Last Updated:
Kamalnath: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पिता ने उत्तर के बिजनौर में 90 बीघा जमीन ली थी. जिसमें से 26 बीघा जमीन हड़पने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि कमलनाथ के पिता का फर्जी डेथ सर्टिफिकेट तैयार किया और उसमें उनके पिता की मौत की तारीख 10 अप्रैल 2003 दिखाई, जबकि कमलनाथ के पिता की मौत साल 2004 में हुई थी. यानि के उनके पिता की मौत से पहले ही उनका डेथ सर्टिफिकेट तैयार किया गया था.
कमलनाथ के पिता की जमीन हड़पने के लिए रचा खेल
Kamal Nath: कमलनाथ की गिनती कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में होती है. वह एमपी के मुख्यमंत्री रह चुके हैं. लेकिन अब उनके पिता की जमीन को हड़पने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि कमलनाथ के पिता की उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले की नजीबाबाद तहसील में करीब 90 बीघा जमीन मौजूद है, जिसमें से 26 बीघा जमीन को कथित तौर पर फर्जी वसीयत और फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र के जरिए हड़पने का प्रयास किया गया. इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है.
पूर्व सीएम ने दर्ज करवाई शिकायत
पुलिस अधीक्षक केके विश्नोई ने बताया कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने 30 सितंबर को नजीबाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि शिकायत के अनुसार नजीबाबाद तहसील के मौजा अमीखानपुर में उनके पिता महेन्द्रनाथ की करीब 90 बीघा जमीन है, जो बंटाई पर दी गई थी. विश्नोई ने बताया कि कमलनाथ ने 18 मई 2026 को नजीबाबाद की तहसीलदार अदालत में जमीन पर उत्तराधिकार के आधार पर अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया था. इस दौरान उन्हें पता चला कि करीब 26 बीघा जमीन के संबंध में लेखपाल ने रिपोर्ट दी है कि वह भूमि विवादित है.
उन्होंने बताया कि शिकायत में दावा किया गया है कि यह जानकारी मिलने पर कमलनाथ को पता चला कि इस भूमि को लेकर 2026 में एक दीवानी वाद भी दायर किया गया था. केके विश्नोई ने कहा कि आरोप है कि धर्मपाल नामक व्यक्ति ने जमीन पर अपना नाम दर्ज कराने के लिए कथित कूटरचित मृत्यु प्रमाणपत्र और फर्जी वसीयत तैयार कर तहसीलदार की अदालत में दावा पेश किया.
पिता की मौत 2004 में और डेथ सर्टिफिकेट में दिखाई गई 2003
पुलिस सूत्रों के मुताबिक कमलनाथ ने शिकायत में बताया कि उनके पिता महेन्द्रनाथ का निधन सात सितंबर 2004 को दिल्ली में हुआ था, जबकि कथित फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र में उनकी मृत्यु की तारीख 10 अप्रैल 2003 दर्शाई गई है. उन्होंने बताया कि कमलनाथ की शिकायत पर धर्मपाल सिंह, जसबिंदर ढिल्लों, विजय शंकर पांडेय और लेखपाल डेविड के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
सूत्रों के मुताबिक इस मामले में धर्मपाल सिंह और विजय शंकर पांडेय को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है. जमीन हड़पने के प्रयास में यदि कोई अन्य व्यक्ति या भूमाफिया संलिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.