Last Updated:
Startup Success Story : पंजाब से निकलकर लंदन पहुंचे एक भारतीय युवा ने ऐसा कारनामा कर दिखाया कि उनका नाम भारत और एशिया में सबसे तेज यूनिकॉर्न बनाने वाली कंपनी के तौर पर दर्ज हो गया है. उन्होंने महज तीन महीने में ही अपनी कंपनी को यूनिकॉर्न बना दिया. फोर्ब्स ने तो कंपनी के फाउंडर पर्ल कपूर को भारत का सबसे युवा अरबपति भी घोषित कर दिया है.
साइबर सिक्योरिटी फर्म Zyber 365 के फाउंडर पर्ल कपूर ने 2023 में कंपनी बनाई थी.
नई दिल्ली. भारत के युवाओं का लोहा तो दुनिया मानती है, लेकिन आज हम आपको जिस युवा की सक्सेस स्टोरी बताने जा रहे, उसने तो वह कर दिखाया जो आज तक कोई नहीं कर सका. पंजाब में पैदा हुए पर्ल कपूर सच में समंदर के वो मोती साबित हुए, जिसने गहरा गोता लगाकर महज तीन महीने में ही हजारों करोड़ की कंपनी खड़ी कर दी. पर्ल कपूर के शानदार प्रदर्शन का अंदाजा आप ऐसे लगा सकते हैं कि उन्होंने महज 3 महीने में ही अपनी कंपनी को यूनिकॉर्न बना दिया. इससे पता चलता है कि उन्होंने जो धंधा चुना, उसकी आज की दुनिया में कितनी डिमांड है.
पर्ल कपूर की कहानी भारतीय अर्थव्यवस्था की तेज ग्रोथ के साथ कदमताल करती है. महज 27 साल की उम्र में पर्ल को भारत का सबसे युवा अरबपति चुना गया और फोर्ब्स के मुताबकि उनकी कुल नेट वर्थ 1.1 अरब डॉलर यानी करीब 10 हजार करोड़ बताई जाती है. उन्होंने साल 2023 में वेब-3 स्टार्टअप जायबर 365 (Zyber 365) को शुरू किया था. उनकी कंपनी ने शुरुआत के महज 3 महीने के भीतर ही यूनिकॉर्न का दर्जा हासिल कर लिया. इसका मतलब है कि उनकी कंपनी का वैल्यूएशन 1 अरब डॉलर को पार कर गया.
पंजाब से लंदन तक का सफर
पर्ल कपूर का जन्म पंजाब में हुआ था और उन्होंने लंदन के क्वीन मेरी विश्वविद्यालय से इनवेस्टमेंट बैंकिंग में एमएससी की थी. इसके बाद मई, 2023 में लंदन में ही Zyber 365 टेक्नोलॉजी लिमिटेड नाम से कंपनी बनाई. इस कंपनी में पर्ल कपूर की आज भी 90 फीसदी हिस्सेदारी है. यह कंपनी ब्लॉकचेन तकनीक और साइबरसिक्योरिटी के एआई इकोसिस्टम पर काम करती है. उन्होंने कंपनी भले ही लंदन में बनाई, लेकिन इसे चलाने के लिए भारत को चुना और अहमदाबाद से इसका ऑपरेशन शुरू किया. यह कंपनी भारत और एशिया में अब तक की सबसे तेजी से बढ़ने वाला स्टार्टअप साबित हुई है. कंपनी का वैल्यूएशन करीब 10 हजार करोड़ रुपये है.
कितनी है पर्ल कपूर की नेट वर्थ
जैसा कि आपको बताया कि पर्ल कपूर की कंपनी में हिस्सेदारी करीब 90 फीसदी है तो इस हिसाब से उनकी नेट वर्थ करीब 9,129 करोड़ रुपये आंकी जाती है. इस कंपनी की बढ़ती ग्रोथ को देखते हुए लंदन स्थित Sram & Mram Group ने भी सीरीज ए फंडिंग के तहत 10 करोड़ डॉलर का निवेश किया है और कंपनी में 8.3 फीसदी की हिस्सेदारी ले ली है. इस निवेश के बाद ही कंपनी की वैल्यूएशन 1.2 अरब डॉलर पहुंच गई है.
पहले भी बनाई थी एक कंपनी
पर्ल कपूर ने जाइबर से पहले भी एक कंपनी बनाई थी और एक उद्यमी बनने से पहले वह AMPM स्टोर में बतौर फाइनेंशियल एडवाइजर काम करते थे. इसके अलावा Antier Solutions के लिए उन्होंने बिजनेस एडवाइजर के तौर पर भी काम किया. उनके अंदर एंटरप्रेन्योरशिप का कीड़ा शुरू ही था और फरवरी, 2022 में उन्होंने अपनी पहली कंपनी Pay Technologies Pvt Ltd बनाई. इसके एक साल बाद ही उन्होंने Zyber 365 को शुरू किया. यह कंपनी साइबर सिक्योरिटी और ब्लॉकचेन जैसी आधुनिक तकनीक पर काम कर रही है.