Gandhi Jayanti Special Parenting tips: हर माता-पिता की चाहत होती है कि उनका बच्चा संस्कारी, अनुशासित और एक बेहतर इंसान बने. इसके लिए वे बच्चों को रोज अच्छी-अच्छी बातें सिखाते हैं और कई बार रोक-टोरोक भी करते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि लाख कोशिशों के बावजूद बच्चे आपकी बात क्यों नहीं मानते? इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि बच्चे सिर्फ सुनने से नहीं, बल्कि देखकर सीखते हैं. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने एक बहुत बड़ी बात कही थी— “मेरा जीवन ही मेरा संदेश है.” यानी अगर आप बच्चों में कुछ अच्छा देखना चाहते हैं, तो उसकी शुरुआत आपको खुद से करनी होगी. आइए जानते हैं उन 3 जरूरी आदतों के बारे में, जिन्हें बच्चों को सिखाने से पहले माता-पिता को खुद अपने अंदर बदल लेना चाहिए:
1. सफाई (Cleanliness): खुद गंदगी फैलाएंगे, तो बच्चा कैसे सीखेगा?
अक्सर हम बच्चों को डांटते हैं कि खिलौने सही जगह रखो, कमरे को साफ रखो या हाथ धोकर आओ. लेकिन कई बार पैरेंट्स खुद घर में सामान बिखरा छोड़ देते हैं, डस्टबिन का इस्तेमाल किए बिना यहां-वहां चीजें फेंक देते हैं या अपनी व्यक्तिगत स्वच्छता को लेकर लापरवाही बरतते हैं.
बदलाव क्या करें: स्वच्छता केवल बच्चों पर थोपने की चीज नहीं है. अपने आसपास सफाई रखने की शुरुआत खुद करें. अगर आप खुद अपनी चीजें करीने से रखते हैं, जूठे बर्तन सिंक में डालते हैं और स्वच्छता का पूरा ध्यान रखते हैं, तो बच्चों को इसके लिए बार-बार टोकना नहीं पड़ेगा. वे आपको देखकर खुद-ब-खुद साफ-सुथरा रहना सीख जाएंगे.
2. अनुशासन (Discipline): पहले खुद वक्त के पाबंद बनें
हम बच्चों को सुबह जल्दी उठने, समय पर पढ़ाई करने और मोबाइल से दूर रहने की सख्त नसीहत देते हैं, जबकि खुद घंटों सोशल मीडिया या टीवी पर वक्त बिताते हैं, रात को देर से सोते हैं और सुबह लेट उठते हैं.
बदलाव क्या करें: बच्चे बड़ों के व्यवहार को बहुत बारीकी से नोटिस करते हैं. अगर आप चाहते हैं कि आपका बच्चा अनुशासन में रहे, तो आपको खुद समय का पक्का बनना होगा. घर के कुछ बुनियादी नियम बनाएं, जैसे डिनर टेबल पर फोन का इस्तेमाल न करना या समय पर सोना. इन नियमों को बच्चों के साथ-साथ खुद पर भी सख्ती से लागू करें. जब बच्चे आपको नियमों का पालन करते देखेंगे, तो वे भी उसका अनुसरण करेंगे.
3. सादगी (Simplicity): दिखावे की दुनिया से बाहर निकलें
आज के डिजिटल और भौतिकवादी युग में हर छोटी बात पर दिखावा और जरूरत से ज्यादा चीजों की मांग आम हो गई है. बच्चे भी महंगे गैजेट्स, ब्रांडेड कपड़ों और फैंसी चीजों की जिद करने लगते हैं, क्योंकि वे अपने आस-पास यही सब देखते हैं.
बदलाव क्या करें: महात्मा गांधी सादगी और विचारों की उच्चता के प्रतीक थे. जीवन में सादगी अपनाना सिखाने के लिए जरूरी है कि घर का माहौल दिखावे से दूर हो. बच्चों को पैसों की कीमत समझाएं, उन्हें बचत का महत्व बताएं और यह अहसास कराएं कि जीवन की सच्ची खुशी महंगे सामानों में नहीं, बल्कि संतोष, मेहनत और अपनों के साथ में है.
यह कहा जा सकता है कि बच्चों की परवरिश करना कोई आसान काम नहीं, बल्कि एक बेहद खूबसूरत सफर है. अगर आप चाहते हैं कि आपका बच्चा एक गुणवान, समझदार और जिम्मेदार नागरिक बने, तो उसे लंबी-लंबी सलाह या लेक्चर देने के बजाय खुद को एक आदर्श उदाहरण के रूप में पेश करें.
याद रखिए, बच्चे आपके शब्दों (Words) से ज्यादा आपके आचरण और व्यवहार (Actions) से सीखते हैं. इसलिए बच्चों को सुधारने से पहले खुद को बदलना ही सबसे सफल पेरेंटिंग का मूलमंत्र है!