Last Updated:
Shimla News: हिमाचल प्रदेश के सीएम सुक्खू ने शिमला के रोहड़ू के पीएम श्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल में छात्रों से संवाद किया. उन्होंने स्कूल में सुविधाओं की कमी पर 2 करोड़ की घोषणा की और हिमाचल को आत्मनिर्भर व देश का सबसे अमीर राज्य बनाने का है.
रोहड़ू में पीएम श्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल (सीबीएसई) में छात्रों से सीएम सुक्खू ने गुरुवार को संवाद किया.
शिमला. हिमाचल प्रदेश के शिमला के रोहड़ू में पीएम श्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल (सीबीएसई) में छात्रों से सीएम सुक्खू ने गुरुवार को संवाद किया.इस दौरान सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू से कई बच्चों ने सवाल पूछे. स्कूल में सुविधाओं की कमी को लेकर एक छात्रा के सवाल पर सीएम ने 2 करोड़ की घोषणा की. इससे पहले, बाजे गाजे के साथ सीएम का रोहड़ू में स्वागत किया गया. हिमाचल में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूलों में सुविधाओं को लेकर सीएम ने कहा कि इन स्कूलों के लिए एसओपी बन रहे हैं, अगले शैक्षणिक सत्र से स्मार्ट क्लासरूम समेत सभी सुविधाएं मिलेंगी.
एक छात्र ने खेलों के लिए कोच और अन्य सुविधाओं की मांग की तो सीएम ने आश्वासन दिया. एक अन्य छात्र ने पूछा– आपने स्कूलों में टीचर्स को स्टूडेंट्स को मारने से क्यों मना किया है. इस पर सीएम सुक्खू ने जवाब में कहा– जब हम स्कूल में पढ़ते थे तो हमें भी टीचर मारते थे, टीचर्स की डांट से ही यहां तक पहुंचा हूं, अब स्कूल टीचर्स बच्चों को मारे न प्यार से समझाएं और प्यार से डांटे, थोड़ा बहुत कान भी पकड़ सकते हैं.
एक छात्रा ने कम से पूछा कि आपने सीएम बनने के लिए कौन-कौन सी कठिन चुनौतियों का सामना किया. इसके जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी चुनौती आसान नहीं होती है, हर चुनौती मुश्किल होती है लेकिन लगन से और मेहनत के साथ फोकस होकर काम करने से हर चुनौती पर की जा सकती है.
एक छात्र ने रोहड़ू शहर की समस्या को लेकर सीएम से पूछा–यहां हिमुडा कॉलोनी में बरसात के समय कीचड़ ही कीचड़ हो जाता है, जिससे चलना फिरना भी मुश्किल हो जाता है और गर्मियों में यह कीचड़ धूल में बदल जाता है जिससे स्वास्थ्य संबंधी भी परेशानियां होती हैं. शहरों में यह हाल है तो दूर दराज के इलाकों में क्या होता होगा, आप व्यवस्था परिवर्तन की बात कहते हैं लेकिन यह कैसा व्यवस्था परिवर्तन है, रोहड़ू का व्यवस्था परिवर्तन कब होगा?
सीएम सुक्खू से सवाल पूछती छात्रा.
सीएम सुक्खू ने इसके जबाव में कहा– जब समस्या ध्यान में आएगी तभी व्यवस्था परिवर्तन होगा. आपने इस समस्या को ध्यान में लाया है इसका समाधान किया जाएगा,. यहां के एमएलए के ध्यान में भी यह समस्या लाया करो. एक छात्र ने मुख्यमंत्री से पूछा कि अब आपका सपना क्या है तो सीएम सुक्खू ने कहा– मेरा सपना हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाना और देश का सबसे अमीर राज्य बनाना है.
रोहड़ू में कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चे.
सीएम ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आज पीएम श्री स्कूल रोहड़ू में बच्चों के साथ संवाद किया. बच्चों के सवालों में मासूमियत, शरारत और भविष्य को लेकर बड़ी सोच है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लेकर स्कूल में आधुनिक संसाधनों की जरूरत, शिक्षकों द्वारा मार-फटकार न किए जाने की शिकायत और राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल को लेकर उत्साह- बच्चों ने अनेक विषयों पर अपनी बात रखी. मुझे मोबाइल बंद कर कुल्लू-मनाली घूमने जैसे सवालों ने माहौल को और खुशनुमा बना दिया. बच्चों के बेबाकी से पूछे गए सवालों पर हम गंभीरता से विचार करेंगे. मेरा मानना है कि अच्छा स्कूल वही है, जहाँ बच्चे पढ़ने के साथ-साथ खुलकर सवाल पूछें. छात्रा की माँग पर नई बिल्डिंग के लिए 2 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी और स्कूल में आवश्यक सुविधाएँ भी सुनिश्चित करेंगे. बच्चों से समय-समय पर संवाद करना और उनके माध्यम से स्कूली हकीकत को समझना बेहद जरूरी है.