Rewa: ‘तुम्हारे भाई को मारकर फेंक दिया, जो उखाड़ना है उखाड़ लो’, 3 दिन बाद नहर में मिला कमलेश का शव

Rewa: ‘तुम्हारे भाई को मारकर फेंक दिया, जो उखाड़ना है उखाड़ लो’, 3 दिन बाद नहर में मिला कमलेश का शव


Last Updated:

रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में शराब पार्टी के बाद कमलेश साकेत की हत्या कर दी गई. हत्या के बाद आरोपी ने परिजनों को फोन कर चुनौती दी. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर नहर से तीन दिन बाद शव बरामद कर लिया है.

Zoom

शव मिलने के बाद अस्पताल में परिजन और पुलिस.

Rewa News: रीवा जिले से एक सनसनीखेज हत्याकांड का मामला सामने आया है. यहां गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत डिहिया में दोस्तों ने एक युवक की निर्मम हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को नहर में फेंक दिया. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी आक्रोश का माहौल है.

आरोपी की खौफनाक चुनौती
इस हत्याकांड में सबसे हैरान करने वाली बात आरोपी का फोन कॉल रहा. हत्या को अंजाम देने के बाद खुद आरोपी ने मृतक के भाई को फोन किया. आरोपी ने फोन पर कहा, “तुम्हारे भाई को मारकर फेंक दिया है, जो उखाड़ना है उखाड़ लो”. फोन पर मिली इस कड़वी सच्चाई के बाद परिजनों के होश उड़ गए. परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी.

30 सितंबर से लापता था कमलेश साकेत
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, डिहिया ग्राम सहिजना का रहने वाला कमलेश साकेत अचानक गायब हो गया था. वह बीते 30 सितंबर की रात से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता था. काफी खोजबीन के बाद जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो परिजनों ने गोविंदगढ़ थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी.

शराब पार्टी के बाद वारदात
परिजनों ने पुलिस को बताया कि कमलेश को कुछ लोगों ने बुलाकर पहले शराब पिलाई. शराब पार्टी के बाद आरोपियों ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और शव को पानी में फेंक दिया.

पुलिस कार्रवाई और दो संदेही गिरफ्तार
सूचना मिलते ही गोविंदगढ़ थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए दो संदेहियों को राउंडअप किया. पुलिसिया पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. इसके बाद घटना के तीन दिन बाद पुलिस ने आरोपियों की ही निशानदेही पर स्थानीय नहर से कमलेश साकेत का शव बरामद कर लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है.

ग्रामीणों में आक्रोश
कमलेश साकेत का शव मिलने की खबर फैलते ही डिहिया गांव और आसपास के ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया. स्थिति को देखते हुए पुलिस मौके पर मुस्तैद है.

हत्या की वजह अभी अस्पष्ट
हालांकि, दोस्तों ने कमलेश को मौत के घाट क्यों उतारा और इस खूनी वारदात के पीछे की मुख्य वजह क्या थी, यह अभी तक पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और गिरफ्तार आरोपियों से विस्तृत पूछताछ के बाद ही हत्या के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.



Source link