Last Updated:
Bhopal News: रिटायर्ड IAS अफसर राकेश अग्रवाल भोपाल स्थित अपने घर में मृत पाए गए थे. उनके गले पर धारदार हथियार से वार किया गया था. वारदात के बाद से आरोपी नौकर फरार है. केस की जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि अग्रवाल ने लगभग 11 महीने पहले धोखाधड़ी के मामले में अपने एक परिचित के खिलाफ पुलिस से शिकायत की थी.
रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल का गला धारदार हथियार से रेता गया.
रिपोर्ट- शिवकांत आचार्य, भोपाल. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रिटायर्ड IAS अफसर राकेश अग्रवाल की कत्ल की गुत्थी पुलिस सुलझाने में जुटी हुई है. भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरज नगर की यह घटना है. अग्रवाल का शव उनके घर में मिला था. गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे. वारदात के बाद से नौकर फरार चल रहा है. उसे घटना से तीन दिन पहले ही बतौर केयरटेकर रखा था. अब इस मामले में पुलिस को नया एंगल मिला है. दरअसल राकेश अग्रवाल ने करीब 11 महीने पहले अपने एक परिचित अजीत पाटनी के खिलाफ पुलिस में शिकायत की थी. मामला पैसों के लेनदेन से जुड़ा था. तब आरोपी की गिरफ्तारी भी हुई थी. पुलिस अब इस मामले और पुराने कोर्ट केस का हत्या से कनेक्शन तलाश रही है.
मिली जानकारी के अनुसार, राकेश अग्रवाल ने करीब 11 महीने पहले क्राइम ब्रांच में अजीत पाटनी के खिलाफ शिकायत की थी. उनका आरोप था कि अजीत ने एक कंपनी में उनसे इंवेस्टमेंट कराया. उन्हें ज्यादा रिटर्न का झांसा दिया गया था. इस तरह उनसे किस्तों में एक करोड़ रुपये से ज्यादा ले लिए थे लेकिन पैसे नहीं लौटाए. जिसके बाद अग्रवाल ने क्राइम ब्रांच से शिकायत की थी. शिकायत की तस्दीक के बाद पिछले साल अक्टूबर में अजीत पाटनी के खिलाफ केस दर्ज हुआ था और उसे गिरफ्तार किया गया था. पुलिस अब इस मामले से जुड़े लोगों, कोर्ट की कार्रवाई और राकेश अग्रवाल की दी हुई गवाही की भी जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस ने इस विवाद को हत्या की वजह नहीं माना है.
केयरटेकर पर हत्या का शक
गौरतलब है कि पुलिस का शुरुआती शक फरार केयरटेकर वरुण कुमार पर ही है. वारदात के बाद वह सीसीटीवी में बैग लेकर जाते दिख रहा है. उसके खिलाफ लूट और हत्या का केस दर्ज है. पुलिस को जांच के दौरान नौकरी के लिए बना उसका कैरेक्टर सर्टिफिकेट भी मिला है, जिसे पटियाला एसपी कार्यालय से बनवाया गया था.
रात 12 से दो बजे के बीच हुई हत्या
पुलिस के अनुसार, रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल की हत्या 29-30 सितंबर की दरमियानी रात 12 से दो बजे के बीच हुई थी. सीसीटीवी में रात करीब सवा दो बजे वरुण सूरज नगर से भदभदा की ओर जाते दिखा है. उसके हाथ में बैग भी है. रातीबड़ पुलिस ने वरुण के खिलाफ हत्या और लूट की धाराओं में FIR दर्ज की है. उसकी तलाश में जोन-1 की पांच पुलिस टीमें और क्राइम ब्रांच को लगाया गया है.
1982 बैच के IAS अफसर थे राकेश अग्रवाल
राकेश अग्रवाल मध्य प्रदेश कैडर के 1982 बैच के IAS अफसर थे. उन्होंने अपने लंबे प्रशासनिक करियर में कलेक्टर से लेकर उप-सचिव, संयुक्त सचिव, अतिरिक्त सचिव, प्रबंध निदेशक, निदेशक और सचिव जैसे कई अहम पदों पर काम किया था. उनका आखिरी दर्ज पद भोपाल की आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी के महानिदेशक का था. अग्रवाल ने एलएलबी की पढ़ाई की थी. इसके अलावा उनके पास पॉलिटिकल साइंस में पोस्टग्रेजुएट डिग्री और बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में एमबीए की डिग्री भी थी. इस तरह कानून, राजनीति विज्ञान और बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की पढ़ाई के साथ उन्होंने प्रशासनिक सेवा में लंबा करियर बनाया.