30 सितंबर को फ्लाईदुबई फ्लाइट FZ1073 (flydubai Flight FZ1073) दुबई से तेल अवीव जा रही थी. आरोप है कि ओमानी मूल के को-पायलट ने विमान को क्रैश करने की कोशिश की. उसने कॉकपिट में ही कैप्टन स्मित मच्छर पर चाकू से हमला कर दिया. हमले के बाद विमान तेजी से नीचे गिरने लगा, करीब 14 हजार फीट तक नीचे आ गया था. कैप्टन ने बताया कि वह फर्श पर गिर गए थे, आंखें बंद होने पर भी उन्हें एहसास हो रहा था कि प्लेन नीचे जा रहा है. इसी घटना को लेकर उन्होंने पीएम मोदी को वीडियो कॉल पर बताया, कि जब भी दर्द में होता हूं तो हनुमान चालीसा पढ़ता हूं. उस समय भी मैं लगातार हनुमान चालीसा ही पढ़ रहा था, भगवान ने ही मुझे साक्षात बचाया.
इस घटना में कैप्टन गंभीर रूप से घायल हो गए, अभी भी उनके सिर पर पट्टी बंधी है और उनका इलाज चल रहा है. इस मुश्किल घड़ी में कैप्टन स्मित ने हिम्मत नहीं हारी. इसको लेकर उन्होंने पीएम मोदी से बातचीत में बताया कि इतनी चोटों के बाद भी उन्होंने खुद को घसीटते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोला, ताकि बाहर मौजूद क्रू और यात्री अंदर आ सकें. यात्रियों में मौजूद इजरायली सुरक्षाबलों ने को-पायलट को काबू किया. इसके बाद विमान की सऊदी अरब के ताबुक में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. सभी 174 लोग सुरक्षित बच गए. पीएम मोदी से स्मित मच्छर की इसी बातचीत पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि हनुमान चालीसा पढ़ने से आत्मविश्वास आता है.
कैप्टन स्मित और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई बातचीत को लेकर आचार्य धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि आज कैप्टन स्मित की हर जगह चर्चा हो रही है. मुश्किल वक्त में उनके हनुमान चालीसा का पाठ करने की बात ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया है. बाबा बागेश्वर के मुताबिक, जब कैप्टन स्मित पीएम मोदी से बात कर रहे थे, तब लोगों ने जाना कि हनुमान चालीसा और हनुमान जी का प्रभाव कितना अद्भुत हो सकता है.
हनुमान चालीसा से बढ़ता है आत्मविश्वास
बागेश्वर बाबा ने कहा कि जो भी हनुमान चालीसा का पाठ करता है, उसका आत्मविश्वास बढ़ता है. वह निर्भय बनता है और मुश्किल परिस्थितियों का सामना करने की हिम्मत हासिल करता है. कैप्टन स्मित के प्रसंग का जिक्र करते हुए उन्होंने हनुमान चालीसा को आत्मविश्वास और साहस से जोड़ा.
जेन जी के प्रदर्शन पर क्या बोले बाबा बागेश्वर
वहीं, देश में जेन जी के प्रदर्शन को लेकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि यह पीढ़ी समझदार है. इसे समझाने की नहीं, बल्कि समझने की जरूरत है. उन्होंने दिल्ली में लड़कियों के प्रदर्शन पर भी अपनी बात रखी. बाबा ने कहा कि महिला और पुरुष दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं. यह समझ और नजरिये का फर्क है.
11 अक्टूबर से रथ यात्रा करेंगे बागेश्वर बाबा
बता दें कि बाबा बागेश्वर अब रथ यात्रा पर निकलने वाले हैं. यह यात्रा 11 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक चलेगी. पांच दिनों की इस यात्रा में पांच जिलों से होकर करीब 500 किलोमीटर की दूरी तय करने की योजना है. उन्होंने बताया कि यात्रा का उद्देश्य हिंदू राष्ट्र के विचार को आगे बढ़ाना और जातिगत भेदभाव मिटाने का संदेश देना है.
नवंबर में बिहार आएंगे, बक्सर में करेंगे कथा
जानकारी के अनुसार, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री नवंबर में बिहार आने वाले हैं. इस दौरान बक्सर में उनकी कथा आयोजित होगी. उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में जल्द ही पदयात्रा करेंगे. हालांकि, इस पदयात्रा की तारीख और विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
पीएम मोदी से बातचीत में भावुक हो गए कैप्टन स्मित
बता दें कि 2 अक्टूबर को पीएम मोदी ने यूएई के अस्पताल में भर्ती कैप्टन स्मित से वीडियो कॉल पर बात की. पीएम ने कहा, पूरा देश आपके लिए प्रार्थना कर रहा है और आपके लिए महामृत्युंजय जाप हो रहा है. आपकी हिम्मत और सूझबूझ ने कई जानें बचाई. देश गर्व से कह सकता है कि भारतीय जान लेने वाले नहीं, जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले होते हैं. इस दौरान कैप्टन भावुक हो गए और बोले, आप मेरे सबसे बड़े आइडल हैं, मैंने कभी नहीं सोचा था कि आपसे बात करने का मौका मिलेगा. आपके कॉल से मुझे गर्व महसूस हो रहा है. पीएम ने उनकी मां गीता बेन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने गीता के संस्कारों से आपको पाला है.