Last Updated:
Mohammad Deepak Arrested: उत्तराखंड के कोटद्वार में ‘मोहम्मद दीपक’ के नाम से चर्चित हुए जिम संचालक दीपक कुमार एक बार फिर बड़े विवाद में फंस गए हैं. इस बार उन पर फेसबुक कमेंट को लेकर हुए विवाद में एक व्यापारी को धमकाने का गंभीर आरोप लगा है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने दीपक को तत्काल गिरफ्तार कर लिया है.
दीपक कुमार कोटद्वार में गिरफ्तार.
कोटद्वार: इसी साल 26 जनवरी की एक घटना से देशभर में ‘मोहम्मद दीपक’ के नाम से मशहूर हुए उत्तराखंड के कोटद्वार निवासी दीपक कुमार कश्यप फिर से सलाखों के पीछे पहुंच गए हैं. सोशल मीडिया पर हुई एक छोटी सी बहस ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि नौबत गिरफ्तारी तक आ गई. सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो में वे एक साड़ी व्यवसायी को धमकाते हुए दिख रहे हैं. वायरल वीडियो पर एक्शन लेते हुए पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर लिया है.
दरअसल, विवाद की जड़ फेसबुक पर किए गए कुछ कमेंट्स बताए जा रहे हैं. आरोप है कि सोशल मीडिया की बहस से भड़के दीपक कुमार सीधे गंगा दत्त जोशी मार्ग स्थित एक साड़ी की दुकान पर पहुंच गए. वहां उन्होंने दुकानदार के साथ बहस की. उसे सरेआम धमकी दी. पीड़ित व्यापारी ने बिना देर किए कोटद्वार पुलिस को मामले की तहरीर दी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया. भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय व्यापारियों का गुस्सा भड़क उठा है. कोटद्वार कोतवाली में भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है.
कैसे पड़ा था ‘मोहम्मद दीपक’ नाम?
पेशा से जिम संचालक दीपक कुमार पहली बार 26 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय सुर्खियों में आए थे. उस दिन पटेल रोड पर एक बुजुर्ग मुस्लिम दुकानदार की दुकान के बोर्ड पर लिखे ‘बाबा’ शब्द को लेकर कुछ लोगों ने भारी हंगामा किया था. उस दौरान दीपक ने बीच-बचाव करते हुए उस बुजुर्ग दुकानदार का कड़ा बचाव किया था. उस घटना के वायरल वीडियो में जब भीड़ ने उनसे उनका नाम पूछा, तो उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ बताया था. इसके बाद से वह सोशल मीडिया पर इसी नाम से चर्चित हो गए.