Drishyam 3 First Review: ‘तालियां बजानी चाहिए!’, ‘दृश्यम 3’ को ब्लॉकबस्टर बता रहे तरण आदर्श, दिमाग हिला देने वाला है क्लाइमैक्स

Drishyam 3 First Review: ‘तालियां बजानी चाहिए!’, ‘दृश्यम 3’ को ब्लॉकबस्टर बता रहे तरण आदर्श, दिमाग हिला देने वाला है क्लाइमैक्स


नई दिल्ली: ‘दृश्यम’ और ‘दृश्यम 2’ की कहानियों में जबरदस्त सस्पेंस था. कहानी कब, क्या मोड़ लेगी, दर्शक उसका अंदाजा नहीं लगा पाए थे. अब ‘दृश्यम 3’ से लोगों को भारी उम्मीद है. ‘दृश्यम 3’ की स्पेशनल स्क्रीनिंग में बैठे लोगों के रिएक्शन सामने आने लगे हैं, जिनसे लगता है कि ‘दृश्यम 3’ पिछली दोनों फिल्मों से ज्यादा इंटेंस है. ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श की मानें, तो यह ‘दृश्यम 3’ पिछली दोनों पार्ट से बेहतर है. वे इसे एक आसाधारण फिल्म बता रहे हैं, जिसके ब्लॉकबस्टर होने के पूरे आसार हैं. वे दावा कर रहे हैं कि फिल्म की कहानी और कलाकारों का अभिनय इतना जबरदस्त है कि दर्शक सीट से उठ नहीं पाएंगे. विजय सलगांवकर के किरदार में अजय देवगन ने कमाल का काम किया है. जयदीप अहलावत के साथ उनका टकराव दर्शकों के दिल और दिमाग पर छा जाएगा.

ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने ‘दृश्यम 3’ देखने के बाद सोशल मीडिया पर अपना रिएक्शन दिया, जिससे लगता है कि ‘दृश्यम 3’ पिछली दोनों पार्ट से कहीं बेहतर है. उन्होंने एक शब्द में इसका रिव्यू दिया. वे इसे 4.5 रेटिंग देते हुए लिखा, ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन असाधारण है. यह लोगों की भारी उम्मीदों पर खरी उतरती है. बिना किसी शक के यह ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की सबसे अच्छी फिल्म है, जो इसे 2026 की बेहतरीन फिल्मों में से एक बनाती है.’ तरण आदर्श सहित तमाम लोगों को यकीन है कि ‘दृश्यम 3’ ब्लॉकबस्टर है.

कहानी में नहीं कोई दोहराव
‘दृश्यम 3’ को अभिषेक पाठक ने डायरेक्ट किया है. तरण आदर्श ने अभिषेक पाठक की तारीफ करते हुए अजय देवगन-जयदीप अहलावत के टकराव को सराहा. वे लिखते हैं, ‘अभिषेक पाठक ने एक बार फिर साबित किया कि वे आज के बेहतरीन कहानीकारों में से एक क्यों हैं. वे फ्रैंचाइजी की नब्ज समझते हैं और पुराने फॉर्मूले को दोहराए बिना कहानी को आगे बढ़ाते हैं. असल में निर्देशन और लेखन फिल्म के दो सबसे मजबूत पिलर हैं. सबसे बड़ी बात है फर्स्ट हाफ में अजय देवगन और जयदीप अहलावत का आमना-सामना, जो जबरदस्त है. इसके लिए खड़े होकर तालियां बजानी चाहिए!’

(फोटो साभार: X)

उम्मीदों पर खरा उतरा क्लाइमैक्स
कोर्टरूम के सीन भी फिल्म की बड़ी खासियत हैं. असल में प्रकाश राज का अजय देवगन और उनके परिवार के साथ वाला पहला सीन भी एक शानदार पल है. तरण आदर्श ने बताया कि इसका क्लाइमैक्स भी उम्मीदों पर खरा उतरा है. वे लिखते हैं, ‘अब सबसे जरूरी क्लाइमैक्स की बात- क्या यह उम्मीदों पर खरा उतरता है? क्या यह भरोसेमंद तरीके से खत्म होता है? क्या यह आपको संतुष्ट करता है? हां, बिल्कुल…फाइनल बहुत जबरदस्त, बांधे रखने वाला और पूरी तरह से संतुष्टि देने वाला है.’

अजय देवगन के साथ छा गए जयदीप अहलावत
अजय देवगन विजय सलगांवकर के रोल में लौटे हैं, जो इस फ्रैंचाइजी की जान हैं. तरण आदर्शन किरदारों की परफॉर्मेंस पर लिखते हैं, ‘अजय देवगन इस मुश्किल रोल को कमाल की काबिलियत के साथ निभाते हैं. खासकर, जयदीव अहलावत के साथ इंटरवल से पहले वाला सीन दर्शकों को इसे बार-बार देखने के लिए मजबूर करेगा. जयदीप अहलावत की ‘दृश्यम 3′ में एक जबरदस्त एंट्री हुई है. उनकी एक्टिंग सधी हुई, लेकिन दमदार है. वे बिना शक के फिल्म की सबसे बड़ी खासियत में से एक है. तब्बू शानदार हैं. उनके किरदार में गुस्सा, दुख, बदला, पक्का इरादा झलकता है. उन्होंने जो अलग-अलग भावनाएं दिखाई हैं, वे एक बार फिर साबित करती हैं कि इस रोल के लिए वे सबसे अच्छी पसंद क्यों थीं. प्रकाश राज कमाल के हैं. उनका दबदबा और जबरदस्त स्क्रीन प्रेजेंस कहानी में काफी वजन डालता है. श्रेया शरण जबरदस्त फॉर्म में हैं, जबकि रजत कपूर अपने रोल में गरिमा और सच्चाई लाते हैं. कमलेश सावंत बेहतरीन हैं और कहानी में और वजन जोड़ते हैं. इशिता दत्ता और मृणाल जाधव अपने-अपने किरदारों में ठीक-ठाक हैं.’

बॉक्स ऑफिस पर राज करेगी ‘दृश्यम 3’
तरण आदर्श कहानी पर कहते हैं, ‘कहानी में संगीत की कोई गुंजाइश नहीं है, लेकिन बैकग्राउंड स्कोर जबरदस्त है और यह सस्पेंस और ड्रामा को काफी बढ़ा देता है. ‘दृश्यम 3′ यकीनन लोगों के दिलों और बॉक्स ऑफिस दोनों पर राज करेगी. यह एक ऐसा फिनाले है जो हर मामले में उम्मीदों पर खरा उतरता है.’ ‘दृश्यम 3’ का पहला पार्ट देखने के बाद कई दर्शकों ने इसे ब्लॉकबस्टर बताया है. लोग दावा कर रहे हैं कि इसका फर्स्ट हाफ पिछली दोनों फिल्मों से बेहतर है. लोगों का पहला रिएक्शन बता रहा है कि कहानी और किरदारों ने दर्शकों के दिलो-दिमाग पर जबरदस्त टेंशन क्रिएट किया है, जो किसी भी सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म की खूबी है. पुराने कलाकारों के साथ नए कलाकार स्क्रीन पर अपने जिस तरह पत्ते खोल रहे हैं, वह जबरदस्त है. जयदीप अहलावत की जबरदस्त परफॉर्मेंस की खूब तारीफ हो रही है. लोग उन्हें ‘शो स्टीलर’ बता रहे हैं. ‘दृश्यम 3’ देखकर निकले एक अन्य दर्शक ने एक्स पर अपना पहला रिएक्शन दिया. वे लिखते हैं, ‘हिंदी सिनेमा में ऐसा थ्रिलर पहले कभी नहीं देखा. यह आपको सीट से बांधे रखेगी.’ लोग इसे 4 स्टार फिल्म बता रहे हैं. निशांत नाम के यूजर के लिए ‘दृश्यम 3’ एक रोंगटे खड़े करने वाला अनुभव बन गया.



Source link