Last Updated:
Bhopal Crime News: एमपी के भोपाल में रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल की हत्या और लूट के मामले में रातीबड़ पुलिस ने आरोपी वरुण कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. फरार आरोपी की तलाश में 4 से ज्यादा पुलिस टीमें जुटी हैं. आरोपी लोकेशन बार-बार बदल रहा है और इसी के सहारे पुलिस उसकी तलाश लगातार कर रही है…
BHOPAL IAS MURDER CASE (PIC CREDIT- NEWS18)
रमाकांत दुबे(भोपाल),
Retired IAS Rakesh Agrawal Murder Case: भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या और लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. रातीबड़ पुलिस ने इस मामले में आरोपी वरुण कुमार के खिलाफ हत्या और लूट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है. आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 127(2), 307 और 311 के तहत मामला दर्ज किया है. इन धाराओं में मर्डर, लूट और जानलेवा हमले से जुड़े गंभीर अपराध शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है.
आरोपी की तलाश में जुटीं कई टीमें
फरार आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की 4 से ज्यादा टीमें बनाई गई हैं. ये टीमें अलग-अलग ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ा जाए, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके.
मोबाइल लोकेशन से पकड़ने की कोशिश
जांच में पुलिस राकेश अग्रवाल के मोबाइल की मदद ले रही है. बताया जा रहा है कि आरोपी के पास उनका मोबाइल है और पुलिस उसी की लोकेशन ट्रेस करके आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. हालांकि, आरोपी बार-बार मोबाइल ऑन और ऑफ कर रहा है, जिससे पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहा है. इसके बावजूद पुलिस मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसका पता लगाने में जुटी है.
पुलिस को जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद
पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी जल्द ही उसकी गिरफ्त में होगा। लगातार दबिश और तकनीकी जांच के जरिए उसे घेरने की कोशिश की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद ही हत्या और लूट की इस वारदात के कारणों और पूरी कहानी का खुलासा हो पाएगा.
बुजुर्गों में डर का माहौल
वहीं, इस घटना के बाद शहर के बुजुर्गों में डर का माहौल है. वरिष्ठ नागरिकों ने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को पत्र लिखकर कहा है कि वे अब अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं हैं. लेटर में बताया गया है कि रहवासी कॉलोनियों के आसपास अवैध गतिविधियों के कारण संदिग्ध लोगों का जमावड़ा लगा रहता है. बुजुर्गों ने इससे पहले एक घर में दंपत्ति को गोली मारे जाने की घटना का भी जिक्र किया है.
उनकी मांग है कि भविष्य में कोई भी घटना होने पर नगर निगम और जिला प्रशासन की जिम्मेदारी तय की जाए और उन पर कार्रवाई हो. इसके साथ ही उन्होंने नगर निगम के भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई की भी मांग की है.