मछली के कचरे और गुड़ से घर पर ऐसे बनाएं जैविक टॉनिक, फसलों में फूंक देगा जान
Last Updated:
Meenamritam Preparing Method: जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए मीनामृतम किसानों के लिए कम लागत वाला विकल्प बन रहा है. इसे 5 किलो मछली के अपशिष्ट और 5 किलो पुराने काले गुड़ से तैयार किया जाता है. दोनों को मिलाकर करीब 15 दिन तक छायादार जगह पर फर्मेंटेशन किया जाता है. तैयार घोल में मछली के अपशिष्ट से मिलने वाले पोषक तत्व और गुड़ से सक्रिय होने वाले सूक्ष्मजीव मौजूद होते हैं. किसान इसे फसलों में फूल और फल आने के दौरान पानी में मिलाकर छिड़काव कर सकते हैं.
वर्तमान समय में रसायनों और महंगे उर्वरकों पर निर्भरता कम करने के लिए जैविक खेती की ओर किसानों का रुझान तेजी से बढ़ रहा है. इसी कड़ी में मीनामृतम यानी मछली और गुड़ का जैविक घोल किसानों के बीच एक असरदार और किफायती ग्रोथ प्रमोटर यानी पौधों की वृद्धि बढ़ाने के रूप में सामने आया है. सबसे खास बात यह है कि इसे मछली बाजार के फेंके जाने वाले कचरे से बेहद कम लागत में घर या खेत पर ही आसानी से तैयार किया जा सकता है.
मीनामृतम मछली के अपशिष्ट और काले देसी गुड़ के फर्मेंटेशन से तैयार होने वाली तरल जैविक खाद है. इसे बनाने के लिए 5 किलोग्राम मछली का कचरा, जिसमें सिर, कांटे, आंतें और छिलके शामिल होते हैं, लिया जाता है. इसमें 5 किलोग्राम पुराना काला गुड़ मिलाया जाता है. दोनों सामग्री को अच्छी तरह मिलाकर फर्मेंटेशन के लिए रखा जाता है. तैयार मीनामृतम में जैविक पोषक तत्व होते हैं, जो मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने और पौधों की वृद्धि में मदद कर सकते हैं.
मछली बाजार से लाए गए कचरे को सबसे पहले साफ पानी से अच्छी तरह धोया जाता है. इसके बाद मछली के अवशेष और गुड़ को किसी बड़े बर्तन में डालकर अच्छी तरह मिलाया जाता है. मछली में नुकीले कांटे होने के कारण इसे हाथों से मिलाने से बचना चाहिए. सुरक्षा के लिए प्लेट, चम्मच या लकड़ी के डंडे का इस्तेमाल किया जा सकता है. मिश्रण तैयार करते समय हाथों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना जरूरी है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
मछली के अवशेष और गुड़ का मिश्रण अच्छी तरह तैयार होने के बाद इसे मिट्टी के घड़े या प्लास्टिक के ड्रम में भर दिया जाता है. इसके बाद बर्तन को सीधे धूप से बचाकर छायादार जगह पर रखा जाता है. करीब 15 दिनों तक मिश्रण के फर्मेंटेशन की प्रक्रिया चलती है. प्रक्रिया पूरी होने के बाद मीनामृतम गाढ़े तरल टॉनिक के रूप में तैयार हो जाता है, जिसका उपयोग जैविक खेती में किया जा सकता है.
मछली के कचरे में नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटेशियम, प्रोटीन और कई सूक्ष्म पोषक तत्व पाए जाते हैं. वहीं, गुड़ फर्मेंटेशन के दौरान सूक्ष्मजीवों की गतिविधि बढ़ाने में मदद करता है. इससे तैयार मीनामृतम पौधों को पोषण देने के साथ उनकी प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में सहायक माना जाता है. इसके इस्तेमाल से मिट्टी में जैविक गतिविधियां बढ़ सकती हैं और उसकी उर्वरा शक्ति को बेहतर बनाने में मदद मिलती है.
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, फसलों में फूल और फल आने की अवस्था में मीनामृतम का उपयोग अधिक प्रभावी माना जाता है. इस दौरान इसे पानी में घोलकर 1 से 2 बार फसलों पर छिड़काव किया जा सकता है. इसके इस्तेमाल से फूलों का झड़ना कम करने, फलों के आकार और चमक को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है. साथ ही, किसानों को उत्पादन में भी बढ़ोतरी मिलने की संभावना रहती है.
कम लागत में तैयार होने वाला मीनामृतम तरल टॉनिक छोटे और सीमांत किसानों के लिए उपयोगी विकल्प बन रहा है. मछली के अपशिष्ट और गुड़ से तैयार होने के कारण इसे बनाने में ज्यादा खर्च नहीं आता. इसके इस्तेमाल से किसान जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ खेती की लागत कम करने का प्रयास कर सकते हैं. साथ ही, मछली के कचरे का उपयोग होने से अपशिष्ट प्रबंधन में मदद मिलती है और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है.