नई दिल्ली (Weird High Paying New Age Courses). एक दौर में पढ़ाई का मतलब डॉक्टर, टीचर, इंजीनियर या सीए बनना हुआ करता था. मिलेनियल्स यानी 90 के दशक में पैदा हुई पीढ़ी तक ने जिन करियर ऑप्शंस के बारे में कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा, Gen Z उन्हीं अनोखे क्षेत्रों में लाखों-करोड़ों की कमाई कर रही है. वक्त बहुत तेजी से बदला है. अब ट्रेडिशनल कोर्स की जगह ऐसी अनोखी स्किल्स आ गई हैं, जिनके बारे में सुनकर पहले लोग शायद हंसते थे, लेकिन आज वही क्षेत्र सबसे तगड़ा पैसा छाप रहे हैं.
मार्केट में छाए नए जमाने के 5 सबसे अजब-गजब और हाई पेइंग कोर्स
जेन जी यानी नई पीढ़ी लीक से हटकर चलने में भरोसा करती है. वह उन पुराने ट्रेंड्स को तोड़ रही है, जिनका नए जमाने में खास मोल नहीं रह गया है. नई पीढ़ी ने अपनी यह सोच शिक्षा और करियर में भी लागू रखी है. जानिए नई पीढ़ी के टॉप 5 कोर्स कौन से हैं.
1. एथिकल हैकिंग और साइबर डिफेंस
यह कोर्स किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. ‘हैकर्स’ का नाम सुनते ही दिमाग में किसी क्रिमिनल की तस्वीर उभरती है. लेकिन आज के समय में कंपनियां खुद ‘अच्छे हैकर्स’ को हायर करती हैं. एथिकल हैकिंग कोर्स में सिखाया जाता है कि कैसे बड़ी-बड़ी कंपनियों और बैंकों के सिस्टम को बिना नुकसान पहुंचाए उनकी सुरक्षा कमियों (Bugs) का पता लगाया जाए. आज के डिजिटल युग में हर कंपनी अपना डेटा बचाने के लिए जांबाज साइबर एक्सपर्ट तलाश रही है. इसके लिए वे पानी की तरह पैसा भी बहा रही हैं.
2. प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग
जब से चैटजीपीटी (ChatGPT) और एआई टूल्स ने दुनिया में तहलका मचाया है, तब से एक नया और अनोखा प्रोफेशन आया है- प्रॉम्प्ट इंजीनियर. क्या आप जानते हैं कि एआई से सही और सटीक काम निकलवाने के लिए उससे सही तरीके से बात करना भी कला है? इस कोर्स में सिखाया जाता है कि मनचाहे रिजल्ट के लिए एआई को कौन सा निर्देश (Prompt) दिया जाए. तकनीक की दुनिया में इस स्किल की मांग इतनी तेजी से बढ़ रही है कि बिना किसी पुरानी कोडिंग डिग्री के भी मोटा पैकेज हासिल कर सकते हैं.
3. मीम मार्केटिंग और सोशल मीडिया ट्रेंड्स कल्चर
मौजूदा दौर में अगर कोई ब्रांड इंटरनेट पर वायरल होना चाहता है तो वह पारंपरिक विज्ञापनों के बजाय मीम्स का सहारा लेता है. अब ‘मीम मेकिंग’ बच्चों का खेल नहीं, बल्कि करोड़पति बनाने वाला बिजनेस बन चुका है. इस मॉडर्न कोर्स में सिखाया जाता है कि कैसे इंटरनेट के बदलते ट्रेंड्स, जेन जी युवाओं की भाषा और जोक्स को समझकर किसी ब्रांड का प्रचार किया जाए. जो युवा सोशल मीडिया पर पूरा दिन बिताते हैं, उनके लिए यह करियर किसी सपने के सच होने जैसा है.
4. वर्चुअल रियलिटी (VR) और ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) डिजाइनिंग
मेटावर्स और थ्री-डाइमेंशनल डिजिटल दुनिया का दौर अब भविष्य नहीं बल्कि वर्तमान बन चुका है. वीआर और एआर डिजाइनिंग का कोर्स उन लोगों के लिए है जो आर्ट, टेक्नोलॉजी और इमेजिनेशन को एक साथ मिलाना जानते हैं. आज के समय में सिर्फ वीडियो गेम ही नहीं, बल्कि मेडिकल सर्जरी की ट्रेनिंग, रियल एस्टेट के वर्चुअल टूर और एजुकेशन सेक्टर में भी वीआर और एआर का धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहा है. इस अनोखे कोर्स को करने वाले युवाओं के लिए ग्लोबल मार्केट में अवसरों का खजाना खुला हुआ है.
5. सस्टेनेबिलिटी और ग्रीन टेक कंसल्टेंसी
बढ़ते प्रदूषण और क्लाइमेट चेंज के दौर में पूरी दुनिया ‘ग्रीन एनर्जी’ और पर्यावरण बचाने की बात कर रही है. सस्टेनेबिलिटी कंसल्टेंसी का नया कोर्स पर्यावरण की फिक्र करने वालों के लिए है. ये एक्सपर्ट कंपनियों को सिखाते हैं कि वे अपने बिजनेस में कार्बन फुटप्रिंट को कैसे कम कर सकती हैं. बड़ी-बड़ी कॉर्पोरेट कंपनियां इको फ्रेंडली काम को बढ़ावा देने के लिए अपने यहां ‘ग्रीन ऑफिसर’ रख रही हैं. यह ऐसा भविष्यवादी कोर्स है जो समाज में बदलाव लाने के साथ-साथ शानदार कमाई भी करवाता है.