भ्रष्टाचार में घिरी CMHO डॉ. शोभा पटेल सस्पेंड, रिश्वत के बाद.. अब मृत कर्मचारी के नाम वेतन भुगतान का मामला

भ्रष्टाचार में घिरी CMHO डॉ. शोभा पटेल सस्पेंड, रिश्वत के बाद.. अब मृत कर्मचारी के नाम वेतन भुगतान का मामला


Last Updated:

CMHO डॉ. शोभा पटेल को मृत कर्मचारी के नाम करीब 9 महीने तक वेतन भुगतान के मामले में सस्पेंड किया गया है. विभागीय जांच में डॉ. शोभा पटेल और बाबू दिनेश पारीक को जिम्मेदार माना गया. विभाग ने इसे पद के दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितता माना है.

Zoom

CMHO डॉ. शोभा पटेल सस्पेंड

राजगढ़. मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. शोभा पटेल एक बार फिर सुर्खियों में आ गई हैं. अब मृत कर्मचारी के नाम पर कई महीनों तक वेतन भुगतान किए जाने के मामले में शोभा पटेल को निलंबित कर दिया गया है. 20 हजार की रिश्वत लेते लोकायुक्त ट्रैप में पकड़े जाने के बाद अब शोभा पटेल पर मृत कर्मचारी के नाम पर वेतन भुगतान का मामला सामने आया है.

विभागीय जांच में सामने आया कि 18 जनवरी 2025 को मौत हो चुकी स्वीपर सुमित्रा बाई के नाम पर अक्टूबर 2025 तक हर महीने 14,844 रुपए वेतन का भुगतान किया जाता रहा. जांच में इस मामले के लिए डॉ. शोभा पटेल के साथ कार्यालय के बाबू दिनेश पारीक को भी जिम्मेदार माना गया है. जांच में माना गया है कि पद का दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितता सामने आई हैं. कर्मचारी की मौत के बाद भी उसके नाम से लगातार वेतन भुगतान जारी रहा. आरोप है कि लोकायुक्त कार्रवाई के बावजूद डॉ. शोभा पटेल लंबे समय तक पद पर बनी रहीं, जिस पर पहले भी सवाल उठते रहे हैं.

सस्पेंड ऑर्डर

डॉ. शोभा पटेल पर बढ़ेगा जांच का दायरा
इतनी ही नहीं कर्मचारियों की ओर से भी पैसों की मांग किए जाने संबंधी शिकायतें सामने आने का दावा किया गया है. अब विभागीय जांच के बाद अन्य वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं की भी जांच की मांग तेज हो गई है. विभाग की जांच में यदि अन्य मामलों में भी वित्तीय गड़बड़ी या आपराधिक तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज होने की संभावना है. एक के बाद एक मामलों में घिरीं डॉ. शोभा पटेल पर अब जांच का दायरा बढ़ने के संकेत हैं.

लगातार लगते आ रहे भ्रष्टाचार के आरोप
अप्रैल के महीने में ही लोकायुक्त टीम ने  CMHO डॉ. शोभा पटेल को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए उनके घर पर रंगे हाथों पकड़ा था. यह कार्रवाई ट्रैप के तहत की गई. शोभा पटेल पर लगातार भ्रष्टाचार के लिए आरोप लग रहे थे.



Source link