Last Updated:
Banana Farming Profit: केले में कार्बोहाइड्रेट, पोटेशियम, फाइबर और विटामिन बी6 समेत कई तरह के एलिमेंट्स होते हैं. यह सेहत के लिए फायदेमंद होता है. लेकिन क्या आप जानते हैं सिर्फ केला ही नहीं, उसके पत्ते और यहां तक कि तने भी फायदेमंद हैं. केले के पौधे से कॉपी-किताबें बनाई जा रही हैं, जिनकी मांग देश-विदेश में बढ़ रही है. यह किसानों के एक्स्ट्रा इनकम का सोर्स बन गया है.
बुरहानपुर. मध्यप्रदेश का बुरहानपुर केले की खेती के लिए देशभर में अपनी अलग पहचान रखता है. यहां किसान बड़े पैमाने पर केले की खेती करते हैं, लेकिन अब केले की खेती सिर्फ फल बेचकर कमाई करने तक सीमित नहीं रह गई है. केले के पौधे के हर हिस्से का यूज कर नए-नए प्रोडक्ट तैयार किए जा रहे हैं. इसी नई पहल में केले के रेशों से तैयार होने वाला कागज और उससे बनने वाली कॉपी-किताबें खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं.
लोकल 18 से मेहुल श्रॉफ ने बताया कि केले की फसल में फल की कटाई के बाद पौधे का तना खेत में ही रह जाता है. पहले इसे कृषि अपशिष्ट के तौर पर देखा जाता था. लेकिन अब इसी तने से रेशे निकालकर उनका उपयोग कागज बनाने में किया जा रहा है. केले के रेशों से तैयार कागज की खासियत यह है कि यह मुलायम होने के साथ-साथ देखने में भी आकर्षक होता है. इसी वजह से केले के रेशों से बनी कॉपियों और किताबों को लोग पसंद कर रहे हैं. बुरहानपुर में तैयार किए जा रहे इन उत्पादों की मांग अब स्थानीय बाजार से निकलकर देश के दूसरे हिस्सों तक पहुंच रही है. इसके साथ ही विदेशों में भी केले के रेशों से बने कागज और उत्पादों को लेकर रुचि बढ़ रही है. पर्यावरण के प्रति बढ़ती जागरूकता के बीच कृषि अपशिष्ट से तैयार होने वाले ऐसे उत्पादों को एक नए विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है.
कई प्रकार के बनते हैं प्रोडक्ट
केले के पौधे के तने और दूसरे हिस्सों से सिर्फ कागज ही नहीं बल्कि कई तरह के उपयोगी उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं. इससे केले की खेती करने वाले किसानों को फसल के बाद अतिरिक्त आय का अवसर मिल रहा है. वहीं इन उत्पादों की प्रोसेसिंग और निर्माण से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं.
किसानों की कमाई का नया जरिया
बुरहानपुर में केले के पौधे का यह प्रयोग किसानों के लिए कमाई का नया जरिया बनने के साथ-साथ कृषि अपशिष्ट के बेहतर उपयोग की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. आने वाले समय में केले से बनने वाले इन उत्पादों का बाजार और बढ़ने की उम्मीद है.