Pitru Paksha 2026 Shopping Rules: क्या सच में पितृपक्ष में सोना, कपड़े, प्रॉपर्टी या नई चीजें खरीदने से पितर होते हैं नाराज? जानिए धार्मिक मान्यता

Pitru Paksha 2026 Shopping Rules: क्या सच में पितृपक्ष में सोना, कपड़े, प्रॉपर्टी या नई चीजें खरीदने से पितर होते हैं नाराज? जानिए धार्मिक मान्यता


Pitru Paksha 2026 Shopping Rules: सनातन धर्म में पितृपक्ष का बहुत महत्व है. हिंदू पंचांग के अनुसार, पितृपक्ष के 16 दिन वह अवधि है, जब पूर्वजों की आत्मा की शांति और उनके प्रति श्रद्धा प्रकट करने के लिए तर्पण और पिंडदान किए जाते हैं. इसे ‘सोलह श्राद्ध’ या ‘महालय पक्ष’ भी कहते हैं. मान्यता है कि पितृपक्ष के दौरान प्रतिदिन नियमानुसार पूर्वजों का पिंडदान और तर्पण करने से लोगों को पितृ दोष और पूर्वजों के ऋण से मुक्ति मिलती है. पितृपक्ष के समय बहुत से लोग वस्त्र, सोना, संपत्ति, वाहन आदि खरीदने से हिचकिचाते हैं. लोगों का मानना है कि यह समय सादगी से रहने और पितरों के ध्यान करने का है. अगर इस अवधि में नई शुरुआत या खरीदारी करते हैं तो कुछ अनहोनी होने की आशंका बनी रहती है. आइए जानते हैं क्या वाकई में पितृपक्ष के समय नई शुरुआत या खरीदारी करना सही नहीं माना जाता या फिर यह केवल एक भ्रम है.

सुनी सुनाई बातों ने फैलाया भ्रम
पितृपक्ष हर वर्ष आश्विन मास की प्रतिपदा तिथि से लेकर अमावस्या तिथि तक चलते हैं. 16 दिनों की इस अवधि में पितरों के नाम का तर्पण, पिंडदान, श्राद्ध कर्म आदि कार्य करते हैं. ऐसा करने से परिजन को अपने पूर्वजों का आशीर्वाद प्राप्त होता है, जिससे परिवार में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है. बहुत से लोग पितृपक्ष में नए कपड़े, सोना, संपत्ति, वाहन आदि की खरीदारी को सही नहीं मानते हैं लेकिन शास्त्रों में ऐसा करने पर कोई प्रतिबंध नहीं है. लोक परंपराओं और सुनी सुनाई मान्यताओं में इसे अशुभ मानकर खरीदरारी ना करने का भ्रम फैलाया गया है.

संतान की तरक्की चाहते हैं पितर
आश्वलायन गृह्यसूत्र, मत्स्य पुराण और गरुड़ पुराण में बताया गया है कि पितृपक्ष की अवधि कोई अशुभ समय नहीं है. यह पितरों की कृतज्ञता व्यक्त करने और उत्सव का समय है. इस अवधि में पितर सूक्ष्म स्वरूप में हमारे घर आते हैं और परिजनों को खुश होता देख प्रसन्न भी होते हैं. हर पितर चाहते हैं कि उनकी संतान समृद्ध हो और वंश अच्छे से आगे बढ़े. पितृपक्ष में पितरों को ध्यान करते हुए नए कार्य की शुरुआत या खरीदारी करना चाहिए, ऐसा करने से वे आयु: प्रजां धनं विघां अर्तात दीर्घायु, संतान, धन और विघा का आशीर्वाद प्रदान करते हैं.

पितृपक्ष में ये कार्य करना वर्जित
पितृपक्ष में नई शुरुआत, खरीदारी आदि कार्य करने में कोई मनाही नहीं है लेकिन धर्मशास्त्रों में पितृपक्ष के समय केवल मांगलिक संस्कार ना करने की सलाह दी गई है ना कि वस्तुओं की खरीदारी पर. कहा जाता है कि इन 16 दिनों के दौरान शुभ कार्य जैसे शादी-ब्याह, गृह-प्रवेश, सगाई, मुंडन संस्कार, जनेऊ संस्कार और नए व्यवसाय का शुभारंभ करना वर्जित माना गया है, ताकि परिवार का पूरा ध्यान और ऊर्जा पूर्वजों की आत्मा की शांति और पितृ-ऋण से मुक्ति पाने पर केंद्रित रहे.

चातुर्मास भी है एक वजह
शास्त्रों के मुताबिक, पूर्वजों की पूजा में अनुष्ठान की प्रक्रिया सर्वोपरि होती है, जबकि देवी-देवताओं की पूजा में भक्ति को प्रधानता दी जाती है, इसलिए इस दौरान सावधानी के साथ पूर्वजों की पूजा नियमानुसार हो. परिवार का पूर ध्यान पूर्वजों पर केंद्रित रहें. इसके लिए मांगलिक कार्य या नई शुरुआत से बचा जाता है. हालांकि, इसके पीछे एक और वजह यह है कि पितृपक्ष की अवधि के दौरान भगवान विष्णु अपने शयन काल, जिसे चातुर्मास भी कहा जाता है, में होते हैं. हरि आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी से कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी के दौरान कुल चार माह के लिए योगनिद्रा में लीन रहते हैं, इसलिए भी इस दौरान कोई नई शुरुआत या मांगलिक कार्य करने से बचा जाता है. इसके अतिरिक्त भी कई अन्य मान्यता के कारण पितृपक्ष के दौरान नई शुरुआत और मांगलिक कार्य से बचा जाता है.

तर्पण और श्राद्ध कर्म के लिए समर्पित
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पितृपक्ष के दौरान विवाह, गृह प्रवेश और मुंडन जैसे मांगलिक कार्यों का आयोजन वर्जित माना जाता है. इस निषेध का मुख्य कारण यह है कि यह अवधि पूरी तरह से पूर्वजों के स्मरण, तर्पण और श्राद्ध कर्म के लिए समर्पित होती है. पितृपक्ष की प्रकृति अत्यंत गंभीर और संयमित होती है, जबकि मांगलिक कार्यों में उत्सव और उल्लास का माहौल रहता है. माना जाता है कि ऐसे आयोजनों से इस विशेष समय की आध्यात्मिक गंभीरता और शांति प्रभावित हो सकती है.

पितृपक्ष में ना करें ये कार्य
धार्मिक शास्त्रों की मानें तो पितृपक्ष के दौरान सादे और सात्विक कपड़े पहनना अच्छा होता है. पूजा-पाठ और तर्पण के दौरान सफेद, हल्का पीला या अन्य हल्के रंग के कपड़े पहनने चाहिए. सादे कपड़े में रहकर जब आप श्राद्ध करते हैं, तो पूरा ध्यान पितरों की सेवा पर ही रहता है. मान्यता है कि पितृपक्ष के दौरान बाल और दाढ़ी नहीं कटाना चाहिए. इसके अलावा तामसिक भोजन मांस, अंडा, मछली का सेवन ना करें. इसके अलावा लहसुन-प्याज से भी परहेज करना चाहिए. शराब और नशीली चीजों से भी दूरी बनाकर रखना चाहिए. मान्यता है कि ऐसा करने से पूर्वज नाराज हो सकते हैं.

ऐसा करने से लगता है पितृदोष
पितृपक्ष के दौरान घर का वातावरण शांत और पवित्र रखना चाहिए. किसी भी प्रकार का झगड़ा करना अशुभ माना जाता है. घर में प्रेम, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखना चाहिए. पितृपक्ष के दौरान असहाय को परेशान नहीं करना चाहिए. पशु-पक्षियों को भी प्रताड़ित ना करें. ऐसा करने से पितृ दोष लग सकता है. पितृ पक्ष में पूर्वज अलग-अलग रूपों में अपने वंशजों से मिलने आते हैं, इसलिए विनम्र, ईमानदार और सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखना चाहिए. इस दौरान किसी को भी अपशब्द ना कहें और झूठ बोलने से बचें.



Source link