Last Updated:
Govind Singh Dotasara On Vishvendra Singh Resignation: राजस्थान कांग्रेस में विश्वेंद्र सिंह के कांग्रेस से अलग होने के संकेतों के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है. विश्वेंद्र सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि उनके पास अभी तक कोई आधिकारिक इस्तीफा या लिखित पत्र नहीं आया है. डोटासरा ने कहा कि सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर वह कोई निष्कर्ष नहीं निकालेंगे. उन्होंने विश्वेंद्र सिंह को वरिष्ठ और सम्माननीय साथी बताते हुए कहा कि लिखित आपत्तियां मिलने पर उन्हें गंभीरता से सुना जाएगा. परिवार को लेकर लगाए गए आरोपों पर भी डोटासरा ने जांच की बात कही. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इसे संगठन का मामला बताया.
विश्वेन्द्र सिंह के इस्तीफे पर क्या बोले कांग्रेस के वरिष्ठ लोग
जयपुर. राजस्थान कांग्रेस में पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह की ओर से पार्टी से अलग होने के संकेत देने के बाद सियासी हलचल तेज है. विश्वेंद्र सिंह ने फेसबुक पोस्ट के जरिए पार्टी को अलविदा कहने की बात कही है, लेकिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा है कि उनके पास अभी तक विश्वेंद्र सिंह का कोई आधिकारिक इस्तीफा या लिखित पत्र नहीं आया है. डोटासरा ने कहा कि सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर वे इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं करेंगे.
डोटासरा ने कहा कि वर्तमान में विश्वेंद्र सिंह कांग्रेस में हैं. जब तक उनकी औपचारिक चिट्ठी उनके पास नहीं आ जाती, तब तक वे पार्टी के वरिष्ठ और सम्माननीय साथी हैं. उन्होंने कहा कि विश्वेंद्र सिंह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री रहे हैं और उन्होंने लंबे समय तक पार्टी की सेवा की है. डोटासरा ने कहा कि विश्वेंद्र सिंह की जो भी भावनाएं हैं, उन्हें सुना जाएगा. अगर उनकी आपत्तियां या भावनाएं लिखित रूप में सामने आती हैं तो उस पर गंभीरता से विचार किया जाएगा. उन्होंने साफ कहा कि केवल सोशल मीडिया पर सामने आई बातों के आधार पर वह कोई निष्कर्ष नहीं निकालेंगे.
‘मैं उनका राज्य मंत्री रहा, वे मेरे कैबिनेट मंत्री थे’
विश्वेंद्र सिंह के साथ अपने पुराने संबंधों का जिक्र करते हुए डोटासरा ने कहा कि वह उनके राज्य मंत्री रहे हैं और विश्वेंद्र सिंह उनके कैबिनेट मंत्री थे. डोटासरा के अनुसार विश्वेंद्र सिंह का उनके प्रति हमेशा स्नेह और आशीर्वाद रहा है. वे उन्हें अपने छोटे भाई की तरह मानते थे और उनके कमरे में आकर मिला करते थे. डोटासरा ने यह भी कहा कि पिछले करीब ढाई साल में संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विश्वेंद्र सिंह से उनका कोई संवाद कायम नहीं हो सका. उन्होंने कहा कि इसके कई कारण हो सकते हैं. स्वास्थ्य कारण भी हो सकता है या कोई दूसरी वजह हो सकती है. डोटासरा ने कहा कि विश्वेंद्र सिंह ने कभी औपचारिक रूप से उनके सामने किसी बात को लेकर आपत्ति दर्ज नहीं कराई.
परिवार पर लगाए आरोपों पर डोटासरा ने दी सफाई
विश्वेंद्र सिंह की ओर से डोटासरा और उनके परिवार को लेकर लगाए गए आरोपों के सवाल पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने कभी विश्वेंद्र सिंह को भाजपा का टूल नहीं कहा. डोटासरा ने कहा कि उन्होंने सिर्फ उनके परिवार पर लगाए गए आरोपों की भाषा को भाजपा के टूलकिट जैसी भाषा बताया था. डोटासरा ने कहा कि उन्हें यह भी नहीं पता कि जिस फेसबुक अकाउंट से यह भाषा लिखी गई है, वह विश्वेंद्र सिंह का असली अकाउंट है या नहीं. उन्होंने कहा कि मामले में जो भी आरोप-प्रत्यारोप लगाए गए हैं, उनकी पूरी जांच होनी चाहिए. जरूरत पड़ी तो अनुशासन समिति भी इस मामले को देख सकती है. गहन जांच के बाद ही वास्तविकता सामने आएगी.
‘ढाई साल से सरकार क्या कर रही है’
डोटासरा ने भाजपा सरकार पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अगर किसी मामले में कोई गलती या गड़बड़ी है तो उसे सामने लाया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर 2028 में कांग्रेस की सरकार बनती है तो ऐसे मामलों की दोबारा जांच करवाई जाएगी. डोटासरा ने कहा कि संगठन की प्रक्रिया के तहत बने जिला अध्यक्ष उनकी पार्टी की इकाई हैं और वे कांग्रेस के लिए काम कर रहे हैं. विश्वेंद्र सिंह की आपत्तियां लिखित में मिलने के बाद उनका गहनता से विचार किया जाएगा.
टीकाराम जूली बोले- मामला संगठन का है
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी विश्वेंद्र सिंह के मामले पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि यह संगठन का मामला है और अभी तक कोई औपचारिक बात सामने नहीं आई है, इसलिए वह इस पर कुछ नहीं कहेंगे. जूली ने निकाय चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया है और कांग्रेस में सभी लोग एकजुट हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी मिलजुलकर पंचायत चुनाव लड़ेगी. फिलहाल विश्वेंद्र सिंह के फेसबुक पोस्ट के बाद कांग्रेस में इस मुद्दे पर चर्चाएं तेज हैं. वहीं डोटासरा ने साफ किया है कि आधिकारिक चिट्ठी मिलने के बाद ही पार्टी स्तर पर इस मामले में आगे कोई बात कही जाएगी.