Last Updated:
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला लगभग थम गया है. यही वजह है कि सूबे में दिन के वक्त लोगों को उमस वाली गर्मी झेलनी पड़ रही है. हालांकि रात के वक्त तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. इस बीच मौसम विभाग ने छिटपुट बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.
उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है.
लखनऊः उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून की वापसी हो रही है. सूबे में मौसम अपना करवट बदलता हुआ नजर आ रहा है. बारिश के चलते जहां ठंड का एहसास होने लगा था. वहीं अब दिन में धूप के चलते उमस वाली गर्मी हो रही है. हालांकि रात में तापमान में गिरावट लगातार दर्ज की जा रही है. रात को हल्का ठंडा मौसम हो रहा है. जबकि दिन में धूप की वजह से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. इस बीच मौसम विभाग का कहना है कि मौसम में चार दिन बाद मामूली बदलाव हो सकता है और हल्की बारिश के भी आसार हैं.
मौसम विभाग ने हल्की बारिश का जताया अनुमान
गुरुवार को दिन में अधिकतम तापमान 31.8 और रात में न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. गुरुवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा और तेज धूप निकली. पूरा दिन धूप होने के चलते गर्मी ने लोगों को सताया. तापमान में भी बढ़ोतरी हुई. दिन में अधिकतम तापमान बीते चौबीस घंटे में करीब 2 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया है. मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार ने बताया कि चार दिन मौसम में खास बदलाव नहीं होगा. उसके बाद हल्की बारिश का अनुमान है.
अचानक से क्यों बढ़ी उमस
बारिश के बाद निकली तेज धूप और वातावरण में मौजूद नमी के कारण उमस ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी. धूप से बचने के लिए लोग छांव और पेंड़ों का सहारा लेते नजर आए. पिछले दिनों बारिश के चलते मौसम सुहाना होने के बाद अचानक तेज धूप निकलने से गर्मी का असर अधिक महसूस हुआ है. मौसम विज्ञानी ने बताया कि बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ जाती है. इसके बाद तेज धूप निकलने पर उमस और गर्मी का असर अधिक महसूस होता है. बुधवार को आसमान साफ रहने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई. आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहने की संभावना है.