दुनिया के नक्शे पर एक छोटा सा टुकड़ा ऐसा है, जिसे लेकर इस समय पूरी दुनिया में हड़कंप मचा हुआ है. ये टुकड़ा है ‘कलिनीनग्राद’, और इसकी सुरक्षा के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने साफ कह दिया है कि अगर इस पर आंच भी आई, तो रूस अपने पूरे मिलिट्री सिस्टम और यहां तक कि परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करने से भी पीछे नहीं हटेगा. आखिर यूरोप के नक्शे में छिपा ये कौन सा इलाका है, जिसे बचाने के लिए पुतिन ‘नर्क के दरवाजे’ तक खोलने की धमकी दे रहे हैं? रूस से सैकड़ों किलोमीटर दूर नाटो देशों के बीचों-बीच फंसा कलिनीनग्राद रूस के लिए केवल जमीन का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि उसकी सबसे बड़ी सैन्य ताकत, सुरक्षा की ढाल और मान-सम्मान की बात है, जिस पर रूस अपनी जान छिड़कता है.
कलिनीनग्राद आखिर क्या है और ये नक्शे पर कहां स्थित है?
अगर दुनिया का नक्शा देखें तो कलिनीनग्राद आपको एक अजीब सी जगह पर दिखाई देगा. ये रूस का हिस्सा तो है, लेकिन ये मुख्य रूसी जमीन से बिल्कुल अलग-थलग पड़ा हुआ है. कलिनीनग्राद बाल्टिक सागर के किनारे बसा एक छोटा सा इलाका है, जो पूरी तरह से NATO के सदस्य देशों से घिरा हुआ है. इसके एक तरफ पोलैंड है, तो दूसरी तरफ लिथुआनिया.
रूस से कलिनीनग्राद जाने के लिए या तो आपको दो-तीन देशों की सीमाओं को पार करना पड़ता है या फिर बाल्टिक सागर का समुद्री रास्ता चुनना पड़ता है. करीब 15,000 वर्ग किलोमीटर में फैले इस छोटे से इलाके की आबादी लगभग 5 लाख के आसपास है. भौगोलिक रूप से अलग होने के बावजूद, ये रूसी संघ का एक बेहद अहम प्रशासनिक क्षेत्र है. इसे रूस का ‘एक्सक्लेव’ कहा जाता है, यानी ऐसा इलाका जो देश के मुख्य हिस्से से दूर किसी दूसरे देशों की सीमा में स्थित हो.
बर्फ न जमने वाला बंदरगाह: पुतिन की सबसे बड़ी मजबूरी और ताकत
कलिनीनग्राद पर रूस के जान छिड़कने की पहली और सबसे बड़ी वजह है इसका भूगोल और समंदर. रूस दुनिया का सबसे बड़ा देश जरूर है, लेकिन उसके उत्तरी और पूर्वी हिस्से के ज्यादातर बंदरगाह और समंदरी रास्ते कड़ाके की ठंड में बर्फ से जम जाते हैं. सर्दियों के मौसम में वहां से जहाजों को निकालना लगभग नामुमकिन हो जाता है.
लेकिन कलिनीनग्राद के साथ ऐसा नहीं है. बाल्टिक सागर में स्थित कलिनीनग्राद का ‘बाल्तीस्क बंदरगाह’ रूस का एकमात्र ऐसा बंदरगाह है, जो साल के बारह महीने और 365 दिन बर्फ से मुक्त रहता है. इसका पानी सर्दियों में भी नहीं जमता.
इसी वजह से रूस के सबसे शक्तिशाली बाल्टिक नौसैनिक बेड़े का मुख्य अड्डा कलिनीनग्राद में ही है. अगर कलिनीनग्राद रूस के पास न हो, तो सर्दियों के दिनों में रूस का बाल्टिक सागर और अटलांटिक महासागर से संपर्क पूरी तरह कट जाएगा. ये बंदरगाह रूस की नौसेना को पूरे साल खुले समंदर को कंट्रोल करने की आजादी देता है.
यूरोप के सीने पर तनी रूसी मिसाइलें: सेना का अभेद्य किला
कलिनीनग्राद केवल एक बंदरगाह नहीं है, बल्कि ये यूरोप के बिल्कुल बीचों-बीच तैनात रूस का एक ऐसा सैन्य किला है, जिससे पूरा नाटो गठबंधन थर-थर कांपता है. कलिनीनग्राद की लोकेशन ऐसी है कि वहां से रूस सीधे बर्लिन, वारसॉ, कोपेनहेगन और स्टॉकहोम जैसे बड़े यूरोपीय शहरों को सेकंडों में निशाना बना सकता है.
रूस ने कलिनीनग्राद को दुनिया के सबसे खतरनाक सैन्य ठिकानों में तब्दील कर दिया है
- इस्कंदर मिसाइलें: रूस ने यहां अपनी परमाणु क्षमता से लैस ‘इस्कंदर’ मिसाइलें तैनात कर रखी हैं. ये मिसाइलें इतनी तेज हैं कि नाटो का कोई भी एयर डिफेंस सिस्टम इन्हें पकड़ नहीं सकता.
- S-400 एयर डिफेंस: कलिनीनग्राद की हवाई सुरक्षा के लिए रूस ने अपना सबसे आधुनिक S-400 सिस्टम लगा रखा है, जो पूरे बाल्टिक क्षेत्र के हवाई क्षेत्र पर नजर रखता है.
- परमाणु ठिकाने: माना जाता है कि कलिनीनग्राद में रूस के गुप्त परमाणु भंडार और बंकर मौजूद हैं, जहां से जरूरत पड़ने पर कुछ ही मिनटों में परमाणु हमला किया जा सकता है.
सरल शब्दों में कहें तो कलिनीनग्राद नाटो के घर में घुसा हुआ रूस का वह चाकू है, जिसे रूस जब चाहे यूरोप की गर्दन पर रख सकता है. यही वजह है कि पश्चिमी देश कलिनीनग्राद की मौजूदगी से हमेशा असहज रहते हैं.
‘सुवालकी गैप’: नाटो देशों की रात की नींद उड़ाने वाला डर
कलिनीनग्राद से जुड़ा एक और नाम जो अंतरराष्ट्रीय राजनीति में अक्सर गूंजता है, वो है ‘सुवालकी गैप’. ये पोलैंड और लिथुआनिया के बीच फैला महज 60-70 किलोमीटर का एक संकरा सा जमीनी गलियारा है. ये गलियारा एक तरफ रूस के सहयोगी देश बेलारूस को जोड़ता है, तो दूसरी तरफ कलिनीनग्राद से मिलता है.
मिलिट्री एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर कभी रूस और नाटो के बीच सीधा युद्ध छिड़ता है, तो रूस सबसे पहले इस सुवालकी गैप पर कब्जा करेगा. अगर रूस बेलारूस की तरफ से हमला करके इस पतली पट्टी पर कब्जा कर लेता है, तो कलिनीनग्राद सीधे बेलारूस और रूस से जुड़ जाएगा.
ऐसा होते ही लिथुआनिया, लातविया और एस्टोनिया यानी बाल्टिक देश का बाकी यूरोप और नाटो से संपर्क पूरी तरह कट जाएगा. नाटो को सबसे बड़ा डर यही है कि रूस चुटकी बजाते ही इन 3 देशों को बाकी दुनिया से अलग-थलग कर सकता है.
इतिहास से जुड़ा लगाव: हिटलर को हराकर जीता गया गौरव
कलिनीनग्राद का इतिहास भी रूस के लिए बहुत ज्यादा मायने रखता है. दूसरे विश्व युद्ध से पहले इस शहर का नाम ‘कोनिग्सबर्ग’ हुआ करता था और ये जर्मन साम्राज्य और प्रूशिया की ऐतिहासिक राजधानी और सांस्कृतिक केंद्र था.
द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान 1945 में सोवियत संघ की लाल सेना ने भारी खून-खराबे और भीषण लड़ाई के बाद नाजी जर्मनी को हराकर इस शहर पर कब्जा किया था. युद्ध खत्म होने के बाद पॉट्सडैम समझौते के तहत ये इलाका सोवियत संघ को दे दिया गया. सोवियत नेता मिखाइल कालिनिन के नाम पर इसका नाम बदलकर ‘कलिनीनग्राद’ रखा गया.
रूस के लिए कलिनीनग्राद सिर्फ एक जमीन नहीं, बल्कि नाजी जर्मनी पर उसकी ऐतिहासिक जीत का सबसे बड़ा प्रतीक है. सोवियत संघ के विघटन के बाद जब कई देश अलग हो गए, तब भी कलिनीनग्राद रूस के पास ही रहा. इसलिए रूस के लोग इसे अपने बलिदान और राष्ट्रीय गौरव से जोड़कर देखते हैं.
आखिर पुतिन ने क्यों दी ‘नर्क के दरवाजे’ खोलने की चेतावनी?
हाल के दिनों में जब पश्चिमी देशों के नेताओं ने ये बयान देना शुरू किया कि वो 2029 या 2030 तक रूस के साथ युद्ध की तैयारियां कर रहे हैं, तो कलिनीनग्राद को लेकर फिर से माहौल गर्म हो गया. रूस को ये शक है कि नाटो देश बाल्टिक सागर में अपनी नौसेना का अभ्यास बढ़ाकर कलिनीनग्राद की नाकेबंदी करने की साजिश रच रहे हैं.
कलिनीनग्राद की नाकेबंदी का मतलब होगा कि वहां रहने वाले 5 लाख रूसी लोगों तक खाना, दवाइयां, ईंधन और सामान पहुंचना बंद हो जाएगा. रूस इसे अपनी संप्रभुता पर सीधा हमला मानता है. इसी वजह से व्लादिमीर पुतिन ने बहुत कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है, ‘हम किसी को धमकी नहीं दे रहे हैं और न ही 2029, 2030 या 2050 में किसी पर हमला करने का हमारा कोई इरादा है. लेकिन अगर हमारे कलिनीनग्राद या किसी भी इलाके पर आक्रामकता दिखाई गई या उसकी नाकेबंदी की कोशिश हुई, तो रूस अपने पास मौजूद हर हथियार का इस्तेमाल करेगा, चाहे वो परमाणु हथियार ही क्यों न हों’.
रूस के लिए करो या मरो’ है कलिनीनग्राद
कलिनीनग्राद रूस का वो अनमोल रतन है, जिसके बिना उसकी समुद्री ताकत अधूरी है और जिसकी बदौलत वो पूरे यूरोप पर अपना दबदबा बनाए रखता है. ये रूस के लिए सुरक्षा की गारंटी भी है और उसके ऐतिहासिक स्वाभिमान का हिस्सा भी. यही वजह है कि जब भी कलिनीनग्राद की तरफ कोई उंगली उठती है, तो पुतिन अपनी पूरी सैन्य ताकत दिखाने में एक सेकंड की भी देरी नहीं करते. कलिनीनग्राद की सुरक्षा रूस के लिए ‘करो या मरो’ जैसा मुद्दा है, और इसके लिए रूस दुनिया को सबसे बड़े विनाश की ओर ले जाने से भी पीछे नहीं हटेगा.