वो 6 गेंदें जिसने छीनी भारत से जीत, वेस्टइंडीज लिए बना मैच का टर्निंग पॉइंट
Last Updated:
IND vs WI 3rd ODI Turning Point: तीन वनडे मैचों की सीरीज के आखिरी मुकाबले में टीम इंडिया को 5 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा. मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 351 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने रिकॉर्ड रनचेज करते हुए 10 रन रहते 352 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया. आइए जानते हैं क्या रहा मैच का टर्निंग पॉइंट.
भारत को तीसरे वनडे में 5 विकेट से मिली हार
नई दिल्ली: न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम में खराब गेंदबाजी के कारण भारत को तीसरे वनडे में 5 विकेट से हार मिली. वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 351 रन का स्कोर खड़ा किया था, लेकिन भारतीय गेंदबाज इसका बचाव नहीं कर सके. खास तौर पर अंतिम ओवरों में शाई होप और गुडाकेश मोती ने गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर दी. ऐसे में आइए जानते हैं मैच के उस टर्निंग पॉइंट के बारे में, जहां से भारत की हार तय हुई.
क्या रहा तीसरे वनडे का टर्निंग पॉइंट?
भारत के खिलाफ 352 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 44वें ओवर में वेस्टइंडीज का स्कोर 5 विकेट पर 293 रन था. कैरेबियाई टीम को 36 गेंदों में 59 रन बनाने थे. यहां से टीम इंडिया अगर कसी हुई गेंदबाजी करती, तो दबाव में वेस्टइंडीज के विकेट गिरने की संभावना बनती, लेकिन शाई होप और गुडाकेश मोती ने पूरी बाजी ही पलट दी.
44वें ओवर के बाद जो शाई होप सिर्फ सिंगल ले रहे थे, उन्होंने आक्रामक रुख अपना लिया. खास तौर पर 48वें ओवर में तो होप और मोती ने मिलकर अंशुल कंबोज को 22 रन कूट डाले और यही वेस्टइंडीज के लिए मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. उससे पहले गुरनूर बराड़ के ओवर में 15 रन बने थे. इस तरह वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने 12 गेंदों में 37 रन बनाकर मैच का रुख पूरी तरह पलट दिया.
पूरी सीरीज में भारत की गेंदबाजी रही लचर
वेस्टइंडीज के खिलाफ इस पूरी सीरीज में टीम इंडिया की गेंदबाजी लचर रही. गुवाहाटी वनडे मैच में तो वेस्टइंडीज ने अपने वनडे इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाते हुए 405 रन खड़े किए थे. हालांकि, उस मैच में टीम इंडिया ने जीत हासिल की थी, लेकिन गेंदबाजी की पूरी तरह से पोल खुल गई. सीरीज के पहले मैच में भी वेस्टइंडीज ने लगभग 300 रन का स्कोर बना लिया था.
भारत ने 2-1 से जीती सीरीज
टीम इंडिया को बेशक तीसरे वनडे मैच में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन सीरीज उसके नाम रही. टीम इंडिया ने पहले दो वनडे मैचों में जीत हासिल की थी. हालांकि, टी20 सीरीज से पहले टीम इंडिया को मिली यह हार मनोबल गिराने वाली है. वनडे के बाद भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 टी20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी.