पटना. राजधानी पटना में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए शुरू की गई ‘पुलिस दीदी’ पहल को लेकर चौंकाने वाला मामला सामने आया है. रामकृष्णा नगर इलाके में पेट्रोलिंग के दौरान कुछ युवकों ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी की और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की. घटना का वीडियो अब न्यूज18 के हाथ लगा है, जिसमें पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की घटना दिखाई दे रही है.
5 स्कूटी पर पेट्रोलिंग कर रही थीं पुलिसकर्मी
जानकारी के मुताबिक, घटना रामकृष्णा नगर इलाके में बुधवार रात की है. ‘पुलिस दीदी’ टीम की महिला पुलिसकर्मी पांच स्कूटी पर सवार होकर इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थीं. इसी दौरान कुछ युवकों ने उनके साथ कथित तौर पर बदतमीजी शुरू कर दी.
महिला पुलिसकर्मियों ने जब इसका विरोध किया तो मामला बढ़ गया. आरोप है कि युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई. घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
पुलिस दीदी से मारपीट का वीडियो आया सामने
वीडियो में पेट्रोलिंग कर रही महिला पुलिसकर्मियों के साथ कुछ युवकों की धक्का-मुक्की और मारपीट दिखाई दे रही है. वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है. हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि न्यूज18 नहीं करता है.
महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए बनी है टीम
‘पुलिस दीदी’ पहल का उद्देश्य छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है. इसके तहत महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी के जरिए विभिन्न इलाकों में पेट्रोलिंग की जिम्मेदारी दी गई है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हाल ही में महिला पुलिसकर्मियों को पिंक स्कूटी उपलब्ध कराकर पेट्रोलिंग का निर्देश दिया था. इस पहल के तहत संवेदनशील इलाकों, स्कूल-कॉलेजों और महिलाओं की आवाजाही वाले स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी बढ़ाने की योजना है.
पटना पुलिस के सामने चुनौती
पेट्रोलिंग के दौरान महिला पुलिसकर्मियों के साथ कथित बदसलूकी और मारपीट की घटना ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिस टीम को महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए सड़क पर उतारा गया है, उसी टीम के साथ इस तरह की घटना सामने आना पुलिस के लिए चुनौती माना जा रहा है. अब पुलिस की ओर से इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ क्या कदम उठाया जाता है, इस पर नजर रहेगी.