Mahindra ने सितंबर 2026 में घरेलू बाजार में 64,092 एसयूवी बेचकर 14 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की है. कुल ऑटो सेल्स 1,14,874 यूनिट रही, जिसमें एक्सपोर्ट शामिल है. ये पिछले साल के मुकाबले 15 प्रतिशत ज्यादा है. कंपनी के यूटिलिटी व्हीकल पोर्टफोलियो में अच्छी मांग देखने को मिली. साथ ही महिंद्रा ने अपनी इलेक्ट्रिक ओरिजिन एसयूवी की कुल बिलिंग 1 लाख यूनिट का आंकड़ा पार कर लिया है. ये उपलब्धि कंपनी की इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल स्ट्रेटजी को मजबूत करती है.
जूलाई-सितंबर तिमाही में पैसेंजर व्हीकल सेल्स 1,83,397 यूनिट रही, जो पिछले साल की समान अवधि से 26 प्रतिशत अधिक है. अप्रैल-सितंबर अवधि में घरेलू एसयूवी सेल्स 3,58,142 यूनिट पहुंच गई, जो लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है. कमर्शियल व्हीकल और थ्री-व्हीलर सेगमेंट में भी अच्छी तेजी रही, जबकि ट्रैक्टर सेल्स में गिरावट दर्ज हुई. कंपनी के ऑटोमोटिव बिजनेस प्रेसिडेंट डॉ. वेलुसामी आर ने एसयूवी और कुल वॉल्यूम की ग्रोथ के साथ इलेक्ट्रिक माइलस्टोन हासिल करने पर संतोष जताया.
एसयूवी सेल्स में 14% सालाना और 8% मासिक वृद्धि
सितंबर 2025 में घरेलू एसयूवी सेल्स 56,233 यूनिट थी, जो अब बढ़कर 64,092 यूनिट हो गई. इससे 7,859 अतिरिक्त यूनिट की बिक्री हुई. अगस्त 2026 की 59,257 यूनिट के मुकाबले मासिक आधार पर 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई.
इलेक्ट्रिक ओरिजिन एसयूवी ने 1 लाख बिलिंग का आंकड़ा पार किया
महिंद्रा की इलेक्ट्रिक ओरिजिन एसयूवी लॉन्च के बाद से अब तक 1 लाख यूनिट की बिलिंग पूरी हो चुकी है. ये कंपनी की इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल प्रेजेंस को और मजबूत बनाता है.
कमर्शियल व्हीकल और थ्री-व्हीलर में अच्छी ग्रोथ
घरेलू लाइट कमर्शियल व्हीकल सेल्स 30,420 यूनिट रही, जो 14 प्रतिशत बढ़ी. 2 टन से कम कैटेगरी में 4,044 यूनिट (19 प्रतिशत वृद्धि) और 2-3.5 टन में 26,376 यूनिट (13 प्रतिशत वृद्धि) दर्ज हुई. थ्री-व्हीलर सेल्स (इलेक्ट्रिक मॉडल सहित) 16,343 यूनिट रही, जो 26 प्रतिशत ज्यादा है. अप्रैल-सितंबर में थ्री-व्हीलर वॉल्यूम 82,058 यूनिट पहुंचकर 53 प्रतिशत बढ़ा. ऑटो एक्सपोर्ट 4,019 यूनिट रहा, जो 7 प्रतिशत कम है, लेकिन साल की पहली छमाही में एक्सपोर्ट 48 प्रतिशत बढ़कर 30,031 यूनिट हो गया.
ट्रक्स और बसों में 53% की मजबूती
ट्रक्स एंड बसेस बिजनेस (महिंद्रा ट्रक एंड बस डिवीजन और एसएमएल महिंद्रा) ने 2,912 यूनिट बेचीं, जो 53 प्रतिशत अधिक है. कार्गो व्हीकल 2,043 यूनिट (84 प्रतिशत वृद्धि) और पैसेंजर कमर्शियल 869 यूनिट (10 प्रतिशत वृद्धि) रहे. अप्रैल-सितंबर में कुल वॉल्यूम 17,805 यूनिट पहुंचकर 22 प्रतिशत बढ़ा है.
घरेलू ट्रैक्टर सेल्स में 23% गिरावट
फार्म इक्विपमेंट बिजनेस की घरेलू ट्रैक्टर सेल्स 50,208 यूनिट रही, जो 23 प्रतिशत कम है. कंपनी ने इसका कारण त्योहारी सीजन का अक्टूबर में शिफ्ट होना और पिछले साल जीएसटी कट के कारण ऊंचा बेस बताया. ट्रैक्टर एक्सपोर्ट 62 प्रतिशत बढ़कर 1,892 यूनिट रहा, जिससे कुल सेल्स 52,100 यूनिट हुई. इसमें 21 प्रतिशत की गिरावट आई है. फिर भी अप्रैल-सितंबर में कुल ट्रैक्टर वॉल्यूम 2,74,068 यूनिट रहा और 7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है.