Last Updated:
Jaipur News: जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने Zepto के डार्क स्टोर पर छापा मारा. 25 किलो एक्सपायर्ड खाना नष्ट किया गया, कीटनाशक और नॉन-वेज उत्पादों का गलत स्टोरेज मिला. सरसों तेल, मैगी, घी समेत कई सैंपल लिए गए. खाद्य पदार्थों के पास इस तरह की सामग्री रखे जाने को लेकर विभाग ने आपत्ति जताई. इसके अलावा स्टोर में नॉन-वेज उत्पादों को भी सही तरीके से स्टोर नहीं किया गया था.
जयपुर में Zepto के डार्क स्टोर पर खाद्य विभाग की कार्रवाई
जयपुर. राजधानी में शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई जारी है. इसी कड़ी में विभाग की टीम ने प्रताप नगर स्थित Zepto के डार्क स्टोर पर जांच की. यहां खाद्य सामग्री के रखरखाव और सफाई व्यवस्था को लेकर कई खामियां मिलीं. जांच के दौरान करीब 25 किलोग्राम अवधिपार यानी एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिली. विभाग की टीम ने इसे मौके पर ही नष्ट कर दिया. कार्रवाई के दौरान स्टोर में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी दूसरी व्यवस्थाओं को भी देखा गया.
जांच में खाद्य सामग्री के साथ कीटनाशक का स्टोरेज भी पाया गया. खाद्य पदार्थों के पास इस तरह की सामग्री रखे जाने को लेकर विभाग ने आपत्ति जताई. इसके अलावा स्टोर में नॉन-वेज उत्पादों को भी सही तरीके से स्टोर नहीं किया गया था. खाद्य सामग्री के रखरखाव में इस तरह की लापरवाही से सामान की गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा रहता है.
मिल्क चिलर में फैला मिला दूध
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को मिल्क चिलर की स्थिति भी ठीक नहीं मिली. चिलर में दूध फैला हुआ था और वहां से दुर्गंध भी आ रही थी. जांच के दौरान स्टोर की सफाई व्यवस्था को भी देखा गया. शेल्फ की सफाई संतोषजनक नहीं मिली. इसके साथ ही पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था भी मानक के अनुसार नहीं पाई गई.
दीवारों में मिले चूहों के बिल
जांच के दौरान स्टोर की दीवारों में जगह-जगह चूहों के बिल भी मिले. खाद्य सामग्री रखने वाली जगह पर चूहों की मौजूदगी को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने स्टोर की अलग-अलग व्यवस्थाओं की जांच की और खाद्य सामग्री के नमूने भी लिए.
सरसों तेल और घी समेत इन चीजों के सैंपल
कार्रवाई के दौरान विभाग ने सरसों तेल, मैगी नूडल्स, घी, पीनट नमकीन और हल्दी पाउडर के सैंपल लिए हैं. इन सैंपल को जांच के लिए भेजा जाएगा. सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर स्थिति और साफ होगी. विभाग की ओर से अभियान के तहत लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों और स्टोरेज सेंटरों की जांच की जा रही है.
अभियान के तहत लगातार कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की यह कार्रवाई शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान के तहत की गई है. अभियान का उद्देश्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और उसके सही रखरखाव की जांच करना है. खाद्य सुरक्षा के अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह ने कार्रवाई की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि विभाग की टीमें अभियान के तहत लगातार जांच कर रही हैं. प्रताप नगर स्थित Zepto के डार्क स्टोर पर हुई इस कार्रवाई में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री नष्ट करने के साथ कई खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए गए हैं. अब सैंपल की जांच और आगे की विभागीय कार्रवाई पर नजर रहेगी.