Last Updated:
पूर्वी चंपारण में एक ही दिन में 9 लोगों की डूबने से मौत हो गई. पहाड़पुर में 5 बच्चियां, बंजरिया में 3 युवक और घोड़ासहन में एक महिला की जान गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मोतिहारी: पूर्वी चंपारण में आज का दिन हादसों का दिन रहा. यहां एक ही दिन में अलग-अलग जगहों पर कई मौत हो गई. पहाड़पुर में पांच बच्चियों की डूबने से मौत हो गई. इस दर्दनाक हादसे को सुनने वाले सन्न पड़ जा रहे हैं. दूसरी तरफ बंजरिया में तीन युवक बर्थडे पार्टी करने गहरे पानी में नहाने चले गए और डूब गए. इन तीनों युवकों की मौत हो गई. घोड़ासहन में एक महिला की डूबने से मौत हो गई. पहाड़पुर में पांचों बच्चियां एक साथ डूब गई और उनकी मौत हो गई. घोड़ा सहन में महिला की जिउतीयां स्नान करने के दौरान डूबने से मौत हो गई.
मोतिहारी के बंजरिया प्रखंड में तीन युवकों के डूबने से हुई मौत के बारे में बंजरिया के सीओ कृष्ण प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि चैलाहा के यश कुमार, शकील अंसारी और समीर दीवान बंजरिया ब्लॉक स्थित खंडवा नहर के पास छठ घाट के पास बर्थडे मनाने गए हुए थे. बर्थडे मनाने के बाद उक्त युवक ने स्नान करने के लिए जैसे छलांग लगाई उन्हें गहराई का अंदाजा नहीं पता चल सका. इसके बाद तीनों युवक की मौत हो गई. करीब 2 घंटे गोताखोरों ने खोजबीन की जिसके बाद तीनों का शव निकाला गया. तीनों के परिजन मौके पर पहुंचे. वहां पहुंचते ही अपने बच्चों को देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. उनके बीच चीख पुकार मच गई. बंजरिया थाना अध्यक्ष निभा कुमारी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
इन घटनाओं के बाद उस गांव और आसपास के इलाकों में मातम पसरा हुआ है. घटना के बाद पीड़ितों के मुआवजे की मांग तेज हो गई है. पूर्वी चंपारण में एक ही दिन में 9 मौत हो जाने से कई गांव और क्षेत्र शोकाकुल हैं. सावधनी हटी और दुर्घटना घटी की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं लेकिन, इसके बाद भी लोग इन घटनाओं से सबक नहीं लेते हैं. थोड़ी सी चूक होते ही कई बार लोगों को जान से हाथ धोना पड़ता है और फिर परिजनों के पास पछताने के अलावा कुछ नहीं रहता है.