Last Updated:
Kota BC Fraud Case: कोटा के नदी पार इलाके के बजरंगपुरा में बीसी के नाम पर 50 से ज्यादा लोगों से 80 लाख रुपये से अधिक की कथित ठगी का मामला सामने आया है. पीड़ितों ने कुन्हाड़ी थाने पहुंचकर बीसी संचालक पुरुषोत्तम तिवारी के खिलाफ शिकायत दी है. आरोप है कि लोग लंबे समय से हर महीने बीसी में पैसा जमा कर रहे थे. जब रकम वापस लेने का समय आया तो भुगतान नहीं किया गया. पीड़ितों के मुताबिक संचालक ने मकान बेचकर पैसा लौटाने का भरोसा दिया था, लेकिन मकान बेचने के बाद भी रकम नहीं लौटाई. अब संचालक और उसकी पत्नी के मौके से फरार होने की बात सामने आ रही है. पुलिस ने शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है.
कोटा के बजरंगपुरा में बीसी के नाम पर 50 से ज्यादा लोगों से 80 लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है
कोटा. राजस्थान के कोटा जिला अंतर्गत नदी पार इलाके के बजरंगपुरा में बीसी यानी कमेटी के नाम पर लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है. यहां बीसी में पैसा जमा कराने वाले 50 से ज्यादा लोगों ने कुन्हाड़ी थाने पहुंचकर बीसी संचालक के खिलाफ शिकायत दी है. पीड़ितों का आरोप है कि वे लंबे समय से बीसी के माध्यम से पैसा जमा कर रहे थे, लेकिन अचानक संचालक ने रकम लौटाना बंद कर दिया. पीड़ितों के मुताबिक कुल रकम 80 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है. शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
पीड़ितों का कहना है कि बजरंगपुरा निवासी पुरुषोत्तम तिवारी बीसी का संचालन करते थे. इलाके के कई लोग उनके पास नियमित रूप से पैसे जमा करवाते थे. शुरुआत में बीसी का काम सामान्य तरीके से चलता रहा और लोगों को समय पर रकम मिलने की उम्मीद थी. इसी भरोसे के चलते कई लोग लगातार अपनी बचत की रकम बीसी में जमा करवाते रहे. आरोप है कि बाद में अचानक भुगतान में परेशानी शुरू हो गई और लोगों को उनकी जमा रकम वापस नहीं मिली.
लोगों से ठगी के बाद बीसी संचालक पत्नी के साथ फरार
पीड़ितों के अनुसार जब उन्होंने बीसी संचालक पुरुषोत्तम तिवारी से अपनी रकम वापस मांगी तो उन्होंने मकान बेचकर पैसा लौटाने का भरोसा दिलाया था. बताया जा रहा है कि इसके बाद मकान भी बेच दिया गया, लेकिन पीड़ितों को अब तक उनकी रकम नहीं मिली. इसके बाद लोगों को आशंका हुई कि उनके साथ धोखाधड़ी की गई है. मामले को लेकर दर्जनों लोग एक साथ कुन्हाड़ी थाने पहुंचे और पुलिस को अपनी शिकायत दी. बीसी में छोटी-बड़ी रकम जमा करने वाले कई परिवार इस मामले से प्रभावित हुए हैं. किसी ने हर महीने कुछ हजार रुपये जमा किए तो किसी ने अपनी क्षमता के अनुसार बड़ी रकम लगाई. लंबे समय तक पैसा जमा करने के बाद जब रकम वापस नहीं मिली तो लोगों की चिंता बढ़ गई. पीड़ितों के मुताबिक अब बीसी संचालक पुरुषोत्तम तिवारी और उनकी पत्नी मौके पर मौजूद नहीं हैं. दोनों के फरार होने की बात कही जा रही है.
कुन्हाड़ी थाना पुलिस ने शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू की
पीड़ित दुर्गाशंकर ने बताया कि कई लोग लंबे समय से बीसी में पैसा जमा कर रहे थे. उन्हें उम्मीद थी कि तय समय पर उनकी रकम वापस मिल जाएगी, लेकिन अब पैसा नहीं मिल रहा है. वहीं पीड़ित सौरभ चावला ने भी अपनी रकम वापस नहीं मिलने की बात कही है. पीड़ितों ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर उनकी जमा रकम वापस दिलाने की मांग की है. वहीं कुन्हाड़ी थाना पुलिस ने शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस बीसी संचालक और उससे जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बीसी में कुल कितने लोगों ने रकम जमा की थी और कितनी राशि का लेनदेन हुआ है. पुलिस की जांच के बाद ही ठगी की कुल रकम और पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल 50 से अधिक लोगों से 80 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी की बात सामने आई है.