसपास के लोगों से भी घटना को लेकर जानकारी जुटाई है. प्रारंभिक जांच में पुलिस इस वारदात के पीछे किसी पुरानी रंजिश की आशंका जता रही है. हालांकि चोरी और वाहनों में आग लगाने के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.
वारदात के समय घर पर मौजूद नहीं था परिवार
बताया जा रहा है कि वारदात के समय चन्नी बाई और परिवार के अन्य लोग घर पर मौजूद नहीं थे. इसी का फायदा उठाकर बाइक सवार दो युवक घर में पहुंचे. आरोपियों ने घर में रखे सोने के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ किया. बताया जा रहा है कि चोर करीब 51 तोला सोना और 12 लाख रुपए नकद ले गए. चोरी करने के बाद आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी तीन गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया. कुछ ही देर में आग ने तीनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया और वे पूरी तरह जल गए.
एफएसएल टीम की भी ली जा रही है मदद
पुलिस के लिए मामले में चोरी के साथ वाहनों को आग लगाने की घटना भी अहम कड़ी है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या आरोपियों का मकसद केवल चोरी करना था या वारदात के पीछे कोई पुरानी दुश्मनी भी जुड़ी हुई है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि बाइक सवार दोनों युवकों की पहचान हो सके. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएफएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य जुटाए हैं. मौके पर मिले सबूतों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है जांच
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है. चोरी हुए सोने और नकदी की सही कीमत का आकलन भी किया जा रहा है. साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी घर में रखे सामान और परिवार की गैरमौजूदगी के बारे में पहले से जानते थे या नहीं. वारदात में किसी परिचित की भूमिका की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा गया है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.